रैपर और सिंगर हनी सिंह ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराते समय आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगी है। महाराष्ट्र साइबर सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान हनी सिंह ने अपनी गलती मान ली। साइबर पुलिस के सूत्रों के अनुसार उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि ऐसा दोबारा नहीं होगा। उन्होंने विशेष रूप से वादा किया कि वे अपने कॉन्सर्ट के दौरान किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री का इस्तेमाल नहीं करेंगे। हनी सिंह ने कहा कि उनका इंटेंशन किसी की भावना को आहत करने का नहीं था।
हनी सिंह ने महाराष्ट्र साइबर पुलिस से मांगी माफी
हनी सिंह ने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। वे अपनी टिप्पणियों के लिए पहले भी माफी मांग चुके हैं। एक अधिकारी ने बताया कि हनी सिंह ने पहले तीन समन (बुलावे) पर पेश न होने का कारण भी स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि पहले से तय पेशेवर कामों (प्रोफेशनल कमिटमेंट्स) की वजह से वे हाजिर नहीं हो पाए थे।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने हनी सिंह को क्यों बुलाया है?
एक कॉन्सर्ट के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत मिलने के बाद महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने हनी सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि परफॉरमेंस के दौरान सिंह की कुछ टिप्पणियां आपत्तिजनक थीं, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों से संपर्क किया। महाराष्ट्र साइबर इस शिकायत की जांच कर रहा है और घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है, जिसमें संबंधित रिकॉर्डिंग और बयान भी शामिल हैं। सिंगर ने खुद अपनी गलती मान ली है और उन पर लगा आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप भी सही साबित हुआ है, जिसके चलते उन्होंने अपनी लगती की महाराष्ट्र साइबर पुलिस से माफी मांग ली है।
इन विवादों से घिरे रहे हनी सिंह
इसके पहले मई में दिल्ली हाई कोर्ट ने हनी सिंह को हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। यह निर्देश 'हिंदू शक्ति दल' नाम के एक संगठन की याचिका पर दिया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सिंगर ने 2025 में इंदिरा गांधी स्टेडियम में अपनी परफॉर्मेंस के दौरान एक आपत्तिजनक गाना गाया था। विवाद बढ़ाने के बाद 2 अप्रैल को दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि वह सभी प्लेटफॉर्म से हनी सिंह के गाने 'वॉल्यूम 1' को हटा दे।
ये भी पढ़ें - हनी सिंह को महाराष्ट्र साइबर ने फिर भेजा समन, कॉन्सर्ट में आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बढ़ी परेशानी
Latest Bollywood News