दीया मिर्जा ने साल 2001 में 'रहना है तेरे दिल में' से अपना डेब्यू किया था, जिसके बाद से अब तक वह फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं। स्क्रीन पर अपनी ग्रेसफुल उपस्थिति से दर्शकों का दिल जीतने वालीं दीया सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखने के लिए भी मशहूर हैं। हाल ही में दीया मिर्जा ने अपने परिवार, बचपन और दिवंगत सौतेले पिता अहमद मिर्जा और अपनी जिंदगी में उनकी भूमिका के बारे में खुलकर चर्चा की। साथ ही साथ उन्होंने अपनी सौतेली बेटी समायरा रेखी को लेकर भी एक खुलासा किया और बताया कि आखिर उनकी सौतेली बेटी के फोन में उनका नंबर किस नाम से सेव था।
दीया मिर्जा की परी कथाओं पर राय
द ऑफिशियल पीपल ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में दीया मिर्जा ने सौतेले माता-पिता की भूमिका पर बात करते हुए बताया कि वह इस बात को लेक शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने बचपन में फेयरी टेल नहीं पढ़ीं। एक्ट्रेस का मानना है कि आमतौर पर परी कथाओं में सौतेले पिता या मां को खलनायक के रूप में दिखाया जाता है, जबकि उनकी जिंदगी का एक्सपीरियंस इससे बिलकुल जुदा है और वह कोशिश करती हैं कि उनकी बेटी समायरा का एक्सपीरियंस भी कुछ ऐसा ही हो।
समायरा के फोन में इस नाम से सेव था दीया मिर्जा का नंबर
दीया मिर्जा ने बताया कि उनकी सौतेली बेटी समायरा में फोन में उनका नंबर 'अभी तक दुष्ट सौतेली मां नहीं' नाम से सेव कर रखा था। दीया ने कहा- 'भगवान का शुक्र है कि बचपन में मैंने फेयरी टेल्स नहीं पढ़ीं। क्योंकि उनसे पूर्वाग्रहों का एक अलग ही सेट पैदा होता। इन फेयरी टेल में सौतेले पिता, सौतेली मां हमेशा बुरे होते हैं। परी कथाओं में ऐसा होता है, है ना।' इसी के साथ उन्होंने पति वैभव रेखी की बेटी समायरा की मां होने का अपना वर्तमान अनुभव और अपने दिवंगत सौतेले पिता अहमद मिर्जा से जुड़ी यादें भी साझा कीं।
अपने सौतेले पिता के काफी करीब थीं दीया
दीया मिर्जा की मां दीपा ने अहमद मिर्जा से तब शादी की थी, जब एक्ट्रेस 6 साल की थीं। एक्ट्रेस ने अहमद मिर्जा को याद करते हुए कहा- 'जब अब्बा और मां की शादी हुई तो मैंने उन्हें अब्बा कहना शुरू कर दिया। अपने छोटे से दिमाग में मैं उन्हें अपना चुकी थी। समय के साथ-साथ मेरे परिवार ने धीरे-धीरे मेरी खुलने में मदद की। मैं 2003 का वो समय कभी नहीं भूल पाऊंगी जब उन्होंने मुझे गले लगाया और अलविदा कहते समय उनकी आंखों में आंसू थे।' दरअसल, 2003 में दीया अपनी एक फिल्म की शूटिंग के चलते विदेश जा रही थीं, इसी यात्रा के दौरान उनके सौतेले पिता का निधन हो गया था।
2021 में वैभव रेखी से की शादी
बता दें, दीया मिर्जा ने ने 2021 में वैभव रेखी से दूसरी शादी की। अभिनेत्री ने अचानक शादी का फैसला करके सबको चौंका दिया था। शादी के कुछ महीने बाद ही एक्ट्रेस ने अपने बेटे का इस दुनिया में स्वागत किया। ये दीया और वैभव दोनों की दूसरी शादी थी। वैभव की पहली शादी से एक बेटी है, जिनका नाम समायरा है और दीया की समायरा से काफी अच्छी बॉन्डिंग है, जो उनकी तस्वीरों में भी देखने को मिलती है।
Latest Bollywood News