नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी 'हनुमान अंश' इस साल के सबसे बड़े सरप्राइज में से एक रही। मात्र 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 342 करोड़ से ज्यादा की कमाई करके सबको चौंका दिया। शुरुआती हफ्तों में कछुए की चाल चल रही इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते में आकर रफ्तार पकड़ी और 'टॉक्सिक' और 'द वन' जैसी चर्चित फिल्मों को जबरदस्त टक्कर दी। ये फिल्म बिना किसी प्रमोशन के महज 355 शोज के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले दिन मात्र 10 लाख का कलेक्शन किया था। जब फिल्म सिनेमाघरों से हटने वाली थी, तभी एक चमत्कार हुआ और इस फिल्म ने रफ्तार पकड़ ली। देखते ही देखते इस फिल्म ने कई बड़े रिकॉर्ड धराशायी कर दिए। सिनेमाघरों में फिल्म की जबरदस्त सफलता देखने के बाद दर्शक इसकी ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे थे, जो अब जाकर खत्म हो गया है।
'हनुमान अंश' की ओटीटी रिलीज
महज 2 करोड़ के बजट में और 342.75 करोड़ की नेट कमाई कमाई करने वाली इस फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी हैं, जिन्होंने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान किया है। जी हां, सिनेमाघरों में तूफानी कमाई करने के बाद 'हनुमान अंश' अब ओटीटी पर रिलीज के लिए तैयार है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी। विशाल चतुर्वेदी और सोनी लिव इंडिया ने एक जॉइंट पोस्ट के जरिए इसका ऐलान किया है, जिसके अनुसार 27 नवंबर से ये फिल्म 'सोनी लिव' पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी।
विशाल चतुर्वेदी ने किया हनुमान अंश की ओटीटी रिलीज का ऐलान
विशाल चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए हनुमान अंश की ओटीटी रिलीज का ऐलान किया। पोस्ट में लिखा है - 'एक दिव्य शक्ति की एक असाधारण कहानी। पूरे देश की चहेती फिल्म, अब आप सबके घर आ रही है। हनुमान अंश, 27 नवंबर से सोनी लिव पर आ रही है।' इस पोस्ट को देखते ही अब दर्शकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। कई ने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में इस फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर उत्सुकता जाहिर की है।
बॉक्स ऑफिस पर हनुमान अंश का कमाल
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 10 लाख से ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 340 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन करके सबको चौंका दिया और दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई ₹453.22 करोड़ तक पहुंच गई। पिछले दिनों फिल्म के राइट्स को लेकर भी एक विवाद सामने आया था। इस फिल्म के कलाकारों से लेकर सिंगर भी काफी सुर्खियों में रहे। खासतौर पर दृष्टिबाधित सिंगर सुनील लोधी, जिन्होंने 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' से खूब सुर्खियां बटोरीं। अब सुनील लोधी अपनी आंखों का इलाज करा रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर आंखों के अस्पताल से अपनी तस्वीरें पोस्ट करते हुए एक भावुक नोट लिखा था, जिसमें उन्होंने भगवान से अपनी आंखों की रोशनी लौटाने की प्रार्थना की।
ये भी पढ़ेंः 'ये भारतीय संस्कृति के लिए महायज्ञ है', विवेक ओबेरॉय ने 'रामायण' में निभाया विद्युतजिह्वा का किरदार, बोले- 'ये छोटी सी आहुति है'
Latest Bollywood News