1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बॉलीवुड में होगी पाकिस्तान के किंग ऑफ रोमांस की वापसी, सामने आई पहली झलक

बॉलीवुड में होगी पाकिस्तान के किंग ऑफ रोमांस की वापसी, सामने आई पहली झलक

पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान बॉलीवुड में सालों बाद दोबारा कदम जमाने की तैयारी में हैं। इस बार एक्टर बतौर लीड हीरो वापसी कर रहे हैं। उनकी फिल्म का टीजर भी आज जारी कर दिया गया है, यहां देखें इसकी झलक।

Fawad Khan vaani kapoor - India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM वाणी कपूर और फवाद खान।

पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान आठ साल बाद बॉलीवुड में वापसी कर रहे हैं। फिल्म के टाइटल का 2024 में ऐलान किया गया था। अब उनकी आने वाली फिल्म 'अबीर गुलाल' का टीजर रिलीज हो गया है। पाकिस्तानी स्टार रोमांटिक कॉमेडी में बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी कपूर के साथ नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग 29 सितंबर को लंदन में शुरू हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन आरती एस बागरी करेंगी। वहीं, इसे विवेक अग्रवाल, अवंतिका हरि और राकेश सिप्पी प्रोड्यूस करेंगे। मंगलवार को मेकर्स ने फिल्म का टीजर शेयर किया, जिसमें फवाद लंदन की बारिश के बीच ट्रैफिक में फंसी कार में वाणी के सामने अपना सिंगिंग टैलेंट दिखाते नजर आ रहे हैं। 

पहले सामने आई थी झलक

टीजर के अंत में वाणी फवाद से पूछती हैं कि क्या वह उनके साथ फ्लर्ट कर रहे हैं। इसके जवाब में एक्टर कहते हैं, 'क्या तुम चाहती हो कि मैं ऐसा करूं।' मेकर्स ने पिछले साल फिल्म की घोषणा करते हुए एक फोटो शेयर की थी जिसमें फवाद खान और वाणी कपूर साथ नजर आ रहे थे। इस फिल्म की शूटिंग अक्टूबर और नवंबर 2024 के महीने में यूके में की गई है। इसके सपोर्टिंग कास्ट में भारत और यूके के कई बेहतरीन कलाकार नजर आएंगे। बॉलीवुड के एक प्रमुख संगीतकार ने इस फिल्म के लिए पहले ही 6 ओरिजिनल ट्रैक तैयार कर लिए हैं जिन्हें बॉलीवुड के मशहूर गायकों ने गाया है। हालांकि अभी तक इसके बारे में जानकारी साझा नहीं की गई है।

इस फिल्म को लेकर हुआ था विवाद

पिछले साल फवाद की फिल्म 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' को लेकर देश में काफी विवाद हुआ था। यह फिल्म देश में 2 अक्टूबर को रिलीज होनी थी। हालांकि कई शहरों में हुए उग्र विरोध के बाद इसे रिलीज नहीं किया गया। इतना ही नहीं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के संस्थापक अध्यक्ष राज ठाकरे ने फिल्म की रिलीज का कड़ा विरोध किया और कहा कि वह किसी भी हालत में महाराष्ट्र में पाकिस्तानी कलाकार की फिल्म रिलीज नहीं होने देंगे। फवाद की आखिरी बॉलीवुड फिल्म 2016 में रिलीज हुई रणबीर कपूर स्टारर 'ऐ दिल है मुश्किल' थी। इससे पहले भी वह 2016 में रिलीज हुई 'कपूर एंड संस' और 2014 में रिलीज हुई 'खूबसूरत' में काम कर चुके हैं। अब वह आठ साल बाद भारत में वापसी करेंगे।

Latest Bollywood News