1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. रणबीर कपूर की 'रामायण' का जबरदस्त क्रेज, टिकट की कीमत पहुंची 3000 पार, एडवांस बुकिंग में 5 करोड़ से ज्यादा कमाई

रणबीर कपूर की 'रामायण' का जबरदस्त क्रेज, टिकट की कीमत पहुंची 3000 पार, एडवांस बुकिंग में 5 करोड़ से ज्यादा कमाई

रणबीर कपूर की 'रामायण: द राइज ऑफ ए लेजेंड' की एडवांस बुकिंग में एक लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। मुंबई में प्रीमियम रिक्लाइनर टिकट की कीमत 3170 रुपये तक पहुंच गई है।

Ranbir kapoor - India TV Hindi
Image Source : WORLD OF RAMAYANA YOUTUBE रणबीर कपूर।

रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: द राइज ऑफ ए लेजेंड' रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, इस बार चर्चा सिर्फ फिल्म की भव्यता और स्टारकास्ट की नहीं, बल्कि टिकटों की आसमान छूती कीमतों की भी हो रही है। मुंबई में फिल्म के प्रीमियम रिक्लाइनर टिकट की कीमत 3,170 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी अलग-अलग सिनेमाघरों और फॉर्मेट के हिसाब से टिकटों के दाम तय किए गए हैं। ट्रेड वेबसाइट सैक्निल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म की एडवांस बुकिंग से अब तक करोड़ों रुपये की कमाई हो चुकी है।

मुंबई में ₹3170 तक पहुंची टिकट की कीमत

'रामायण: द राइज ऑफ ए लेजेंड' की टिकट कीमतों ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। मुंबई के चर्चगेट स्थित इरोस इनॉक्स आईमैक्स सिनेमा में फिल्म के IMAX 3D शो की बुकिंग उपलब्ध है। यहां सुबह 7:30 बजे के शो के टिकट 530 रुपये से 680 रुपये के बीच हैं। हालांकि प्रीमियम रिक्लाइनर सीट चुनने वाले दर्शकों को एक टिकट के लिए 3170 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। टिकटों की कीमतों में अंतर सिनेमाघर, सीट की श्रेणी, शो के समय और स्क्रीनिंग फॉर्मेट के आधार पर है। सामान्य सीटों की तुलना में IMAX और प्रीमियम सीटों के लिए दर्शकों को अधिक पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।

Image Source : Book My Showफिल्म की टिकट।

दिल्ली में भी अलग-अलग हैं टिकट के दाम

दिल्ली में भी फिल्म की टिकट कीमतें चर्चा का विषय बनी हुई हैं। PVR ECX चाणक्यपुरी में सुबह 9 बजे के 3D शो के टिकट 338.98 रुपये से 406.78 रुपये के बीच उपलब्ध हैं। ये कीमतें जीएसटी से पहले की हैं। वहीं रात 11:45 बजे के शो के लिए टिकटों की कीमत 474.58 रुपये से 559.32 रुपये तक बताई गई है। IMAX स्क्रीनिंग के लिए कीमतें और अधिक हैं। शो के समय और सीट के अनुसार टिकटों के दाम 600 रुपये से लेकर 2400 रुपये तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में दर्शकों के पास अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से विकल्प तो हैं, लेकिन प्रीमियम अनुभव के लिए उन्हें अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

बेंगलुरु में ₹950 तक के टिकट

बेंगलुरु में फिल्म के कन्नड़ और तेलुगु संस्करणों की बुकिंग भी सामने आई है। एएमबी सिनेमाज कपाली समेत कुछ सिनेमाघरों में फिल्म के शो सूचीबद्ध किए गए हैं। यहां सुबह 9:15 बजे का शो सबसे शुरुआती उपलब्ध शो में शामिल है। 2D और 3D फॉर्मेट में टिकटों की कीमत 450 रुपये से 950 रुपये के बीच बताई गई है। हालांकि बेंगलुरु में हिंदी संस्करण और IMAX शो की बुकिंग अभी सूचीबद्ध नहीं हुई थी। वहीं हैदराबाद और चेन्नई में भी टिकटों की बिक्री शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है।

सोशल मीडिया पर टिकट की बढ़ती कीमतों को लेकर नाराजगी

फिल्म के टिकटों की कीमतों को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ी हुई है। कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि शुरुआती दौर में करीब 800 रुपये में उपलब्ध टिकटों की कीमत तीन से चार घंटे के भीतर बढ़कर लगभग 1200 रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, अलग-अलग सीटों और शो के कारण कीमतों में अंतर हो सकता है। दर्शकों की चिंता सिर्फ टिकट की कीमत तक सीमित नहीं है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर लगने वाले सुविधा शुल्क को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ प्रशंसकों का कहना है कि टिकट के साथ अतिरिक्त शुल्क जुड़ने से फिल्म देखने का कुल खर्च और बढ़ जाता है।

एडवांस बुकिंग में 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई

सैक्निल्क के मुताबिक फिल्म ने भारत में एडवांस बुकिंग के जरिए 5.44 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है और एक लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। बुधवार शाम 7 बजे तक 104 शहरों में फिल्म की बुकिंग दर्ज की गई थी। ब्लॉक बुकिंग को शामिल न करने पर एडवांस कलेक्शन 5.93 करोड़ रुपये बताया गया है। ये आंकड़े शुरुआती बुकिंग के रुझान को दर्शाते हैं और रिलीज से पहले इनमें बदलाव संभव है।

5 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'रामायण'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश कर रहे हैं। इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे, सनी देओल, यश, अनुपम खेर, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल और विवेक ओबेरॉय सहित कई कलाकार नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के दोनों भागों और प्रमोशन को मिलाकर कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म 5 नवंबर 2026 को भारत और विदेशी बाजारों में रिलीज होने वाली है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके वितरण की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स संभाल रही है। IMAX समेत विभिन्न सिनेमाई फॉर्मेट में रिलीज होने वाली इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। अब देखना होगा कि टिकटों की ऊंची कीमतों के बावजूद यह महाकाव्य दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितनी सफल होती है।

ये भी पढ़ें: दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरी FWICE, पीएम मोदी से लगाई गुहार, मंत्री सुबोध उनियाल के व्यवहार पर जताई नाराजगी

Latest Bollywood News