लोकेश कनगराज द्वारा निर्देशित रजनीकांत की क्राइम ड्रामा फिल्म 'कुली' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए कमाई के मामले में कई फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इतना ही नहीं भारत में 'कुली' ने चार दिनों में 185.98 करोड़ कमा लिए। फिल्म ने अपने पहले वीकेंड पर दमदार प्रदर्शन किया। बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कमाई करते हुए यह फिल्म थलाइवा के लिए सबसे बड़ी वीकेंड ओपनर बन गई है।
वीकेंड ओपनर में नंबर 1 पर रही रजनीकांत की कुली
सन पिक्चर्स द्वारा निर्मित भारी बजट वाली 'कुली' ने तमिल बॉक्स ऑफिस पर पहले तीन दिनों में 75.50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। 28.25 करोड़ रुपये से शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने दूसरे दिन 25.25 करोड़ रुपये और कमाए। तीसरे दिन इसने 22 करोड़ रुपये की और कमाई की, जिसके साथ वीकेंड का अंत धमाकेदार रहा। 'कुली' गुरुवार को रिलीज हुई, जिसके कारण इसे 4 दिन से बॉक्स ऑफिस फायदा मिल रहा है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, अब उम्मीद है कि फिल्म अपने चौथे दिन 19 से 20 करोड़ रुपये और कमा लेगी। तमिलनाडु में इस फिल्म की चार दिनों की वीकेंड कमाई लगभग 94 से 95 करोड़ रुपये होगी।
कुली ने इन फिल्मों को चटाई धूल
अपने तीन दिन के कलेक्शन के साथ 'कुली' ने रजनीकांत की सभी पिछली रिलीज जैसे 'अन्नात्थे', 'जेलर', 'वेट्टैयान' और 'कबाली' के शुरुआती वीकेंड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। मौजूदा रुझानों को देखते हुए 'जेलर' रजनीकांत की सबसे ज्यादा ओपनिंग वीकेंड कमाई करने वाली तमिल फिल्मों में अपना नंबर 1 स्थान बरकरार रख सकती है। देखते हैं कि 'कुली' वीकडेज में कैसा प्रदर्शन करती है।
कुली का धमाका
'कुली' सिनेमाघरों में 4 दिनों से लगी हुई है। भारतीय सिनेमा के थलाइवा यानी रजनीकांत के अभिनय करियर के 50 साल पूरे होने पर इस फिल्म को रिलीज किया गया था। फिल्म में नागार्जुन, श्रुति हासन, सौबिन शाहिर और उपेंद्र जैसे कलाकारों की एक बड़ी टोली है। साथ ही इसमें सुपरस्टार आमिर खान का कैमियो रोल भी है।
Latest Bollywood News