1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बहुत हुआ प्यार मोहब्बत, अब इम्तियाज अली दिखाएंगे यारों का याराना, अनोखे अंदाज में किया अनाउंसमेंट

बहुत हुआ प्यार मोहब्बत, अब इम्तियाज अली दिखाएंगे यारों का याराना, अनोखे अंदाज में किया अनाउंसमेंट

इम्तियाज अली जल्द ही दोस्ती पर फिल्म बनाने वाले हैं। एक वीडियो शेयर कर इसका पूरा प्लान भी समझा दिया है।

Imtiaz Ali- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM@FUKRAVARUN इम्तियाज अली

जाने-माने फिल्म निर्माता इम्तियाज़ अली ने फ्रेंडशिप डे से ठीक पहले अपनी अगली फिल्म की घोषणा की है। 'रॉकस्टार' बनाने वाले इम्तियाज़ अली अपनी आगामी ड्रामा फिल्म 'साइड हीरोज़' में अभिषेक बनर्जी, अपारशक्ति खुराना और वरुण शर्मा के साथ काम करेंगे। इस फिल्म में ये तीनों कलाकार पहली बार एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। अली और महावीर जैन फिल्म्स द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित साइड हीरोज दोस्ती, पुरानी यादों और खुशी की तलाश को समर्पित एक भावपूर्ण और मजेदार  कहानी के साथ आने वाली है। 

कॉमेडी के साथ पर्दे पर लौट रहे इम्तियाज अली

उम्मीद है कि यह फिल्म तीन बचपन के दोस्तों की मार्मिक और हास्यपूर्ण कहानी बयां करेगी, जो सालों की खामोशी के बाद एक पुनर्मिलन में फिर से मिलते हैं। इस मिलन के दौरान, वे खुशी के असली मायने फिर से खोजते हैं, सपनों, प्यार, यादों और जीवन के विषयों की खोज करते हैं।  

अनोखे अंदाज में अनाउंस की फिल्म

बता दें कि इस फिल्म का अनाउंसमेंट भी काफी मजेदार अंदाज में किया गया है। इसको लेकर एक वीडियो जारी किया गया है। जिसमें अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बेनर्जी और वरुण शर्मा एक घर में बैठे नजर आ रहे हैं। तीनों डायरेक्टर इम्तियाज अली से बात कर रहे हैं और  काम मांग रहे हैं। इसी दौरान इम्तियाज के पास एक फोन आता है जो उनका खास दोस्त है। अपने दोस्त से मजेदार बातचीत के बाद इम्तियाज अपनी अगली फिल्म का खुलासा करते हैं। जिसमें उन्होंने बताया कि  साइड हीरोज  नाम की फिल्म बना रहे हैं। अब इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। 

लवस्टोरीज के लिए फेमस हैं इम्तियाज अली

बता दें कि इम्तियाज अली अपनी फिल्मों में दमदार प्रेमकहानी के लिए जाने जाते हैं। एक अलग फ्लेवर के साथ पर्दे पर रोमांस दिखाने वाले इम्तियाज अली ने इससे पहले कई सुपरहिट फिल्में भी दी हैं। रणबीर कपूर के साथ रॉकस्टार और तमाशा बना चुके हैं। करीना कपूर और शाहिद कपूर के साथ फिल्म जब वी मेट भी बनाई थी जो आगे चलकर एक कल्ट फिल्म बन गई और आज भी लोगों को खूब पसंद आती है। अब दोस्ती के गणित में हाथ आजमाने के लिए इम्तियाज अली पूरी तरह तैयार हैं। 

Latest Bollywood News