फवाद खान-वाणी कपूर की 'अबीर-गुलाल' होगी रिलीज, मेकर्स ने अपनाया दिलजीत का पैंतरा? पहलगाम हमले के बाद लगी थी रोक
दिलजीत दोसांझ, हानिया आमिर स्टारर 'सरदार जी 3' की सफलता के बाद अब फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म 'अबीर गुलाल' के निर्माताओं ने भी फिल्म को विदेशी सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला किया है।
वाणी कपूर और पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान की फिल्म 'अबीर गुलाल' की रिलीज पहलगाम हमले के बाद रद्द कर दी गई थी। रिलीज से ठीक पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद फिल्म के मेकर्स ने ना सिर्फ फिल्म को रिलीज करने की योजना रद्द कर दी, बल्कि सोशल मीडिया से भी इससे जुड़े सभी पोस्ट, गाने, ट्रेलर-टीजर सब हटा दिया। लेकिन, अब चर्चा है कि फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यह फिल्म भारत में 9 मई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन पहलगाम हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के चलते इसकी रिलीज रद्द कर दी गई। लेकिन, अब लगता है कि फिल्म सिनेमाघरों तक पहुंच सकती है।
सरदार जी 3 की राह पर अबीर-गुलाल के मेकर्स?
बिज एशिया लाइव की रिपोर्ट के मुताबिक, फवाद खान और वाणी कपूर स्टारर फिल्म को रिलीज करने के लिए मेकर्स ने दिलजीत दोसांझ का पैंतरा अपनाया है। अबीर-गुलाल, पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान की चौथी बॉलीवुड फिल्म होगी, जो इसी महीने दुनिया भर में रिलीज हो सकती है। पिछले दिनों दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सरदार जी 3' भारत को छोड़कर दुनिया भर में रिलीज हुई थी। जिसकी वजह थीं पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर, जो फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।
भारत में रिलीज नहीं हुई थी सरदार जी 3
'सरदार जी 3' के निर्माताओं ने पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीयों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इसे भारत में रिलीज नहीं किया, फिर भी पूरी फिल्म टीम को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा। सरदार जी 3 को रिलीज करने के फैसले के चलते दिलजीत सबसे ज्यादा आलोचनाओं के घेरे में रहे। इसके बाद भी फिल्म एक बड़ी हिट साबित हुई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 70.10 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे यह विदेशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय पंजाबी फिल्म बन गई।
कब रिलीज होगी फिल्म?
अब 'अबीर गुलाल' के निर्माता भी यही रणनीति अपनाने की सोच रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 'अबीर गुलाल' 29 अगस्त को दुनिया भर में रिलीज होगी। खबर यह भी है कि फिल्म का नाम बदला जाएगा। पहलगाम हमले के बाद इस फिल्म से जुड़े सभी पोस्ट वाणी कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से हटा दिए थे।
9 साल फवाद खान का बॉलीवुड कमबैक
फवाद की आखिरी बॉलीवुड फिल्म 2016 में रिलीज हुई थी, वह रणबीर कपूर अभिनीत 'ऐ दिल है मुश्किल' में नजर आए थे। इससे पहले वह 2016 में रिलीज हुई 'कपूर एंड संस' में नजर आए और 2014 में रिलीज हुई 'खूबसूरत' में काम किया था। अबीर गुलाल के साथ वह 9 साल बाद बॉलीवुड में कमबैक करने वाले थे, लेकिन पहलगाम हमले के बाद ऐसा नहीं हो सका। 'अबीर गुलाल' का निर्देशन आरती एस बागड़ी ने किया है और इस रोमांटिक कॉमेडी के निर्माता विवेक अग्रवाल हैं।
