A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड Dhurandhar 2 advance booking: 'पठान'-'RRR' को धूल चटा कर आगे निकली रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2', रिलीज से पहले ही लगाई सेंचुरी

Dhurandhar 2 advance booking: 'पठान'-'RRR' को धूल चटा कर आगे निकली रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2', रिलीज से पहले ही लगाई सेंचुरी

आदित्य धर की 'धुरंधर 2' एडवांस बुकिंग में इतिहास रच रही है। ₹120 करोड़ की वैश्विक प्री-सेल्स और रणवीर सिंह के दमदार अभिनय के साथ, यह स्पाई थ्रिलर 'दंगल' का रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ चुकी है। 19 मार्च को रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाएगी।

Dhurandhar 2 Advance Booking - India TV Hindi Image Source : STILL FROM TRAILER रणवीर सिंह।

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर ऐतिहासिक हलचल देखने को मिल रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर: द रिवेंज' अपनी रिलीज से महज तीन दिन पहले ही सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के साथ ही 6 मार्च को इसके प्रीव्यू शो की बुकिंग शुरू हो गई थी, लेकिन पिछले वीकेंड से जब फुल-फ्रेज एडवांस बुकिंग की शुरुआत हुई तो टिकट खिड़की पर मानो सुनामी आ गई। हर बीतते दिन के साथ यह फिल्म पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है।

प्रीव्यू शो में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

'धुरंधर 2' आधिकारिक तौर पर 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि 18 मार्च की शाम से इसके 'पेड प्रीव्यू' शो शुरू हो जाएंगे। ताजा आंकड़ों के अनुसार इस फिल्म ने घरेलू बाजार में प्रीव्यू शो के जरिए ₹32.44 करोड़ की शानदार कमाई कर ली है। इसके साथ ही इसने किसी भी भारतीय फिल्म के लिए सबसे बड़े प्रीमियर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पवन कल्याण की फिल्म 'OG' के नाम था, जिसने पिछले साल ₹25 करोड़ का बिजनेस किया था। जानकारों का मानना है कि बुधवार तक प्रीव्यू का यह आंकड़ा ₹40 करोड़ के पार पहुंच सकता है।

विदेशी बाजार में 'धुरंधर' का डंका

रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म का जादू केवल भारत में ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार भी सिर चढ़कर बोल रहा है। नॉर्थ अमेरिका में 'धुरंधर 2' ने प्री-सेल्स के मामले में 5 मिलियन डॉलर का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसा करने वाली यह पहली भारतीय फिल्म बन गई है। इस मामले में इसने 'पठान', 'RRR' और 'बाहुबली 2' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने उस क्षेत्र में लगभग 4 मिलियन डॉलर की कमाई की थी। वैश्विक स्तर पर फिल्म की एडवांस बुकिंग अब तक ₹120 करोड़ के आंकड़े को छू चुकी है। उम्मीद है कि रिलीज तक यह आंकड़ा ₹150 करोड़ से ₹200 करोड़ के बीच पहुंच जाएगा।

क्या टूटेगा 'दंगल' का रिकॉर्ड?

फिल्म की स्टार कास्ट इस बार और भी दमदार नजर आ रही है। रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और सारा अर्जुन मुख्य भूमिकाओं में हैं। पहले भाग के विलेन रहे अक्षय खन्ना के कैमियो को लेकर भी प्रशंसकों में काफी उत्साह है। फिल्म का पहला भाग, जो पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुआ था, अब तक ₹1300 करोड़ की कमाई कर चुका है और आज भी कई सिनेमाघरों में चल रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि 'धुरंधर 2' वैश्विक स्तर पर ₹2000 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह फिल्म आमिर खान की 'दंगल' को पछाड़कर भारतीय सिनेमा के इतिहास में शीर्ष स्थान हासिल कर लेगी। कुल मिलाकर फिल्म की एडवांस बुकिंग और जबरदस्त बज को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि 'धुरंधर 2' भारतीय सिनेमा के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होने वाली है।

ये भी पढ़ें: गरीबी से पार पाने के लिए तय किया IIT बॉम्बे का सफर, फिर गणित के फॉर्मुले नहीं आए रास, अब बना OTT स्टार

'झूठी फिल्में बन रही हैं', तमतमाए नवाजुद्दीन सिद्दीकी, बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों को बताया Fake

Latest Bollywood News