1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Arijit Singh Restaurant: अरिजीत सिंह का रेस्टोरेंट, जहां 40 रुपये में मिलता है भर पेट खाना, मुंबई की भीड़ से दूर यहां खुला है

Arijit Singh Restaurant: अरिजीत सिंह का रेस्टोरेंट, जहां 40 रुपये में मिलता है भर पेट खाना, मुंबई की भीड़ से दूर यहां खुला है

Arijit Singh Restaurant: अरिजीत सिंह ने घोषणा की है कि वे अब नए प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे, यानी उन्होंने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट ले लिया है। हालांकि वे अपने पेंडिंग प्रोजेक्ट पूरे करेंगे और स्वतंत्र रूप से संगीत बनाना जारी रखेंगे।

arijit singh- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ARIJITSINGH अरिजीत सिंह।

अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से विदा लेने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए प्रशंसकों के साथ यह खबर साझा की। भारतीय फिल्म संगीत की सबसे जानी-पहचानी आवाजों में से एक, अरिजीत सिंह ने वर्षों से मिले प्यार और समर्थन के लिए अपने फैंस का आभार व्यक्त किया और पुष्टि की कि वह प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया प्रोजेक्ट नहीं लेंगे, जो उनके करियर में एक बड़ा बदलाव है। अरिजीत आज के समय के सबसे पसंदीदा सिंगर्स में से हैं, लेकिन अपने गानों के इतर भी उन्होंने अपने कुछ कदम से फैंस के दिल जीते हैं, जिनमें से एक उनका रेस्टोरेंट खोलने का भी फैसला था। ऐसा रेस्टोरेंट, जिसमें सिर्फ 40 रुपये में भरपेट खाना मिलता है।

अरिजीत सिंह का रेस्टोरेंट

बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी रेस्टोरेंट लाइन में पहले से ही हैं। शिल्पा शेट्टी, अनुष्का शर्मा, सुनील शेट्टी और मलाइका अरोड़ा सहित कई कलाकारों के रेस्टोरेंट हैं, जिनमें काफी महंगा खाना मिलता है। इन कलाकारों के रेस्टोरेंट काफी फैंसी और एलीट क्लास को ध्यान में रखते हुए खोले गए हैं, लेकिन अरिजीत सिंह ने एक ऐसा रेस्टोरेंट खोला, जो आम लोगों और गरीबों के लिए बजट फ्रेंडली है। अरिजीत सिंह के रेस्टोरेंट में सिर्फ 40 रुपये में भरपेट खाना मिलता है, जो इसकी सबसे बड़ी खासियत है।

कहां है अरिजीत सिंह का रेस्टोरेंट

अरिजीत सिंह के रेस्टोरेंट का नाम 'हेशेल' (Heshel) है, जो मुंबई से कोसों दूर सिंगर के होमटाउन मुर्शिदाबाद में खुला है। अरिजीत सिंह का ये रेस्टोरेंट समाज सेवा की तरफ उनका कदम था, जिसके बारे में जानने के बाद लोगों ने सिंगर की काफी तारीफ भी की। वैसे तो इस होटल को अरिजीत सिंह के पिता गुरदयाल सिंह संभालते हैं, लेकिन खुद सिंगर भी काफी एक्टिवली इस रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट पर नजर बनाए रहते हैं। इस रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज दोनों तरह का खाना मिलता है। अरिजीत सिंह के इस रेस्टोरेंट का उद्देश्य लोगों को एक किफायती दाम पर सम्मान के साथ खाना उपलब्ध कराना है। यही वजह है कि उनके इस कदम की काफी तारीफ भी हो रही थी।

अरिजीत सिंह ने किया रिटायरमेंट का ऐलान

फिलहाल अरिजीत सिंह अपने रिटायरमेंट के ऐलान को लेकर सुर्खियों में हैं। सिंगर ने हाल ही में एक पोस्ट के जरिए ऐलान किया कि वह प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट ले रहे हैं। यानी अब वह फिल्मों के लिए गाने नहीं गाएंगे। उनके इस फैसले से उनके फैंस काफी मायूस हैं। सोशल मीडिया पर भी यूजर उनके पोस्ट पर कमेंट करते हुए उनके इस फैसले की वजह पूछ रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास, लिखा- 'यहीं खत्म कर रहा हूं', पोस्ट देख फैंस हुए हैरान
कितने पैसे वाले हैं साधारण जिंदगी जीने वाले अरिजीत सिंह? संन्यास लेने से पहले ही बन चुके हैं इतने करोड़ के मालिक

Latest Bollywood News