जॉली LLB 3: अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी क्या कर पाएंगी बॉक्स ऑफिस पर कमाल? एडवांस बुकिंग में है ऐसा हाल
'जॉली एलएलबी 3' की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। अक्षय कुमार और अरशद वारसी की फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। कहा जा रहा है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका दबदबा देखने को मिल सकता है। इसकी एडवांस बुकिंग पर एक नजर डालें।
सुभाष कपूर द्वारा निर्देशित चर्चित कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' में दर्शकों को एक दिलचस्प टक्कर देखने को मिलेगी। इस बार दोनों 'जॉली' अक्षय कुमार और अरशद वारसी एक ही फिल्म में आमने-सामने होंगे। एक तरफ है अक्षय कुमार की स्टार पावर और दूसरी तरफ अरशद वारसी की फ्रेंचाइजी से जुड़ी पुरानी पहचान। ऐसे में फिल्म से खासकर हिंदी भाषी इलाकों में जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं और माना जा रहा है कि लंबे वक्त के बाद अक्षय कुमार के हाथ एक बड़ी सफलता लग सकती हैं। फिलहाल फिल्म की एडवांस बुकिंग का क्या हाल है, जानते हैं।
कितनी हुई एडवांस बुकिंग
हालांकि, शुरुआती एडवांस बुकिंग रिपोर्ट्स निराशाजनक हैं। 'जॉली एलएलबी 3' की टिकटों की अग्रिम बिक्री 15 सितंबर को शुरू हुई थी, लेकिन दो दिन बाद तक फिल्म केवल 34310 टिकटें ही बेच सकी। सैकनिल्क के अनुसार, इससे फिल्म ने पहले दिन की एडवांस बुकिंग से सिर्फ 10390252 की कमाई की है, जो एक बड़ी स्टारकास्ट वाली फिल्म के लिए अपेक्षाकृत कम है। रिलीज में अब दो दिन से भी कम का समय बचा है और अब तक इसकी एडवांस बुकिंग 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा ही पार कर पाई है। फिलहाल एडवांस बुकिंग के लिए अभी दो दिन और बाकी हैं। ऐसे में ये देखने वाली बात होगी कि फिल्म कैसी कमाई करती है।
इससे पहले भी एडवांस बुकिंग में नहीं दिखा था कुछ खास
इसके बावजूद निर्माताओं को पूरी उम्मीद है कि जैसे-जैसे रिलीज की तारीख नजदीक आएगी, एडवांस बुकिंग में तेजी आएगी। साथ ही फिल्म जिस शैली से जुड़ी है, कोर्टरूम ड्रामा-कम-कॉमेडी, वह ऐसी नहीं होती जो पूरी तरह से शुरुआती ओपनिंग या अग्रिम टिकट बिक्री पर निर्भर करती है। वर्ड ऑफ माउथ का भी इन फिल्मों पर बहुत प्रभाव रहता है। इसका उदाहरण 'जॉली एलएलबी 2' से भी मिलता है, जिसमें अक्षय कुमार ने पहली बार इस फ्रेंचाइजी में कदम रखा था। 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म की एडवांस बुकिंग भी ज्यादा प्रभावशाली नहीं थी, लेकिन शानदार वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म ने पहले ही दिन 13 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद फिल्म ने भारत में कुल 117 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ₹198 करोड़ का बिजनेस किया था।
कब रिलीज हो रही फिल्म
'जॉली एलएलबी 3' की कहानी इस बार जमीन हड़पने के एक केस के इर्द-गिर्द घूमती है। अक्षय कुमार का किरदार जगदीश्वर ‘जॉली’ मिश्रा, एक शक्तिशाली नेता का बचाव कर रहा है, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने कोर्ट में घसीटा है। वहीं अरशद वारसी का किरदार, जगदीश ‘जॉली’ त्यागी ग्रामीणों की तरफ से इस केस की पैरवी कर रहा है। फिल्म में सौरभ शुक्ला भी अपने पुराने मजेदार न्यायाधीश के किरदार में वापसी कर रहे हैं, जिनकी मौजूदगी पिछली दोनों फिल्मों में दर्शकों को खूब पसंद आई थी। इसके अलावा हुमा कुरैशी और अमृता राव भी फिर से नजर आएंगी, जबकि गजराज राव और सीमा बिस्वास जैसे दमदार कलाकार इस बार नए जुड़ाव के रूप में फिल्म का हिस्सा हैं। 'जॉली एलएलबी 3' 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अब देखना होगा कि क्या फिल्म अपनी स्टारकास्ट और कहानी के दम पर बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखा पाती है या नहीं।
ये भी पढ़ें: वकील की पोषाक में आ रहे 2 जॉली, जज की पहले ही बिगड़ गई हालत, अब कैसी होगी वकालत की तीसरी किस्त?
शाहरुख से लेकर आमिर, रजनीकांत से कमल हासन तक, PM मोदी के बर्थेडे पर बॉलीवुड-साउथ से आई विशेज की बाढ़
