1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अमेरिका में हुआ 'रामायण' का प्रीमियर, एडवांस बुकिंग में आया तगड़ा उछाल, बिके 3.33 लाख बिके टिकट

अमेरिका में हुआ 'रामायण' का प्रीमियर, एडवांस बुकिंग में आया तगड़ा उछाल, बिके 3.33 लाख बिके टिकट

रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ का हाल ही में अमेरिका में प्रीमियर रखा गया, जिसका अब टिकटों की बिक्री पर भी असर देखने को मिल रहा है। फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स ने एक बार फिर इसकी वैश्विक बॉक्स ऑफिस संभावनाओं को लेकर चर्चाओं तेज कर दिया है।

Ramayana- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@NITESHTIWARI22 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी 'रामायण'

नमित मल्होत्रा की महत्वाकांक्षी महागाथा ‘रामायण’ की रिलीज को अब महज 6 ही दिन बचे हैं। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर ये फिल्म दिवाली से पहले 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और अभी से इसे लेकर दुनियाभर में एक अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है। सिर्फ भारत में ही नहीं, विदेशों में भी नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज है। हाल ही में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 'रामायण' का भव्य प्रीमियर रखा गया, जिसके बाद फिल्म की एडवांस बुकिंग में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। यूएस प्रीमियर के 24 घंटे के अंदर ही फिल्म की एडवांस बुकिंग में 27 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है।

'रामायण' की एडवांस बुकिंग में बढ़ोतरी

अमेरिका में प्रीमियर के बाद 'रामायण' की एडवांस बुकिंग में महज 24 घंटे के भीतर टिकटों की बिक्री में 27% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk द्वारा साझा की गई एक पोस्ट के अनुसार, टिकटों की बिक्री में यह तेजी लॉस एंजिल्स में आयोजित फिल्म के वर्ल्ड प्रीमियर के बाद सामने आई शुरुआती प्रतिक्रियाओं के कुछ ही समय बाद देखने को मिली। इसी के साथ फिल्म ने अब तक 17 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे।

'रामायण' फिल्म के बारे में

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। ‘रामायण’ को एक भव्य सिनेमाई महागाथा के रूप में तैयार किया गया है, जो दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा। ये बहुचर्चित फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी भाषाओं में IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा।

रिलीज हुआ नया गाना

हाल ही में फिल्म का चौथा गाना 'जुड़ी जोड़ी' मेकर्स द्वारा जारी किया गया। गाने का संगीत एआर रहमान ने दिया है और इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं और इसके हिंदी संस्करण को श्रेया घोषाल ने आवाज दी है। वहीं अन्य भाषाओं की बात करें तो तमिल में हीर, तेलुगु में सरीषा भगवतुला, कन्नड़ में पूजा वैद्यनाथ और मलयालम में अमृता सुरेश ने ये गाना गाया है। ए आर रहमान के संगीत और अलग-अलग भाषाओं की गायिकाओं की आवाज के जरिए इसे देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है। ये रणबीर कपूर और साई पल्लवी द्वारा अभिनीत राम-सीता प्रेम को दर्शाता है। ये गाना सिया-राम के रिश्ते के भावनात्मक पक्ष को सामने लाता है।

ये भी पढ़ेंः 'पापा को लगा बेटी भटक गई', अनुप्रिया नागर ने बताया 'हनुमान अंश' बनाने पर कैसा था पिता का रिएक्शन, कभी Apple में करना चाहती थीं नौकरी

Latest Bollywood News