कई बार जिंदगी में कुछ ऐसी घटनाएं घट जाती हैं, जिनसे बाहर निकलना मुश्किल होता है। बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी भी अपनी जिंदगी में ऐसे दौर से गुजर चुके हैं। ये वो समय था, जब उनकी मां बीमार थीं और वह चाहकर भी उन्हें पानी नहीं दे पाए थे और इसके बाद उनकी मां इस दुनिया को छोड़कर चली गईं। अरशद वारसी तब काफी छोटे थे, जब उनके पिता का निधन हो गया था और फिर उनकी मां भी इस दुनिया को छोड़कर चली गईं। अभिनेता ने अपनी मां को खोने के दर्द को याद करते हुए बताया था कि कैसे वह पूरी दुनिया के सामने मजबूत दिखने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब भी जब कभी उन्हें अपनी मां के आखिरी पल याद आते हैं तो उनकी आंखें भर आती हैं।
8वीं क्लास में चले गए थे बोर्डिंग स्कूल
राज शमानी के पॉडकास्ट में बात करते हुए अरशद वारसी ने अपनी मां के आखिरी पलों को याद किया था। एक्टर ने इस दौरान अपनी जिंदगी के सबसे डरावने अनुभव के बारे में बात करते हुए अपनी मां के निधन के बारे में बताया। उन्होंने खुलासा किया कि उनके पास परिवार से जुड़ी ज्यादा यादें नहीं हैं, क्योंकि उनका ज्यादातर समय बोर्डिंग स्कूल में बीता है। उन्होंने कहा- 'जब भी बचन के दिनों की बात होती है तो मुझे अपने परिवार से ज्यादा स्कूल के दिन याद हैं, क्योंकि मैं 8 साल की उम्र में ही बोर्डिंग स्कूल चला गया था।'
आखिरी पलों में पानी मांगती रहीं मां
अरशद वारसी ने बातचीत के दौरान अपनी मां को याद किया और बताया कि एक ऐसी याद है जो आज भी उन्हें सताती है। उन्होंने बताया कि कैसे उनके पिता के निधन के बाद उनकी मां की भी किडनी फेल हो गई थीं, जिसके चलते वह डायलिसिस पर थीं। एक्टर ने कहा- 'मेरी मां एक सिंपल गृहिणी थीं। वो बहुत अच्छा खाना बनाती थीं। उन्हें किडनी फेलियर था और वो डायलिसिस पर थीं। डॉक्टर्स ने कहा था कि उन्हें पानी नहीं देना है, लेकिन वो बार-बार पानी मांग रही थीं। मैं बार-बार मना करता रहा। जिस रात उनका निधन हुआ, उस रात भी वह पानी मांग रही थीं, लेकिन मैं उन्हें पानी नहीं दे पाया।'
आज भी सताता है ये डर
अरशद ने आगे कहा था- 'वह मुझे बार-बार पुकार रही थीं तो मैं उनके पास जाकर बैठ गया। वो पानी मांग रही थीं, तो मैंने कहा- नहीं डॉक्टर ने मना किया है। और फिर वो चल बसीं। इस घटना ने मुझे तोड़ दिया। मैं अंदर से टूट गया था। सोच रहा था, पानी दूं या ना दूं। कहीं ना कहीं आज भी मेरे अंदर एक छोटा सा हिस्सा है, जो मुझे इस बात की सांत्वना देता है और ठीक महसूस कराता है कि ठीक हुआ मैंने पानी नहीं दिया। अगर पानी दे देता और वह इसके बाद गुजर जातीं तो मेरी बाकी की जिंदगी इसी सोच में गुजर जाती कि मैंने पानी दिया, इसलिए वो गुजर गईं।'
अरशद वारसी की हालिया फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो अरशद वारसी पिछले दिनों 'जॉली एलएलबी 3' में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार भी लीड रोल में थे। अब अरशद 'धमाल 4' और 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आएंगे और ये दोनों ही फिल्में 2026 में रिलीज होने वाली हैं।
ये भी पढ़ेंः 2 महीने से बकाया है करिश्मा की बेटी समायरा की फीस, सुनकर जज ने लगाई फटकार- 'कोर्ट में मेलोड्रामा नहीं चाहिए'
दिलीप कुमार का पहला प्यार... जिसने बहन के पति से रचाया था ब्याह, दर्दभरी है कहानी
Latest Bollywood News