1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Jana Nayagan leak: कमल हासन से विजय देवरकोंडा तक, थलापति विजय की फिल्म लीक होने पर बिफरे साउथ स्टार, उठी लीगल एक्शन की मांग

Jana Nayagan leak: कमल हासन से विजय देवरकोंडा तक, थलापति विजय की फिल्म लीक होने पर बिफरे साउथ स्टार, उठी लीगल एक्शन की मांग

थलापति विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'जना नायकन' 4 महीने से रिलीज डेट को तरस रही है और इस बीच फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई है, जिसे लेकर साउथ के कई स्टार्स ने नाराजगी व्यक्त की है।

thalapathy vijay- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ACTORVIJAY/@IKAMALHAASAN जना नायकन लीक होने पर फूटा साउथ स्टार्स का गुस्सा

साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की अपकमिंग फिल्म 'जना नायकन' लगातार चर्चा में बनी हुई है। ये फिल्म जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सर्टिफिकेशन के फेर में फंसी ये फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो पाई है। 'जना नायकन' की रिलीज का मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है, इसके बाद भी ये फिल्म अब तक रिलीज नहीं हो पाई है। विजय के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। फिल्म को लेकर मचा बवाल अब तक शांत नहीं हुआ था कि ये रिलीज से पहले ही ऑनलाइन लीक हो गई है। ऐसे में साउथ के कई स्टार्स ने 'जना नायकन' के लीक होने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इस मामले पर अपना गुस्सा और चिंता जाहिर की है। रजनीकांत, कमल हासन से लेकर विजय देवरकोंडा तक ने विजय की फिल्म के ऑनलाइन लीक होने पर चिंता व्यक्त की है। 

'जना नायकन' लीक होने से चिंता में विजय देवरकोंड

'जना नायकन' रिलीज होने पर विजय देवरकोंडा ने नाराजगी जताई है। 'रणबाली' अभिनेता ने कहा कि इस घटना से उन्हें बहुत गुस्सा आया है और उन्होंने अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है। शनिवार को विजय देवरकोंडा ने अपने ट्विटर हैंडल पर अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा, 'जना नायकन लीक से मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है। अपने करियर की शुरुआत में ही मैंने इस तरह की घटना का दर्द और दुख झेला है। ऐसा लगता है जैसे आप निशाने पर हैं, उम्मीदें खत्म हो गई हैं। यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, बल्कि मेरे साथ काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और कई अन्य लोगों के सपने भी दांव पर लगे हैं।'

विजय देवरकोंडा ने की लीगल एक्शन की मांग

विजय देवरकोंडा आगे लिखती हैं- 'इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जाना चाहिए और इसके पीछे के लोगों की पहचान की जानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। यह हमें बार-बार याद दिलाता है कि लोग कितने असंवेदनशील हो सकते हैं और कुछ लोग बिना सोचे-समझे दूसरों को नुकसान पहुंचाने के लिए किस हद तक जा सकते हैं। मैं फिल्म की पूरी टीम के प्रति अपनी संवेदना और बिना शर्त समर्थन व्यक्त करता हूं।'

सुपरस्टार रजनीकांत ने लिखा

सुपरस्टार रजनीकांत ने भी 'जना नायकन' के लीक होने पर नाराजगी व्यक्त की है। थलाइवा ने अपने पोस्ट में लिखा- 'किसी ने 'जना नायकन' फिल्म इंटरनेट पर लीक हो गई है, जिससे लोगों को गहरा सदमा और पीड़ा हुई है। फिल्म संघों को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और सरकार को दोषियों की पहचान करके उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए। भविष्य में ऐसे अपराधों को होने नहीं देना चाहिए।'

कमल हासन ने जताई नाराजगी

कमल हासन ने जना नायकन के लीक होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लिखा- 'जना नायकन का लीक होना कोई आकस्मिक घटना नहीं है - यह व्यवस्थागत विफलता का परिणाम है। यदि उचित प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती, तो आज यह स्थिति नहीं होती। प्रमाणीकरण में अत्यधिक देरी ने पायरेसी के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ पैदा कर दीं। जब कानूनी पहुंच बाधित होती है, तो अवैध माध्यम हावी हो जाते हैं।'

पूजा हेगड़े का पोस्ट

पूजा हेगड़े ने भी 'जना नायकन' की रिलीज पर नाराजगी व्यक्त की, जो खुद भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में, अभिनेत्री ने लिखा, "मेरे प्यारे दर्शकों। एक फिल्म अनगिनत घंटों की मेहनत, रचनात्मक जोखिमों, व्यक्तिगत बलिदानों और एक ऐसी टीम का परिणाम होती है जो आपको बेहतरीन अनुभव देने की उम्मीद में हर दिन काम पर आती है। फिल्म का ऑनलाइन लीक होना निराशाजनक है, न केवल मेरे लिए, बल्कि इस पर काम करने वाले हर व्यक्ति के लिए। इसे अवैध रूप से लीक और साझा होते देखना कठिन है - संख्या के कारण नहीं, बल्कि इसलिए कि यह फिल्म में काम करने वाले हर कलाकार और तकनीशियन के सम्मान को छीन लेता है। साथ ही, क्या हम सभी को विजय सर की आखिरी फिल्म को एक आखिरी बार बड़े पर्दे पर सही तरीके से देखने और जश्न मनाने का हक नहीं है? तो चलिए इसे सही तरीके से देखते हैं। आइए इंतजार करें। यह सही समय पर रिलीज होगी।"

Image Source : instagram/@hegdepoojaपूजा हेगड़े का पोस्ट

चिरंजीवी ने भी किया पोस्ट

चिरंजीवी ने लिखा, 'जना नायकन का लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है और मुझे बहुत चिंतित करता है। सिनेमा विश्वास, मेहनत और कई लोगों के सामूहिक सपनों पर टिका है। ऐसी घटनाएं हम सभी को प्रभावित करती हैं और हमें याद दिलाती हैं कि अपनी क्रिटेटिव काम की रक्षा करना कितना जरूरी है। हम नुकसान को कम करने और दोषियों को दंडित करने में केवीएन प्रोडक्शंस के साथ खड़े हैं। आइए हम सभी सिनेमा का सम्मान और संरक्षण करने के लिए अपना समर्थन दें! पायरेसी को खत्म करो। सिनेमा बचाओ।'

सूर्या ने भी किया जना नायकन मेकर्स का समर्थन

सूर्या ने लिखा - 'दिल दहला देने वाला और अन्यायपूर्ण – पूरी टीम का जुनून इस तरह बर्बाद हो गया। मैं आप सभी से ईमानदारी से निवेदन करता हूं, कृपया इस फिल्म को न देखें, न साझा करें और न ही यहां इस पर चर्चा करें। उनके काम का सम्मान करें। मैं अपने दोस्तों के साथ खड़ा हूं और इस कृत्य की निंदा करता हूं, यह अक्षम्य है!'

केवीएन प्रोडक्शन्स का पोस्ट

आज सुबह ही, फिल्म के प्रोडक्शन हाउस, केवीएन प्रोडक्शंस ने एक कड़ा बयान जारी कर लोगों से लीक हुई सामग्री को साझा न करने या न देखने का आग्रह किया। फिल्म का निर्माण कर रही केवीएन प्रोडक्शंस ने शुक्रवार शाम को एक बयान जारी कर पुष्टि की कि फिल्म के कुछ हिस्से, और कुछ मामलों में लगभग पूरी फिल्म, सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से प्रसारित की गई है। टीम ने इसे डिजिटल पायरेसी का एक गंभीर मामला बताया और कहा कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः 'धुरंधर' एक्ट्रेस सारा अर्जुन पहुंचीं महाकाल के दरबार, भस्म आरती में हुईं शामिल, भक्ति में दिखीं लीन
भारत में नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 पर ट्रेंड कर रहा है ये कोर्ट रूम ड्रामा, हंसते-हंसाते सुलझाती है गंभीर मुद्दे, आपने देखी?

Latest Bollywood News