A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'काश पापा सफेद शर्ट और ब्लू सूट में होते', धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिलने पर भावुक हुईं ईशा देऑल, लिखा दिल छू लेने वाला पोस्ट

'काश पापा सफेद शर्ट और ब्लू सूट में होते', धर्मेंद्र को पद्म विभूषण मिलने पर भावुक हुईं ईशा देऑल, लिखा दिल छू लेने वाला पोस्ट

धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानिक किया गया। उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने ये अवॉर्ड लिया। इस मौके पर बेटी ईशा मौजूद नहीं थीं, लेकिन अब उन्होंने एक भावुक पोस्ट साझा किया है।

dharmendra esha deol hema malini- India TV Hindi
Image Source : IMESHADEOL/INSTAGRAM धर्मेंद्र, ईशा देओल और हेमा मालिनी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में विभिन्न क्षेत्रों के व्यक्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया। इस भव्य समारोह में भारतीय सिनेमा में छह दशकों से अधिक का अभूतपूर्व योगदान देने वाले दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से नवाजा गया। सिनेमा के इस ही-मैन की ओर से उनकी पत्नी, अभिनेत्री और राजनेता हेमा मालिनी ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान स्वीकार किया। धर्मेंद्र के निधन के बाद मिले इस सर्वोच्च सम्मान को लेकर पूरा परिवार बेहद भावुक नजर आया और सोशल मीडिया पर भी फैंस की आंखें नम हो गईं। इस दौरान उनकी एक बेटी अहाना मौजूद थीं, लेकिन ईशा देओल इस दौरान वहां मौजूद नहीं रह सकी।

ईशा देऑल का दिल छू लेने वाला पोस्ट

पिता को मिले इस सर्वोच्च सम्मान के बाद उनकी बड़ी बेटी और अभिनेत्री ईशा देऑल खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक नोट साझा किया। ईशा ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां हेमा मालिनी की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह पुरस्कार लेते समय अपने आंसू रोकती नजर आ रही हैं। ईशा ने लिखा, 'यह हमारे लिए बेहद गर्व और गहरी भावनाओं का पल है। आज हम सब दिल से यह दुआ कर रहे थे कि काश पापा इस सम्मान को खुद लेने के लिए हमारे बीच मौजूद होते। हम उनकी कल्पना कर रहे थे कि वह हमेशा की तरह अपनी पसंदीदा सफेद शर्ट और नीले सूट में कितने हैंडसम लगते और पुरस्कार लेने के लिए एक छोटे बच्चे की तरह उत्साहित होते।'

मां की आंखों में आंसू

ईशा ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि उनकी छोटी बहन अहाना ने समारोह में शामिल होकर धर्मेंद्र के सभी छह बच्चों का प्रतिनिधित्व किया। जब हेमा मालिनी मंच पर पुरस्कार लेने पहुंचीं तो दर्शक दीर्घा में बैठीं अहाना अपने आंसू नहीं रोक सकीं और ताली बजाते हुए रो पड़ीं। यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ईशा ने आगे लिखा, 'कल जब मेरी मां ने पूरे परिवार की तरफ से यह सम्मान स्वीकार किया तो हमारी सबसे छोटी बहन अहाना ने हम छह भाई-बहनों का प्रतिनिधित्व किया। पापा के सम्मान में तालियां बजाते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वह एक ऐसे इंसान हैं जिन्हें हम हमेशा बेहद प्यार करेंगे, याद करेंगे और गर्व से अपना पापा कहेंगे। वह हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।'

धर्मेंद्र का शानदार सफर

इस गौरवपूर्ण क्षण से पहले हेमा मालिनी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ईशा देऑल भी दिल्ली के इस समारोह में शामिल होना चाहती थीं, लेकिन कुछ निजी व्यस्तताओं के कारण वह नहीं आ सकीं। हेमा मालिनी ने कहा, 'यह मेरे लिए एक बहुत ही भावुक कर देने वाला पल है। आज अहाना मेरे साथ है। पूरा देऑल परिवार इस सम्मान से बेहद खुश है। सनी, बॉबी और घर का हर एक सदस्य इस बात से वाकिफ है और यह हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।' गौरतलब है कि 300 से अधिक फिल्मों में काम करने वाले धर्मेंद्र का पिछले दिनों लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था और उनकी अंतिम फिल्म 'इक्कीस' उनके जाने के बाद 1 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। भले ही वह आज शारीरिक रूप से दुनिया में नहीं हैं, लेकिन पद्म विभूषण के रूप में उनका योगदान हमेशा अमर रहेगा।

ये भी पढ़ें:  पैसा कमाने की होड़ और लालच, पंचायत- एस्पिरेंट्स को टक्कर देगी ये नई सीरीज, दिग्गज सितारों से सजेगी महफिल

Latest Bollywood News