1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. धुरंधर 2 पर उमड़ा कंगना रनौत का प्यार, डायरेक्टर आदित्य धर की कलाकारी को भी ठोका सलाम

धुरंधर 2 पर उमड़ा कंगना रनौत का प्यार, डायरेक्टर आदित्य धर की कलाकारी को भी ठोका सलाम

कंगना रनौत को भी धुरंधर 2 बेहद पसंद आई है और उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर की तारीफ की है। साथ ही इसे आने वाले समय के लिए भी एक अहम कहानी बताया है।

Kangna Ranaut And Ranveer Singh- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM@KANGANARANAUT AND RANVEERSINGH कंगना रनौत और रणवीर सिंह

फिल्म निर्माता आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ एस. एस. राजामौली, राकेश रोशन और अन्य फिल्म निर्माताओं से भी खूब सराहना मिल रही है। अब कंगना रनौत ने भी एक संदेश लिखकर आदित्य धर को 'धुरंधर 2' की सफलता का सबसे बड़ा श्रेय दिया है। कंगना रनौत ने धुरंधर 2 की सफलता के लिए आदित्य धर की प्रशंसा की। शनिवार को कंगना ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने लिखा, 'धुरंधर की सफलता की सबसे अच्छी बात यह है कि सुपरस्टार निर्देशक आदित्य धर को पहचान मिली है। हॉलीवुड के सुपरस्टार निर्देशक हमेशा सुपरस्टार अभिनेताओं से कहीं ज्यादा बड़े होते हैं। उदाहरण के लिए: स्पीलबर्ग, टारनटिनो, नोलन। हम अपने फिल्म निर्माताओं को कभी भी उतना सम्मान या श्रेय नहीं देते जितना उन्हें मिलना चाहिए।' 

बताया काम का बोझ

इसके बाद कंगना ने भारत में निर्देशकों को मिलने वाली कम पहचान के बारे में बात करते हुए कहा, 'उन पर काम का बोझ बहुत ज्यादा होता है, उन्हें कम वेतन मिलता है और सुपरस्टार्स उन्हें परेशान करते हैं। नतीजतन, मुझे कोई भी ऐसा युवा नहीं मिलता - चाहे वह फिल्म इंडस्ट्री से हो या बाहर का - जो फिल्म निर्माता, सिनेमैटोग्राफर या कोई अन्य तकनीशियन बनने का सपना देखता हो। हर कोई खुद को प्रतिभाशाली बताता है, लेकिन वे सिर्फ अभिनेता बनना चाहते हैं। यहां एक सुपरस्टार फिल्म निर्माता हैं जो किसी भी हीरो से ज्यादा चमक रहे हैं। आज इतने सारे युवा उनकी कहानी देख रहे हैं जो उनके जैसा बनना चाहेंगे और फिल्म इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। आपको सलाम, सर आदित्य धर।' 

धुरंधर ने तोड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड

धुरंधर फिल्म बीते साल 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और पहले ही दिन कमाल कर दिया था। ये फिल्म लोगों को इतनी पसंद आई थी कि वर्ड ऑफ माउथ ही इसका सबसे बड़ा पब्लिसिटी हथियार रहा था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1350 करोड़ रुपयों से ज्यादा की कमाई कर सभी को चौंका दिया था। इसके बाद इसके अगले पार्ट धुरंधर 2 का भी ऐलान कर दिया था। बीते 19 मार्च को धुरंधर 2 भी रिलीज हो गई है और फिल्म ने अब तक 226 करोड़ रुपयों का कलेक्शन कर लिया है। साथ ही फिल्म इस वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में तगड़ा उछाल देख सकती है। फिल्म में रणवीर सिंह ने लीड रोल निभाया है और कमाल का काम किया है। धुरंधर 2 की स्टारकास्ट इन दिनों अपनी फिल्म की सफलता का जश्न मना रही है। 

ये भी पढ़ें- कांतारा स्टार से स्क्रीन पर भिड़ेंगे धुरंधर के मेजर इकबाल? छत्रपति शिवाजी महाराज की जिंदगी पर बन रही फिल्म

ऑस्कर विनिंग फिल्म के डायरेक्टर को बेहद पसंद आई धुरंधर 2, रणवीर सिंह की एक्टिंग की भी की जमकर तारीफ

Latest Bollywood News