1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'जेलर 2' में रजनीकांत का पोता रोबोट बनाने और कोडिंग का है मास्टर, सिर्फ 13 साल की उम्र में चलाता है खुद की कंपनी

'जेलर 2' में रजनीकांत का पोता रोबोट बनाने और कोडिंग का है मास्टर, सिर्फ 13 साल की उम्र में चलाता है खुद की कंपनी

'जेलर 2' में रजनीकांत के पोते का किरदार निभाने वाले बाल कलाकार रित्विक जोति राज ने दोस्तों के साथ कंपनी शुरू की है। उन्हें कोडिंग, पायथन और रोबोट बनाने में भी दिलचस्पी है।

Rithvik jothi raj- India TV Hindi
Image Source : RITHVIK_RITHUROCKS/INSTAGRAM रजनीकांत के साथ रित्विक जोति राज।

सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर' और इसके सीक्वल 'जेलर 2' में उनके पोते का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले बाल कलाकार रित्विक जोति राज इन दिनों चर्चा में हैं। हालांकि इस बार वह अपनी एक्टिंग नहीं, बल्कि अपने बिजनेस आइडिया और तकनीकी हुनर को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। महज छोटी उम्र में रित्विक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक कंपनी शुरू की है। उन्हें कोडिंग, रोबोटिक्स और उद्यमिता में दिलचस्पी है। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने स्टार्टअप के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। उनकी बातें सुनकर लोग हैरान हैं कि इतनी कम उम्र में वह अभिनय के साथ-साथ बिजनेस और टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी हाथ आजमा रहे हैं।

वीडियो कॉल पर बोरियत से आया कंपनी शुरू करने का आइडिया

इंटरव्यू के दौरान रित्विक ने बताया कि कंपनी शुरू करने का विचार किसी बड़ी कारोबारी योजना के तहत नहीं आया था। इसकी शुरुआत दोस्तों के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करते समय हुई बोरियत से हुई। उन्होंने बताया कि जब सभी दोस्त वीडियो कॉल पर समय बिता रहे थे, तब उन्होंने सोचा कि क्यों न अपनी एक वेबसाइट बनाई जाए। रित्विक के मुताबिक उन्हें और उनके दोस्तों को थोड़ी-बहुत कोडिंग आती थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने वेबसाइट बनाने का फैसला किया। धीरे-धीरे यह विचार एक कंपनी शुरू करने तक पहुंच गया। उनकी इस बात ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा है। आमतौर पर इस उम्र में बच्चे पढ़ाई और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, लेकिन रित्विक तकनीकी प्रयोगों और बिजनेस के बारे में सोच रहे हैं।

पायथन कोडिंग और रोबोट बनाने में भी है दिलचस्पी

बातचीत के दौरान जब इंटरव्यू लेने वाली ने रित्विक से पूछा कि क्या उन्हें कोडिंग आती है तो उन्होंने बताया कि वह पायथन प्रोग्रामिंग लैंग्वेज जानते हैं। यह सुनकर इंटरव्यू लेने वाली हैरान रह गईं। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद कोडिंग के बारे में कॉलेज में सीखा था। इस पर रित्विक ने कहा कि उन्हें भी इसकी जानकारी सिखाई गई है। इसके बाद जब उनसे दूसरे सॉफ्टवेयर और तकनीकी कौशल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें रोबोट बनाना भी आता है। उनकी यह बात सुनकर बातचीत और दिलचस्प हो गई। रित्विक की रुचि से पता चलता है कि वह सिर्फ फिल्मों में काम करने तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि तकनीक की दुनिया में भी कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं।

वेबसाइट पर बेचते हैं सामान, कोर्स भी उपलब्ध

रित्विक ने अपनी कंपनी के कामकाज के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी वेबसाइट के जरिए कुछ सामान बेचा जाता है और वहां कुछ कोर्स भी उपलब्ध हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फिलहाल उनकी वेबसाइट पर ज्यादा लोग नहीं आते हैं। इसके बावजूद वह इसे बंद करने के बजाय चालू रखे हुए हैं। कंपनी में काम करने वाले लोगों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर रित्विक ने बताया कि मुख्य रूप से पांच लोग इस काम में शामिल हैं। इसके अलावा पांच अन्य लोग भी उनके समूह का हिस्सा हैं। जब इंटरव्यू लेने वाली ने इन लोगों को कर्मचारी कहा तो रित्विक ने इस शब्द से सहमति नहीं जताई। उन्होंने कहा कि वह उन्हें कर्मचारी नहीं कहेंगे और बातचीत में उन्हें मदद करने वाले लोगों के रूप में संबोधित किया गया।

कौन हैं रित्विक जोति राज?

रित्विक जोति राज तमिलनाडु के कोयंबटूर से ताल्लुक रखने वाले बाल कलाकार हैं। उन्होंने ऑनलाइन वीडियो के जरिए भी पहचान हासिल की, जिनमें वह अलग-अलग किरदार निभाते नजर आए। इसके बाद उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और 'O2', 'सरदार' तथा 'लकी भास्कर' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की फिल्म 'जेलर' से मिली, जिसमें उन्होंने रजनीकांत के पोते की भूमिका निभाई। 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म की सफलता के बाद वह इसके सीक्वल 'जेलर 2' में भी इसी किरदार में नजर आए। यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।

'जेलर 2' की बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई

रजनीकांत की 'जेलर 2' रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने छह दिनों के भीतर दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 320.37 करोड़ रुपये, जबकि नेट कलेक्शन 273.28 करोड़ रुपये बताया गया है।

ये भी पढ़ें: रामलीला में भगवान राम बने रवि किशन, भव्य रथ पर सवार होकर पहुंचे, बोले- मुश्किल वक्त में आध्यात्मिकता देती है ताकत

Latest Bollywood News