1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फैमिली में नहीं एक भी सुपरस्टार, लेकिन बच्चन, कपूर और तीनों खान से दौलतमंद है ये परिवार, कभी बेचता था फल

फैमिली में नहीं एक भी सुपरस्टार, लेकिन बच्चन, कपूर और तीनों खान से दौलतमंद है ये परिवार, कभी बेचता था फल

आपको जानकर हैरानी होगी कि बॉलीवुड के सबसे रईस परिवार में एक भी सुपरस्टार नहीं है और नेटवर्थ के मामले में इनके आगे बच्चन परिवार, कपूर खानदान या तीनों खानों में से कोई टक्कर में नहीं है। चलिए जानते हैं बॉलीवुड के सबसे अमीर परिवार के बारे में।

bhushan kumar- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM ये है बॉलीवुड का सबसे अमीर परिवार।

फिल्मी दुनिया में अब तक कई परिवार अपना कब्जा जमा चुके हैं। ऐसे कई परिवार हैं जिनकी दूसरी और तीसरी पीढ़ी दर्शकों पर अपना जादू चला रही है। ये परिवार पीढ़ी दर पीढ़ी दर्शकों को मनोरंजन परोस रहे हैं। जब भी बॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित परिवारों की बात होती है तो कपूर खानदान का नाम लिया जाता है, जिसने हिंदी सिनेमा को एक दो नहीं कई स्टार दिए हैं। वहीं बच्चन परिवार की तीसरी पीढ़ी भी अब फिल्मी दुनिया में कदम रख चुकी है। अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने 2024 में अपना डेब्यू किया था। यही नहीं, जब बॉलीवुड के सबसे रईस परिवार की बात आती है तो कपूर, बच्चन और इंडस्ट्री के तीनों खानों का जिक्र होता है, लेकिन असल में तो फिल्मी दुनिया का सबसे अमीर परिवार तो कोई और ही है। क्या आप बॉलीवुड के सबसे रईस परिवार के बारे में जानते हैं?

ये है फिल्मी दुनिया का सबसे अमीर परिवार

ये परिवार कई सालों से फिल्म जगत में खुद को स्थापित किए हुए है, जबकि एक समय ऐसा था जब ये परिवार फल बेचकर गुजारा किया करता था। हम बात कर रहे हैं हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार और कृष्ण कुमार की। जी हां, ये परिवार बॉलीवुड का सबसे अमीर परिवार है, जबकि इस परिवार में एक भी सुपरस्टार नहीं है। भले ही इस परिवार में एक भी सुपरस्टार नहीं है, लेकिन अमीरी के मामले में इनके आगे कोई नहीं टिकता है। कई कलाकारों की किस्मत चमकाने वाले इस परिवार में एक भी बड़ा एक्टर नहीं है, इसके बाद भी कमाई के मामले में इनके आगे बड़े-बड़े सुपरस्टार भी नहीं टिकते।

चौंका देगी नेटवर्थ

भूषण कुमार के परिवार की संपत्ति की बात करें तो इनकी कुल संपत्ति 10 हजार करोड़ रुपये है। हुरुन इंडिया रिचेस्ट लिस्ट 2024 में भूषण कुमार के परिवार को सिनेमा जगत का सबसे अमीर परिवार बताया गया है। वैसे तो इस लिस्ट में कई अन्य फिल्मी परिवारों ने भी जगह बनाई थी, लेकिन भूषण कुमार का परिवार सबसे आगे रहा। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के अनुसार, भूषण कुमार के परिवार की नेटवर्थ 10,000 करोड़ (1.2 बिलियन डॉलर से अधिक) बताई गई है। एक समय था जब बॉलीवुड के सबसे अमीर परिवार का टैग यशराज फिल्म्स के मालिक यश चोपड़ा के परिवार के पास था। लेकिन, अब चोपड़ा परिवार भूषण कुमार के परिवार से इस मामले में पिछड़ चुका है। आदित्य चोपड़ा की कुल संपत्ति 8 हजार करोड़ आंकी गई है, वहीं शाहरुख खान 7,800 करोड़ के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

Image Source : Instagramबहनों और चाचा कृष्ण कुमार के साथ भूषण कुमार

कभी दिल्ली की सड़कों पर बेचते थे फल

बता दें, भूषण कुमार के परिवार में उनकी पत्नी दिव्या खोसला कुमार और दो बहनें तुलसी, खुशाली कुमार और एक्टर से प्रोड्यूसर बने चाचा कृष्ण कुमार का परिवार शामिल है। भूषण कुमार खुद तो फिल्मी पर्दे से दूर रहे हैं, लेकिन उनकी पत्नी दिव्या खोसला कुमार और बहन खुशाली कुमार अपनी एक्टिंग से दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी हैं। वहीं टी-सीरीज की बात करें तो भूषण कुमार के पिता गुलशन कुमार ने सालों पहले टी-सीरीज की स्थापना की थी, जो फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले फल बेचा करते थे। इसके बाद उन्होंने कैसेट बेचने का काम शुरू किया और देखते ही देखते उन्होंने अपने रिकॉर्ड लेबल की शुरुआत की।

Latest Bollywood News