गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के लोगों के प्रति अपना गहरा समर्थन और संवेदना जताई है। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने न सिर्फ स्थिति की गंभीरता को उजागर किया, बल्कि जमीन से जुड़े राहत प्रयासों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। दिलजीत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया जिसमें वह हिंदी में भावुक होकर पंजाब के हालात पर बोलते नजर आए। उन्होंने हिंदी भाषा को ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए चुना। वीडियो में उन्होंने पंजाब के लिए समर्थन जाहिर किया और साफ कहा कि वो राज्या को दोबारा स्थापित करने तक लोगों के साथ खड़े रहेंगे।
दिलजीत ने बताया पंजाब का हाल
उन्होंने कहा, 'आज की बात में हिंदी में करूगा ताकि बात सब तक पहुंच जाए। पंजाब के हालात बहुत खराब हैं। बाढ़ की वजह से लोगों के घर बह चुके हैं, फसलें बर्बाद हो गई हैं, मवेशी मारे गए हैं। कई लोगों की जिंदगियां तबाह हो चुकी हैं। पंजाब आज जख्मी है, लेकिन हारा नहीं है।' उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल राशन या पानी पहुंचा देने से खत्म होने वाला काम नहीं है। उन्होंने कहा, 'जब तक लोग अपनी जिंदगी दोबारा शुरू नहीं कर लेते, हम सबको उनके साथ खड़ा रहना होगा।' ऐसा कहते हुए दिलजीत ने स्थानीय एनजीओ, मीडिया और युवाओं की सराहना की, जो जमीनी स्तर पर लोगों की मदद कर रहे हैं।
यहां देखें वीडियो
कॉर्पोरेट की दिलजीत लेंगे मदद
दिलजीत ने यह भी बताया कि उन्होंने और उनकी टीम ने कुछ कॉर्पोरेट संस्थानों से संपर्क किया है, जो राहत कार्यों में सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे पास जो भी संसाधन हैं, मैं उनका उपयोग पंजाब के लिए करूंगा। जो भी कॉर्पोरेट संस्थाएं मेरी जान-पहचान में हैं, उनसे हमारी टीम ने बात की है। सभी मदद करना चाहते हैं।' वीडियो के अंत में दिलजीत ने भावुक होकर कहा, 'हम पंजाब की गोद से उठे हैं, उसी की गोद में मरेंगे। हम अपने भाइयों और बहनों के साथ खड़े हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि हमें इतनी ताकत दें कि इस संकट से मिलकर उबर सकें।'
10 गांवों को लिया गोद
दिलजीत ने सिर्फ शब्दों से ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक रूप से भी योगदान दिया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और गैर-सरकारी संगठनों के साथ मिलकर गुरदासपुर और अमृतसर जिलों के 10 सबसे अधिक प्रभावित गांवों को गोद लिया है। उनकी टीम ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपने राहत अभियान की जानकारी भी साझा की। इस पहल में खाद्य सामग्री, आवश्यक वस्तुएं, दवाइयां और पुनर्वास सहायता शामिल है। पंजाब एक बार फिर कठिन समय में है, लेकिन दिलजीत जैसे जागरूक और जिम्मेदार लोग आगे आकर मदद कर रहे हैं।
Latest Bollywood News