A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फिर साथ आ रही 'धुरंधर' जोड़ी, रणवीर सिंह और आदित्य धर ने शुरू की 2027 की तैयारी, इस बार होगा और बड़ा धमाका

फिर साथ आ रही 'धुरंधर' जोड़ी, रणवीर सिंह और आदित्य धर ने शुरू की 2027 की तैयारी, इस बार होगा और बड़ा धमाका

रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी एक बार फिर नए प्रोजेक्ट के साथ धमाका करने को तैयार है। दोनों की जोड़ी पहले ही धुरंधर सीरीज में कमाल कर चुकी है।

Dhurandhar duo reunites Ranveer Singh Aditya Dhar - India TV Hindi
Image Source : ADITYA DHAR INSTAGRAM आदित्य धर और रणवीर सिंह।

भारतीय सिनेमा में कुछ जोड़ियां ऐसी होती हैं जो पर्दे पर आते ही सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर देती हैं। आदित्य धर और रणवीर सिंह की जोड़ी भी कुछ ऐसी ही साबित हुई है। साल 2025 में फिल्म 'धुरंधर' और 2026 में 'धुरंधर 2: द रिवेंज' की अभूतपूर्व सफलता के बाद अब यह सुपरहिट जोड़ी अपनी तीसरी फिल्म के लिए साथ आने की तैयारी कर रही है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार आदित्य धर एक नए और अनोखे स्टोरी आइडिया पर काम कर रहे हैं, जिसे लेकर वे काफी उत्साहित हैं। हालांकि अभी फिल्म की कास्टिंग प्रक्रिया जारी है, लेकिन फिल्म गलियारों में चर्चा है कि रणवीर सिंह एक बार फिर उनके मुख्य नायक हो सकते हैं।

लार्जर दैन लाइफ होगा प्रोजेक्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'उरी' और 'धुरंधर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले आदित्य धर अब अपने करियर के सबसे बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की योजना बना रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म 'हाई-कॉन्सेप्ट' और 'लार्जर दैन लाइफ' सिनेमा का अनुभव कराएगी। फिलहाल फिल्म की पटकथा पर काम चल रहा है और निर्देशक की योजना मार्च 2027 तक इसे फ्लोर पर ले जाने की है। हालांकि रणवीर सिंह के नाम पर अभी आधिकारिक मुहर लगनी बाकी है, लेकिन दोनों के बीच प्रोजेक्ट को लेकर शुरुआती बातचीत हो चुकी है। यदि सब कुछ सही रहा, तो 2027 के अंत या 2028 की शुरुआत में दर्शकों को एक और बड़ी हिट देखने को मिल सकती है।

'डॉन 3' के शोर के बीच नया धमाका

रणवीर सिंह का नाम आदित्य धर के इस प्रोजेक्ट से ऐसे समय में जुड़ा है, जब वे फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि रणवीर इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं होंगे, जिस पर फरहान अख्तर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। ऐसे में आदित्य धर के साथ उनकी संभावित फिल्म ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी के बाद दर्शक यह देखने को बेताब हैं कि यह जोड़ी अब किस नए विषय के साथ बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देगी।

आदित्य धर का संघर्ष और 'उरी' से मिली पहचान

दिल्ली के एक कश्मीरी पंडित परिवार में जन्मे आदित्य धर का फिल्म नगरी तक का सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। साल 2006 में मुंबई आने के बाद उन्होंने एक गीतकार और डायलॉग राइटर के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 'काबुल एक्सप्रेस' जैसी फिल्मों में गीत लिखे और प्रियदर्शन जैसे दिग्गज निर्देशकों के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म 'रात बाकी' थी, जिसमें फवाद खान मुख्य भूमिका में थे, लेकिन भारत-पाकिस्तान के तनाव के कारण वह फिल्म कभी नहीं बन पाई। इसके बाद 2019 में उन्होंने 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा, जिसने बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदल दिए।

सफलता का ट्रैक रिकॉर्ड

आदित्य धर ने अब तक निर्देशित अपनी तीनों फिल्मों 'उरी', 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' से साबित किया है कि वे दर्शकों की नब्ज पहचानते हैं। निर्देशन के अलावा उन्होंने 'आर्टिकल 370' और 'बारामुला' जैसी फिल्मों के जरिए एक सफल लेखक और निर्माता के रूप में भी खुद को स्थापित किया है। उनके पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि उनका आगामी 'हाई-कॉन्सेप्ट' प्रोजेक्ट भारतीय सिनेमा में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें: यदि आपको परफेक्ट हॉरर फिल्म देखनी ही है, तो फिर ये वाली देखिए, IMDb पर भी 8.8 है रेटिंग

'मिर्जापुर' से भी भौकाली क्राइम थ्रिलर सीरीज, IMDb पर तगड़ी रेटिंग, भयंकर सस्पेंस से भरे 8 एपिसोड, अब आ रहा दूसरा सीजन

Latest Bollywood News