1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'बंटवारा 1947' को पीछे छोड़ आगे निकली 'आवारापन 2', 100 करोड़ के करीब पहुंची इमरान हाशमी की फिल्म

'बंटवारा 1947' को पीछे छोड़ आगे निकली 'आवारापन 2', 100 करोड़ के करीब पहुंची इमरान हाशमी की फिल्म

बॉक्स ऑफिस पर तीसरे दिन 'आवारापन 2' के मुकाबले 'बंटवारा 1947' को ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। इमरान हाशमी की फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही, जबकि सनी देओल की फिल्म की ऑक्यूपेंसी उम्मीद से कम रही।

batwara 1947 Awarapan 2- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@IAMSUNNYDEOL,THEREALEMRAAN बंटवारा 1947 और आवारापन 2

इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक थी। हालांकि, इसका पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर हिट नहीं हुआ था, लेकिन समय के साथ दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई। खासकर इसके म्यूजिक की वजह से, जो काफी मशहूर हो गए। ऐसे में फिल्म के सीक्वल को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज होना जायज है, जिसका असर इसकी शानदार कमाई पर भी साफ नजर आ रहा है। फिल्म ने पहले ही दिन 'आवारापन' के लाइफटाइम कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं सनी देओल की 'बंटवारा 1947' की कमाई निराशाजनक रही है।

आवारापन 2 ने तीसरे दिन कमाए 26 करोड़

'आवारापन 2' को इंडिपेंडेंस डे वीकेंड का भी फायदा मिला और सैकनिल्क के अनुसार इसने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन इसमें 55 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और इसने 33.75 करोड़ रुपये कमाए। शनिवार को इसके शो की संख्या भी बढ़ाई गई थी, जहां पहले दिन फिल्म के 9033 शो थे। वहीं दूसरे दिन कुल 10,496 शो हुए, जिससे कमाई में बढ़ोतरी हुई। रविवार को फिल्म के शो की संख्या घटाकर 9403 कर दी गई। इस वजह से इसकी कमाई में भी गिरावट आई और इसने पहले रविवार को 26 करोड़ रुपये कमाए।

बंटवारा 1947 की कमाई में तीसरे दिन आई गिरावट

इसके साथ ही भारत में फिल्म 'आवारापन 2' का अब तक का कुल कलेक्शन 81.75 करोड़ रुपये हो गया है। असली परीक्षा सोमवार को होगी कि क्या फिल्म अपनी पकड़ बनाए रख पाती है या नहीं। चौथे दिन के आंकड़े यह तय करने में अहम होंगे कि बाकी हफ्ते में फिल्म का प्रदर्शन कैसा रहेगा, लेकिन 'आवारापन 2' ने 'बंटवारा 1947' को काफी पीछे छोड़ दिया है। सनी देओल की इस फिल्म ने तीसरे दिन सिर्फ 7.25 करोड़ रुपये कमाए थे। इस फिल्म का कुल कलेक्शन अब 26.50 करोड़ रुपये हो गया है।

100 करोड़ की ओर आवारापन 2

तीसरे दिन 'आवारापन 2' ने 9,403 शो में 26.00 करोड़ की नेट कमाई की, जिससे भारत में इसकी कुल ग्रॉस कमाई 98.10 करोड़ और नेट कमाई 81.75 करोड़ हो गई। इसके साथ ही यह फिल्म भारत में 100 करोड़ क्लब में शामिल होने से अब बस 1.90 करोड़ दूर है। ऐसे में 'आवारापन 2' साल 2026 की आठवीं हिट रोमांटिक बॉलीवुड फिल्म बन गई है। यह 'बॉर्डर 2', 'द केरला स्टोरी 2', 'धुरंधर 2', 'भूत बंगला', 'हॉन्टेड 3D: इकोज़ ऑफ़ द पास्ट', 'वेलकम टू द जंगल' और 'धमाल 4' जैसी फिल्मों की खास लिस्ट में शामिल हो गई है।

ये भी पढ़ें - 'आवारापन 2' के सिर सजा बॉक्स ऑफिस का ताज, पीछे छूटी 'बंटवारा 1947', पहले दिन ही इमरान की फिल्म ने की 4 गुना कमाई

Latest Bollywood News