1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. क्या 450 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बन रही शाहरुख खान की 'किंग'? सिद्धार्थ आनंद ने अफवाहों पर किया रिएक्ट

क्या 450 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बन रही शाहरुख खान की 'किंग'? सिद्धार्थ आनंद ने अफवाहों पर किया रिएक्ट

शाहरुख खान स्टारर 'किंग' के भारी बजट की काफी चर्चाएं हो रही हैं। लोग दावा कर रहे हैं कि फिल्म 400 करोड़ से भी ज्यादा के बजट में बनाई जा रही है, जिस पर अब निर्देशक ने रिएक्ट किया और दावों को झूठ करार दिया है।

Shah rukh khan- India TV Hindi
Image Source : IMDB शाहरुख खान।

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यह फिल्म निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के करियर का अब तक का सबसे महंगा प्रोजेक्ट होने जा रही है। इन खबरों के अनुसार फिल्म का बजट करीब 450 करोड़ रुपये के आस-पास आंका जा रहा था। हालांकि फिल्म निर्माता ने सीधे तौर पर इन कयासों का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए उनके एक हालिया पोस्ट ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

सिद्धार्थ आनंद का रहस्यमयी पोस्ट और बजट की अफवाहें

अक्सर अफवाहों पर एक शब्द में अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए जाने जाने वाले निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने अपने एक्स हैंडल पर सिर्फ एक शब्द लिखा, 'फॉल्स' यानी झूठ। हालांकि उन्होंने अपने इस पोस्ट में 'किंग' फिल्म या बजट से जुड़ी किसी विशेष रिपोर्ट का जिक्र नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत इसे 450 करोड़ रुपये के बजट वाले दावों से जोड़ दिया। इंटरनेट पर लोग अब यह कयास लगा रहे हैं कि निर्देशक ने इस एक शब्द के जरिए बजट की बड़ी-बड़ी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। फिलहाल सिद्धार्थ आनंद या फिल्म के मेकर्स की तरफ से आधिकारिक तौर पर बजट को लेकर कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Image Source : @JUSTSIDANAND/xकिंग को लेकर क्या बोले सिद्धार्थ आनंद।

फिल्म की स्टार कास्ट

'किंग' शाहरुख खान की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है, क्योंकि इसके जरिए वे पहली बार बड़े पर्दे पर अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते नजर आएंगे। इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में एक से बढ़कर एक दिग्गज कलाकार शामिल हैं। फिल्म में सुहाना और शाहरुख के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, अरशद वारसी और राघव जुयाल जैसे सितारे महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है।

बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड की बड़ी फिल्म से होगी टक्कर

यह एक्शन थ्रिलर फिल्म क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। 'किंग' की रिलीज से ठीक एक हफ्ते पहले यानी 18 दिसंबर 2026 को हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' भी कई भाषाओं में रिलीज हो रही है। इस हॉलीवुड फिल्म में क्रिस हेम्सवर्थ, एंथनी मैकी, वेनेसा किर्बी और पॉल रड जैसे बड़े कलाकार नजर आने वाले हैं। ऐसे में दिसंबर 2026 के आखिरी हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें: कौन है 'तारक मेहता' का दामाद? लाइमलाइट से दूर रहती है खूबसूरत बेटी, पिता की तरह करती है कलम से जादू

Latest Bollywood News