गुरुवार, 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। श्रद्धा और आस्था से भरे मां भगवती की आराधना वाले इस पावन पर्व पर माता दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। श्रद्धालु माता को प्रसन्न करने के लिए कई उपाय करते हैं। नवरात्रि के दौरान श्रद्दालु खासतौर पर देवी माता के भजन पूरे श्रद्धा भाव के साथ सुनते हैं। पूरे देश में चैत्र नवरात्रि की तैयारी हो चुकी है और इस माता के आगमन की तैयारियों के बीच सांसद व भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी ने अपना देवी गीत रिलीज कर दिया है। मनोज तिवारी ने अपने माता गीत में जन्म देने वाली मां में ही देवी मैया के सभी नौ रूपों को दिखाया गया है। मनोज तिवारी के पहले चैत्र नवरात्रि भक्ति गीत के बोल 'ममता की छांव' हैं, जो रिलीज हो चुका है।
मां में दिखाए देवी मां के नौ रूप
मनोज तिवारी के रिलीज हुए इस लेटेस्ट देवी गीत में जन्म देने वाली मां में माता के नौ रूपों को दिखाया गया है और एक बहुत ही खूबसूरत कहानी पेश की गई है। इस गाने के जरिए बताया गया है कि कैसे माएं जन्म देने के साथ ही अपनी आखिरी सांस तक बच्चों की देखभाल करती है और उनके लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देती है। देवी गीत में मनोज तिवारी देवी मैया से प्रार्थना करते हैं कि जब भी वह सुबह अपनी आंखें खोलें तो सबसे पहले अपनी जन्म देने वाली मां का चेहरा देखें। वो मां, जो उन्हें इस संसार में लेकर आई और यहां रहने के योग्य बनाया। इस गीत के जरिए बताया गया है कि कैसे मांएं अपने बच्चे की हर मुश्किल घड़ी में उनका साथ देती हैं, उन्हें सिखाती हैं और योग्य बनाती हैं।
मनोज तिवारी ने दी गाने को आवाज
'ममता की छांव' को मृदुल भक्ति टीवी पर रिलीज किया गया है। गाने की खास बात ये है कि मनोज तिवारी ने इस गाने को गीतकार डी ब्रूक के साथ मिलकर गाया है। इस भक्ति सॉन्ग को वीके बीट्स ने संगीत दिया है और इसके प्यारे और खूबसूरत बोल भी मनोज तिवारी ने ही लिखे हैं। डी ब्रूक द्वारा कम्पोज किए गए गाने के बोल हैं- "ममता भी तू, शक्ति भी तू, मां भी तू, जगदंबा भी तू, यह कहानी सिर्फ मेरी नहीं बल्कि हर उस बेटे की है जिसके लिए उसकी मां ही उसकी दुनिया है।'
राजनीति में भी सक्रिय हैं मनोज तिवारी
बता दें, भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार होने के साथ-साथ मनोज तिवारी राजनीति की दुनिया का भी जाना-माना नाम हैं। भोजपुरी सुपरस्टार, उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। वहीं उनके भोजपुरी फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर में उन्होंने कई हिट गाने गाए हैं, जो आज भी फैंस के बीच गूंजते हैं। उनके हिट गानों में कई देवी गीत भी शामिल हैं। उन्होंने 'मईया लाले रंगवा ना,' 'चल विन्ध्याचल में,' 'शीतला भवानी हे मईया,' 'निमिया के डाढ़ मईया' और 'पहाड़े बइठइं ना' जैसे खूबसूरत और हिट भक्ति गीत गाए हैं, जिन्हें आज भी बेहद पसंद किया जाता है।
ये भी पढ़ेंः 4 साल पहले रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म, 130 करोड़ के बजट में कमाए मात्र 73 करोड़, IMDb रेटिंग देख होगी हैरान
Dhurandhar 2 के मेकर्स को लगा बड़ा झटका, आखिरी 2 घंटों में कई प्रीमियर शो रद्द, वजह आई सामने
Latest Bollywood News