1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नीली साड़ी, हाथ में सिगरेट और चेहरे पर रौब, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में विद्या बालन का नया अवतार, सामने आया ‘कंथा’ का दमदार फर्स्ट लुक

नीली साड़ी, हाथ में सिगरेट और चेहरे पर रौब, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में विद्या बालन का नया अवतार, सामने आया ‘कंथा’ का दमदार फर्स्ट लुक

रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में विद्या बालन की एंट्री हो गई है। मेकर्स ने कंथा के किरदार में उनका फर्स्ट लुक जारी किया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती और एसजे सूर्या भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

vidya balan- India TV Hindi
Image Source : SUN TV YOUTUBE विद्या बालन।

सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म के मेकर्स धीरे-धीरे इसके नए किरदारों से पर्दा उठा रहे हैं। एसजे सूर्या को बोधि और सूरज वेंजारामूडु को दिलीप के रूप में पेश करने के बाद अब मेकर्स ने विद्या बालन का फर्स्ट-लुक कैरेक्टर टीजर जारी किया है। फिल्म में विद्या ‘कंथा’ नाम का किरदार निभाती नजर आएंगी। हालांकि उनके किरदार की कहानी में असली भूमिका अभी सामने नहीं आई है, लेकिन टीजर में उनका अंदाज काफी दमदार दिखाई दे रहा है।

साड़ी में दिखा विद्या का अलग अंदाज

बॉलीवुड एक्ट्रेस विद्या बालन के कैरेक्टर रिवील वीडियो में उनका लुक काफी अलग नजर आ रहा है। वह नीली साड़ी और काले ब्लाउज में दिखाई देती हैं। हाथ में सिगरेट लिए विद्या सीढ़ियों से नीचे उतरती हैं और एक कमरे में दाखिल होती हैं। कुछ सेकंड के इस वीडियो में उनके किरदार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज और स्क्रीन प्रेजेंस से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कंथा फिल्म में एक प्रभावशाली किरदार हो सकती हैं। वीडियो में अनिरुद्ध रविचंदर का बैकग्राउंड म्यूजिक भी माहौल को और रहस्यमय बनाता है। मेकर्स ने जानबूझकर कंथा के बैकग्राउंड और कहानी से जुड़े अहम हिस्सों को फिलहाल छिपाकर रखा है।

मिथुन चक्रवर्ती की बेटी बनेंगी विद्या?

फिल्म में विद्या बालन के किरदार को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विद्या फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती की बड़ी बेटी का किरदार निभा सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मिथुन फिल्म में मुख्य विलेन की भूमिका में नजर आएंगे और उनका सामना रजनीकांत के किरदार मुथुवेल पांडियन से होगा। अगर ये रिपोर्ट सही साबित होती हैं तो विद्या का किरदार फिल्म की कहानी में एक महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिर मुथुवेल पांडियन बनेंगे रजनीकांत

‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर मुथुवेल पांडियन के किरदार में वापसी कर रहे हैं। पहली फिल्म ‘जेलर’ साल 2023 में रिलीज हुई थी और तमिल सिनेमा की बड़ी सफल फिल्मों में शामिल रही। फिल्म की कहानी एक रिटायर्ड जेलर मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द घूमती थी, जिसकी शांत जिंदगी उस वक्त बदल जाती है जब उसका बेटा लापता हो जाता है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी पहली फिल्म ने भारत में करीब 348.55 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में करीब 604.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। अब सीक्वल से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं।

पुराने कलाकारों के साथ नई स्टारकास्ट

‘जेलर 2’ में पहली फिल्म के कई कलाकार भी वापसी कर रहे हैं। इनमें रम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक जैसे नाम शामिल हैं। वहीं सीक्वल में एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु, अन्ना राजन और जतिन सरना जैसे नए कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म की कास्ट को देखते हुए मेकर्स ने इस बार कहानी का दायरा काफी बड़ा किया है। रजनीकांत के साथ इन कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है।

कैमियो को लेकर भी लगाए जा रहे हैं कयास

‘जेलर 2’ में कुछ बड़े स्टार्स के कैमियो की खबरें भी सामने आती रही हैं। रिपोर्ट्स में मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन जैसे नामों का जिक्र किया गया है। हालांकि, इन सभी कैमियो को लेकर मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए इन खबरों को फिलहाल रिपोर्ट्स तक ही सीमित माना जा रहा है।

15 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म

विद्या बालन के रूप में फिल्म के एक और अहम किरदार का खुलासा होने के बाद ‘जेलर 2’ को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। फिल्म की कहानी और कंथा का असली रोल अभी पर्दे में है। नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। अब देखना होगा कि विद्या बालन का किरदार रजनीकांत और मिथुन चक्रवर्ती की कहानी में किस तरह की भूमिका निभाता है।

ये भी पढ़ें: नीम करोली बाबा की बेटी ने 15 बार देखी ‘हनुमान अंश’, हर बार छलक पड़े आंसू, सामने आया खास अनुभव

Latest Bollywood News