बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी मिलने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता को धमकी भरा मैसेज भेजने वाले आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाले फिल्मी सितारों को अलग-अलग तरीकों से धमका रहा था। इस मामले में अभिनेता तुषार कपूर का नाम भी सामने आया है, जिन्हें भी धमकी भरा मैसेज भेजा गया था।
बेंगलुरु से गिरफ्तार हुआ आरोपी
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने आयुष्मान खुराना के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी धमकी भरे मैसेज भेजे थे। जांच में सामने आया है कि वह पिछले कुछ दिनों से फिल्मी सितारों को निशाना बना रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने किन-किन लोगों को धमकियां दी थीं और इसके पीछे उसका मकसद क्या था।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से नहीं है कोई संबंध
इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि आरोपी वैभव मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। दरअसल आयुष्मान खुराना को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो क्लिप में मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया था। ऑडियो में अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग भी की गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका बिश्नोई गैंग से कोई कनेक्शन नहीं मिला है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। उस मामले में मैसेज भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी। इससे पहले टाइगर श्रॉफ पर भी हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी भी लॉरेंस गैंग ने ली थी। मामले में अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और तेजी से जांच चल रही हैं। इसके अलावा एक मेल के जरिए अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद अमिताभ बच्चन की सिक्योरिटी भी बढ़ा दी गई।
फिलहाल मुंबई पुलिस दोनों मामलों को ध्यान में रखते हुए ऐसे लोगों या गिरोह की पहचान करने में जुटी है, जो बड़े फिल्मी सितारों को धमकी देकर डर और दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर इस तरह की हरकत कर रहा है। आयुष्मान खुराना को मिली धमकी की जांच जारी है और अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
इस फिल्म में आए नजर
बता दें, आखिरी बार आयुष्मान खुराना सारा अली खान के साथ 'उड़ता तीर' में नजर आए। फिल्म में उनके काम की तारीफ हुई। इस कॉमेडी ड्रामा में एक्टर एक पाकिस्तानी एजेंट के रोल में थे जो अपनी यादाश्त खो देता है।
ये भी पढ़ें: 'मन कहता है हां, लेकिन शरीर कहता है ठहरो', सब आजमाने के बाद भी अमिताभ बच्चन को रात-रात भर नहीं आ रही नींद, बयां किया उम्र का तकाजा
Latest Bollywood News