1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. शाहरुख खान से 4 गुना ज्यादा अमीर हैं उनकी 'स्वदेश' हीरोइन के पति, 48100 करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक

शाहरुख खान से 4 गुना ज्यादा अमीर हैं उनकी 'स्वदेश' हीरोइन के पति, 48100 करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में शाहरुख खान की नेटवर्थ 10,000 करोड़ रुपये बताई गई है। उनकी ‘स्वदेस’ को-स्टार गायत्री जोशी के पति विकास ओबेरॉय 48,100 करोड़ रुपये की संपत्ति रखते हैं।

Shah rukh khan gayatri joshi- India TV Hindi
Image Source : IMDB शाहरुख खान और गायत्री जोशी।

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान अपनी शानदार एक्टिंग और फिल्मों के साथ-साथ अपनी बेशुमार दौलत के लिए भी चर्चा में रहते हैं। हाल ही में जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में शाहरुख खान को भारत का सबसे अमीर अभिनेता बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 10000 करोड़ रुपये है। हालांकि इसी लिस्ट में एक ऐसा नाम भी है, जिसका शाहरुख खान से सीधा कनेक्शन है और उसकी संपत्ति अभिनेता से कई गुना ज्यादा है। यह नाम है रियल एस्टेट कारोबारी विकास ओबेरॉय का, जो अभिनेत्री गायत्री जोशी के पति हैं। गायत्री ने साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘स्वदेस’ में शाहरुख खान के साथ काम किया था।

विकास ओबेरॉय की नेटवर्थ 48100 करोड़ रुपये

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक विकास ओबेरॉय की कुल संपत्ति करीब 48100 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस संपत्ति के साथ वह भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में 59वें स्थान पर हैं। खास बात यह है कि पिछले साल भी विकास ओबेरॉय इस सूची में शामिल थे। उस समय उनकी संपत्ति करीब 42960 करोड़ रुपये बताई गई थी और वह 58वें स्थान पर थे। यानी एक साल में उनकी संपत्ति में अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि रैंकिंग में वह एक पायदान नीचे आए हैं। विकास ओबेरॉय रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े प्रमुख कारोबारी हैं। वहीं उनकी पत्नी गायत्री जोशी ने मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने कुछ समय तक मॉडलिंग और टेलीविजन में काम किया और इसके बाद बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि उनका फिल्मी करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा।

75 हजार वर्गफुट में फैला है गायत्री और विकास का आलीशान घर

गायत्री जोशी और विकास ओबेरॉय मुंबई के पॉश जुहू इलाके में एक बेहद आलीशान घर में रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका यह घर करीब 75000 वर्गफुट में फैला हुआ है और नौ मंजिल का है। इस घर को मशहूर इटैलियन आर्किटेक्ट और डिजाइनर पिएरो लिसोनी ने डिजाइन किया है। गायत्री ने एक पुराने इंटरव्यू में अपने इस घर की खासियतों के बारे में बात की थी। उनके मुताबिक घर की दो बेसमेंट मंजिलों में पार्किंग और फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं हैं। इसके अलावा एक अलग फ्लोर पर जिम, स्पा और 12 लोगों के बैठने की क्षमता वाला निजी सिनेमा भी मौजूद है। ग्राउंड फ्लोर से लेकर तीसरी मंजिल तक का हिस्सा मेहमानों के मनोरंजन और सोशल गैदरिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

घर में है अरब सागर का शानदार नजारा

घर के चौथी मंजिल से आगे का हिस्सा परिवार के निजी इस्तेमाल के लिए है। वहीं घर की छत पर एक इन्फिनिटी पूल बनाया गया है, जहां से अरब सागर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है। इस आलीशान घर की खूबसूरती सिर्फ इसकी डिजाइन और सुविधाओं तक सीमित नहीं है। यहां भारतीय कला जगत के कई नामी कलाकारों की कलाकृतियां भी मौजूद हैं। इनमें रविंदर रेड्डी, एमएफ हुसैन और मंजीत बावा जैसे कलाकारों के काम शामिल हैं। गायत्री ने एक बातचीत में बताया था कि उनके पति चाहते थे कि घर का संचालन किसी बुटीक होटल की तरह व्यवस्थित हो। हालांकि गायत्री को घर की तुलना होटल से किया जाना पसंद नहीं था। उनका कहना था कि यह परिवार का घर है, होटल नहीं, लेकिन इसकी व्यवस्था काफी व्यवस्थित जरूर है।

कैसे हुई थी गायत्री और विकास की मुलाकात?

गायत्री जोशी ने अपने करियर की शुरुआत 1990 के दशक के आखिरी वर्षों में चैनल वी पर बतौर वीडियो जॉकी की थी। इसके बाद उन्होंने फेमिना मिस इंडिया इंटरनेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और साल 2000 में मिस इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसके कुछ साल बाद उन्हें आशुतोष गोवारिकर की फिल्म ‘स्वदेस’ में शाहरुख खान के साथ मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला। ‘स्वदेस’ में गायत्री ने गीता का किरदार निभाया था और उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। फिल्म की सफलता के बाद उन्हें कई डेब्यू अवॉर्ड भी मिले। इसी दौर में उनकी मुलाकात विकास ओबेरॉय से हुई। विकास ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि शादी से पहले वह गायत्री को लंबे समय से जानते थे। दोनों पहले दोस्त और परिचित थे, लेकिन लगातार मुलाकातों के बाद उन्हें महसूस हुआ कि गायत्री ही वह इंसान हैं, जिनके साथ वह पूरी जिंदगी बिताना चाहते हैं।

‘स्वदेस’ के बाद क्यों छोड़ दी एक्टिंग?

गायत्री जोशी ने ‘स्वदेस’ के बाद बॉलीवुड में ज्यादा काम नहीं किया और शादी के बाद फिल्मों से दूरी बना ली। साल 2019 में एक बातचीत के दौरान उन्होंने इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई थी। गायत्री के मुताबिक ‘स्वदेस’ की सफलता के बाद वह फिल्मों को लेकर काफी चुनिंदा हो गई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात विकास से हुई और उन्हें लगा कि उनका निजी जीवन और परिवार उनके लिए फिल्मों से ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा था कि वह चाहती थीं कि जिस चीज के लिए प्रतिबद्ध हों, उसमें अपना पूरा समय और ध्यान दें। इसी सोच के साथ उन्होंने शादी, परिवार और बच्चों को प्राथमिकता देने का फैसला किया। गायत्री ने यह भी कहा था कि उन्हें अभिनय के क्षेत्र में अच्छा मौका मिला और वह अपने करियर को लेकर संतुष्ट थीं, लेकिन जीवन ने उनके लिए एक अलग रास्ता चुना।

ये भी पढ़ें: अक्षय कुमार के बेटे आरव का अतरंगी अवतार, बर्थडे पार्टी की झलक आई सामने, लोगों बोले- बॉलीवुड का नया स्टाइल आइकन

Latest Bollywood News