1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फिल्ममेकर आर चेलियन का निधन, इंजीनियरिंग छोड़ फिल्मी दुनिया में रखा था कदम, पहली ही फिल्म के लिए मिला था नेशनल अवार्ड

फिल्ममेकर आर चेलियन का निधन, इंजीनियरिंग छोड़ फिल्मी दुनिया में रखा था कदम, पहली ही फिल्म के लिए मिला था नेशनल अवार्ड

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता तमिल सिनेमैटोग्राफर और निर्देशक आर चेलियन का 57 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने 'टू लेट' जैसी प्रशंसित फिल्मों का निर्देशन किया था।

R Chezhiyan - India TV Hindi
Image Source : @KRISHTHEPOET आर. चेलियन।

भारतीय सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी बेहतरीन विजुअल स्टोरीटेलिंग और शानदार कैमरा वर्क के लिए मशहूर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता तमिल सिनेमैटोग्राफर और निर्देशक आर. चेलियन का निधन हो गया है। वह 57 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चेलियन पिछले काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके बाद शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके अचानक चले जाने से तमिल फिल्म इंडस्ट्री सहित पूरे भारतीय सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी हस्तियां नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

इंजीनियरिंग छोड़ चुनी थी कैमरे की दुनिया

तमिलनाडु के शिवगंगा में जन्मे आर चेलियन की सिनेमा तक पहुंचने की कहानी बेहद दिलचस्प है। उन्होंने शुरुआत में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी और इसी क्षेत्र में अपना भविष्य देख रहे थे। हालांकि, फोटोग्राफी के प्रति उनके गहरे जुनून ने उन्हें सिनेमा की ओर खींच लिया। अपने इसी शौक को करियर में बदलते हुए उन्होंने सिनेमैटोग्राफी को चुना और जल्द ही अपनी खास विजुअल शैली से इंडस्ट्री में एक बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सधी हुई लेंसिंग से फिल्मों को एक अलग जीवंतता दी।

सिनेमैटोग्राफी से निर्देशन तक का सफर और राष्ट्रीय पुरस्कार

अपने शानदार करियर के दौरान चेलियन ने 'परदेशी', 'कोंड्राल पावं', 'जोकर' और 'तेनमेरकु परुवाकात्रु' जैसी कई समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्मों में बतौर सिनेमैटोग्राफर काम किया। कैमरे के पीछे जादू बिखेरने के बाद, चेलियन ने निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखा। उन्होंने साल 2017 में फिल्म 'टू लेट' से अपने निर्देशन की शुरुआत की थी। उनकी पहली ही निर्देशित फिल्म ने जबरदस्त सफलता हासिल की और इसे 'सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म' के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया।

किराएदारों के दर्द को बयां करती फिल्म 'टू लेट'

चेलियन द्वारा निर्देशित फिल्म 'टू लेट' में धरुन बाला, शीला राजकुमार, रवि सुब्रमण्यम और आधीरा पांडिलक्ष्मी जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। यह फिल्म एक मध्यमवर्गीय तीन सदस्यीय परिवार के संघर्ष पर आधारित है, जिन्हें मकान मालकिन द्वारा घर खाली करने का अल्टीमेटम मिलने के बाद किराए के नए मकान की तलाश में दर-दर भटकना पड़ता है। इस फिल्म में चेलियन ने समाज के एक बेहद संवेदनशील और यथार्थवादी मुद्दे को पर्दे पर उतारा था, जिसकी वैश्विक स्तर पर काफी सराहना हुई थी। आर. चेलियन भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन सिनेमा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें:  धमाकेदार शुरुआत के लिए तैयार 'धमाल 4', पहले दिन डबल डिजिट में कमाई कर बना सकती है बड़ा रिकॉर्ड | Box office Prediction

Latest Bollywood News