1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'रामायण' में छोटे रावण की एंट्री ने चौंकाया, 16 हजार करोड़ के मालिक के बेटा राघव मल्होत्रा करेंगे यश का यंग रोल

'रामायण' में छोटे रावण की एंट्री ने चौंकाया, 16 हजार करोड़ के मालिक के बेटा राघव मल्होत्रा करेंगे यश का यंग रोल

'रामायण' में यश के युवा रावण का किरदार नमित मल्होत्रा के बेटे राघव निभा रहे हैं। यह उनकी डेब्यू फिल्म है। नमित और उनके परिवार की संपत्ति 16000 करोड़ रुपये बताई गई है।

Raghav malhotra yash- India TV Hindi
Image Source : WORLD OF RAMYANA YOUTUBE राघव मल्होत्रा और यश।

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण' अपनी भव्यता और भारी-भरकम बजट को लेकर लगातार चर्चा में है। करीब 4000 करोड़ रुपये के बताए जा रहे बजट वाली इस फिल्म में जहां रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं, वहीं अब फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा हुआ है। दरअसल फिल्म में रावण के युवा रूप यानी यंग रावण का किरदार एक ऐसे कलाकार ने निभाया है, जिनकी यह पहली फिल्म है। खास बात यह है कि इस कलाकार के पिता की संपत्ति फिल्म के कई बड़े सितारों से भी ज्यादा बताई जाती है।

कौन हैं रामायण के यंग रावण?

फिल्म में युवा रावण का किरदार निभाने वाले कलाकार का नाम राघव मल्होत्रा है। वह फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के बड़े बेटे हैं। राघव को फिल्म में कुछ खास शॉट्स के लिए शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक राघव के चेहरे और शारीरिक बनावट में यश से काफी समानता है। यही वजह रही कि फिल्म के निर्माताओं ने उन्हें युवा रावण के रूप में पर्दे पर उतारने का फैसला किया। मेकर्स ने बताया कि राघव की बॉडी यश से इतनी मिलती-जुलती है कि वह लगभग उनके बॉडी डबल जैसे नजर आते हैं। इसी शारीरिक समानता को ध्यान में रखते हुए उन्हें इस भूमिका के लिए चुना गया। राघव की यह डेब्यू फिल्म है, इसलिए 'रामायण' उनके लिए अभिनय की दुनिया में एक खास शुरुआत भी साबित होने वाली है।

16 हजार करोड़ रुपये है पिता नमित मल्होत्रा की नेटवर्थ

राघव मल्होत्रा के पिता नमित मल्होत्रा फिल्म के निर्माता होने के साथ-साथ विजुअल इफेक्ट्स इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। वह प्राइम फोकस ग्रुप से जुड़े हैं और 'रामायण' जैसे बड़े प्रोजेक्ट के पीछे उनकी अहम भूमिका है। उनकी संपत्ति को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक नमित मल्होत्रा और उनके परिवार की कुल संपत्ति करीब 16000 करोड़ रुपये बताई गई है। रिपोर्ट में उनकी संपत्ति में 279 प्रतिशत की बढ़ोतरी का भी जिक्र है। इसी वजह से राघव को लेकर यह चर्चा हो रही है कि उनके पिता की नेटवर्थ फिल्म के कई चर्चित कलाकारों से अधिक है।

राम नहीं, रावण बनना चाहते थे यश

फिल्म में रावण की भूमिका निभाने वाले यश पहले ही बता चुके हैं कि उन्होंने भगवान राम के बजाय रावण का किरदार क्यों चुना। एक बातचीत में उन्होंने कहा था कि राम की अच्छाई को प्रभावी तरीके से दिखाने के लिए रावण की बुराई का भी उतना ही मजबूत होना जरूरी है। यश के मुताबिक वह पर्दे पर नकारात्मक किरदार को पूरी शिद्दत से निभाना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि जब वह कोई अच्छा किरदार निभाएंगे, तब भी उसे बेहतरीन तरीके से निभाने का पूरा भरोसा रखते हैं। यश ने यह भी स्पष्ट किया कि 'रामायण' में किसी कलाकार की स्टारडम से ज्यादा अहमियत पूरी टीम के साझा प्रयास की है। वहीं, हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान साई पल्लवी ने भी यश के फैसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आमतौर पर कलाकार रावण जैसे किरदार को निभाने से बचते हैं, क्योंकि इसके साथ नकारात्मक छवि जुड़ी होती है, लेकिन यश ने इस भूमिका को अपनाकर लोगों का प्यार हासिल किया है।

दो हिस्सों में रिलीज होगी रामायण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने वाला है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे सितारों के साथ इस फिल्म में कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। ऐसे में राघव मल्होत्रा की एंट्री ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

ये भी पढ़ें:  'भारत में रहते हो, कमाते हो तो नागरिकता क्यों नहीं लेते?' इमरान खान को बॉम्बे हाईकोर्ट की कड़ी फटकार, नहीं कर सकते प्रदर्शन

Latest Bollywood News