दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मुखर्जी परिवार हर साल मुंबई में नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पंडाल का आयोजन करता है और हर साल की तरह इस साल भी सालों पुरानी परंपरा एक बार फिर देखने को मिली। नवरात्रि के मौके पर काजोल अपनी मां तनुजा, बहन तनीषा मुखर्जी और पूरे मुखर्जी परिवार के साथ नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा में शामिल हुईं। पिछले दिनों ही काजोल ने अपने परिवार के साथ मिलकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया और मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। इस साल मुखर्जी परिवार नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा का 80वां आयोजन कर रहा है। करीब आठ दशक पुरानी यह परंपरा मुखर्जी परिवार के लिए बेहद खास रही है। इस बीच काजोल के दुर्गा पंडाल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को माता की भक्ति में लीन देखा जा सकता है और इसी दौरान उस पर माता आ जाती हैं।
काजोल के दुर्गा पंडाल में महिला पर आईं माता
वायरल हो रहे वीडियो में तनीषा मुखर्जी और अन्य लोगों को धुनुची नृत्य करते देखा जा सकता है। इसी बीच एक महिला को भक्ति में इस कदर लीन होते देखा गया कि वह ट्रांस जैसी स्थिति में चली गई। महिला अपने सिर को जोर-जोर से हिलाने लगी और सामने रखे बड़ी दान पेटी को जोर-जोर से हिलाने लगी। ऐसे में अगल-बगल खड़े लोगों ने दान पेटी को पकड़ लिया, ताकि वो गिर न जाए और धुनुची नृत्य कर रहीं तनीषा और अन्य लोग साइड हो गए। काजोल के दुर्गा पंडाल का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर सोशल मीडिया यूजर भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
काजोल के दुर्गा पंडाल में पहुंचे सितारे
हर साल की तरह इस साल भी काजोल के दुर्गा पंडाल में सितारों की भीड़ नजर आई। जया बच्चन अपनी बेटी श्वेता बच्चन नंदा के साथ माता के दर्शन के लिए पहुंचीं। इस दौरान एक बार फिर उनकी काजोल से जबरदस्त बॉन्डिंग देखने को मिली। जैसे ही काजोल, जया बच्चन से मिलीं उन्हें जोर से गले लगा लिया। इसके बाद दोनों गपशप करती नजर आईं और हंसते हुए एक-दूसरे के साथ पोज भी दिए। जया बच्चन को हर बार की तरह इस बार भी काजोल को गर्मजोशी से गले लगाते देखा गया और इसके बाद उन्होंने काजोल, अयान मुखर्जी, तनीषा और अन्य लोगों के साथ तस्वीरें भी क्लिक कराईं।
नीसा-युग भी काजोल के साथ आए नजर
नवरात्रि के दौरान पूरा मुखर्जी परिवार दुर्गा पंडाल में मौजूद होता है और इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। काजोल और अजय देवगन के बच्चे नीसा और युग भी दुर्गा पंडाल में दिखाई दिए। इस दौरान काजोल ने जहां मस्टर्ड येलो साड़ी पहनी थी तो वहीं नीसा ने पाउडर ब्लू कलर की सुंदर सिल्क साड़ी पहनी थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। वहीं युग सफेद रंग के कुर्ता-पायजामा में दिखाई दिए और फिर तीनों ने साथ में तस्वीरें भी क्लिक कराईं। बता दें, दुर्गा पूजा समारोह से कुछ दिन पहले मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तनीषा ने पैपराजी और आम लोगों से पंडाल में मर्यादा बनाए रखने की अपील की थी।
ये भी पढ़ेंः काजोल ने मां और बहन संग की दुर्गा पूजा की शुरुआत, 80 साल पुरानी परंपरा में शामिल हुआ पूरा परिवार, सामने आई झलकियां
Latest Bollywood News