1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'हनुमान अंश' उत्तराखंड में हुई टैक्स फ्री, सीएम धामी ने टीम को दी बधाई, बोले- 'नीम करौली बाबा को जान पाया'

'हनुमान अंश' उत्तराखंड में हुई टैक्स फ्री, सीएम धामी ने टीम को दी बधाई, बोले- 'नीम करौली बाबा को जान पाया'

नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका किया है और इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 'हनुमान अंश' को टैक्स फ्री कर दिया है।

Hanuman Ansh- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/HANUMAN ANSH हनुमान अंश।

छोटे बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' की चमत्कारिक कमाई ने सबको चौंका दिया है। फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हाल ही में बताया कि कैसे आज जिस फिल्म की चर्चा हर तरफ है, उसे कोई भी ओटीटी प्लेटफॉर्म खरीदने को तैयार नहीं था। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 30 दिनों में 85 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। 2 करोड़ के मामूली बजट में बनी इस फिल्म का जादूई कलेक्शन अब हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रतिदिन कमाई के मामले में 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर सुपरस्टार यश की 'टॉक्सिक' को भी जबरदस्त टक्कर दे रही है। इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि 'हनुमान अंश' को राज्य में टैक्स-फ्री किया जाएगा। सीएम धामी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी गीता धामी और कैबिनेट सहयोगियों और कई विधायकों के साथ देहरादून के एक सिनेमाघर में ये फिल्म देखने के बाद ये ऐलान किया है।

उत्तराखंड में टैक्स फ्री हुई 'हनुमान अंश'

सीएम धामी ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए 'हनुमान अंश' की जमकर तारीफ की और इसे उन फिल्मों में से एक बताया जो देश-दुनिया में राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दिखाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'हनुमान अंश के जरिए हमें नीम करौली बाबा की तपस्या, त्याग, सेवा और बजरंगबली हनुमान पर उनकी अटूट आस्था को जानने और समझने का मौका मिला है। नीम करौली बाबा का पूरा जीनव मानवता की सेवा, समाज कल्याण और आध्यात्मिक सेवा के लिए समर्पित था।'

भक्ति मानव कल्याण का मार्ग- सीएम धामी

सीएम धामी ने आगे कहा- 'बाबा नीम करौली महाराज जी का जीवन हम सबको ये संदेश देता है कि भक्ति सिर्फ साधना का मार्ग नहीं है। भक्ति सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का भी मार्ग भी है। इस प्रेरणादायक और आध्यात्मिक फिल्म को बनाने के लिए 'हनुमान अंश' की टीम को बहुत-बहुत बधाई। कैंची धाम अब दुनिया भर में आस्था और श्रद्धा का एक बड़ा केंद्र बन गया है।'

फिल्म के बारे में

'हनुमान अंश' के बारे में बात करें तो विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म की कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक दुखी युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां की मौत से गहरे सदमें में है और इसके बाद ईश्वर की खोज में एक आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है। जीवन, मृत्यु और मानवीय दुखों के सवालों के जवाब के लिए वह उत्तर भारत की यात्रा करते-करते संत नीम करौली बाबा बन जाते हैं और अपना पूरा जीवन प्रेम, सेवा और अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित करने में व्यतीत कर देते हैं। इस फिल्म में शोभिनव सत्य मुख्य भूमिका में हैं और उनके साथ पूर्णिमा तिवारी, विहान शेडगे, चंदन के आनंद, और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकार अहम भूमिका में हैं।

ये भी पढ़ेंः भारत के बाद विदेशों में दिखेगा 'हनुमान अंश' का जलवा, 11 सितंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

Latest Bollywood News