अमेजन प्राइम के लोकप्रिय रियलिटी शो 'अलायंस' का फिनाले हफ्ता बेहद खास और रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। शो के अंतिम पड़ाव में अपने छोटे भाई सोहेल खान का समर्थन करने के लिए खुद बॉलीवुड के 'दबंग' यानी सलमान खान ने एंट्री मारी। शो के एपिसोड से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सलमान अपने बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन और वजन घटाने को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं। सलमान की इस खास मौजूदगी ने न केवल सोहेल खान का हौसला बढ़ाया, बल्कि दर्शकों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
भाई-भाई का 'वेट लॉस' कॉम्पिटिशन और फिटनेस पर चर्चा
वायरल हो रहे इस प्रोमो क्लिप में दोनों भाइयों के बीच फिटनेस को लेकर काफी मजेदार बातचीत देखने को मिली। सोहेल खान ने जब अपनी एब्स दिखाते हुए बताया कि उन्होंने शो के दौरान 12 किलो वजन कम कर लिया है, तो इस पर सलमान खान ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने भी 16 किलो वजन घटाया है। दरअसल हाल ही में मुंबई में स्लम रीहैबिलिटेशन अथॉरिटी के एक कार्यक्रम में जब सलमान पहुंचे थे तो उनके बदले हुए लुक और दुबलेपन को देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए थे, लेकिन 'अलायंस' के मंच पर सलमान द्वारा खुद वजन घटाने की बात साफ करने के बाद फैंस ने राहत की सांस ली है।
रितेश देशमुख की 'नौकरी' पर कसा मजाकिया तंज
शो में कंटेस्टेंट्स के साथ बातचीत के दौरान सलमान खान अपने जाने-पहचाने मजाकिया अंदाज में नजर आए। उन्होंने अपने करीबी दोस्त और अभिनेता रितेश देशमुख का जिक्र करते हुए एक तंज कसा और कहा, 'मुझे लगता है कि रितेश देशमुख की नौकरी अब खतरे में लग रही है।' हालांकि प्रोमो में सलमान की इस बात के पीछे का पूरा संदर्भ तो सामने नहीं आया, लेकिन उनके इस बयान ने दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। बता दें कि सलमान और रितेश के बीच काफी बेहतरीन बॉन्डिंग है और सलमान ने रितेश की पहली निर्देशित फिल्म 'राजा शिवाजी' में भी एक खास भूमिका निभाई थी।
'होस्ट' नहीं, बल्कि एक बड़े भाई के रूप में सलमान का नया रूप
सालों से 'बिग बॉस' जैसे बड़े रियलिटी शो को होस्ट करने वाले सलमान खान को अक्सर मंच से प्रतियोगियों का मार्गदर्शन करते देखा गया है, लेकिन इस बार का नजारा बिल्कुल अलग था। 'अलायंस' के मंच पर सलमान किसी स्टार होस्ट या मुख्य अतिथि की तरह नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और प्यार करने वाले बड़े भाई के रूप में पहुंचे थे। जब सोहेल ने बताया कि वे शो के दौरान काफी तनाव में आ गए थे तो सलमान ने तुरंत प्रतियोगियों से पूछा कि क्या वे उनके भाई को परेशान कर रहे हैं। सोहेल खान, आमतौर पर अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की सुर्खियों से दूर रखते हैं, इस शो में अपनी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह के आने के बाद से काफी चर्चा में थे। अब जब सोहेल फिनाले वीक तक पहुंच चुके हैं तो सलमान का एक आम परिवार के सदस्य की तरह आकर उनका समर्थन करना फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।
ये भी पढ़ें: CM थलापति विजय की ऐतिहासिक जीत पर पहली बार बोले बेटे जेसन संजय, बोले- मेरी जिम्मेदारियां अब और बढ़ गईं
Latest Bollywood News