बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में जांच तेज हो गई है। इस बीच कथित हमलावरों की पहली तस्वीर सामने आने की खबर है। तस्वीर में दो लोग सफेद शर्ट पहने दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक ने प्यूमा लोगो वाली काली टोपी पहन रखी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक दोनों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि हमलावरों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर परिवार को सरकार की ओर से मदद का भरोसा दिया।
सफेद शर्ट और काली टोपी में दिखे संदिग्ध
फायरिंग मामले की जांच के बीच सामने आई तस्वीर में दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर घटनास्थल के आसपास की है। दोनों ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी है, जबकि उनमें से एक व्यक्ति के सिर पर प्यूमा लोगो वाली काली टोपी नजर आ रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तस्वीर में दिख रहे दोनों व्यक्ति ही गोलीबारी के आरोपी हैं या नहीं। पुलिस उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दोपहिया गाड़ी जब्त कर ली है। यह मोटरसाइकिल अंधेरी इलाके से बरामद हुई है और उस पर मुंबई का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज है। जांच अधिकारी नंबर प्लेट और वाहन के पंजीकरण से जुड़े रिकॉर्ड की मदद से उसकी पिछली गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे हैं।
Image Source : Reporter Inputसीसीटीवी में दिखी आरोपियों की झलक।
अंधेरी तक खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस अब घटनास्थल से लेकर अंधेरी स्टेशन तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि आरोपी वारदात से पहले कहां मौजूद थे और गोलीबारी के बाद किस रास्ते से फरार हुए। इसके साथ ही टाइगर के ड्राइवर और घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रविवार 18 अक्टूबर की शाम तीन अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। आरोप है कि उन्होंने फुटबॉल क्लब से निकल रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना में अभिनेता के ड्राइवर और एक ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एकनाथ शिंदे ने टाइगर और उनकी मां से की मुलाकात
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ के मुंबई स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान अभिनेता की मां आयशा श्रॉफ भी मौजूद थीं। शिंदे ने गोलीबारी की घटना की निंदा करते हुए परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। बाद में अभिनेत्री दिशा पाटनी भी टाइगर से मिलने उनके घर पहुंचीं। मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि टाइगर सुरक्षित हैं, लेकिन घटना से अभिनेता और उनकी मां काफी घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि गोलीबारी में पांच राउंड फायर किए गए और यह राहत की बात है कि अभिनेता को गोली नहीं लगी। शिंदे के मुताबिक टाइगर के बाएं हाथ पर बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है।
ये भी पढ़ें: जब टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग, वहीं मौजूद थे अभिषेक बजाज और करणवीर मेहरा, एक्टर्स ने बयां किया आंखों देखा खौफनाक मंजर
Latest Bollywood News