बड़ा स्विमिंग पूल, महाभारत इंस्पायर्ड चेस बोर्ड, जैपनीज किचन और विंटेज कार, ऐसा है PV सिंधू का आलीशान बंगला, फराह खान ने दिखाया कोना-कोना
फराह खान ने पीवी सिंधू के आलीशान बंगले का हाउस टूर कराया, जहां विंटेज कार, महाभारत से प्रेरित चेस बोर्ड, बड़ा स्विमिंग पूल, जैपनीज स्टाइल किचन और क्लासिक लग्जरी इंटीरियर ने सबका ध्यान खींचा।

बैडमिंटन कोर्ट पर अपनी शानदार उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करने वाली पीवी सिंधू की जिंदगी खेल के मैदान से बाहर भी उतनी ही दिलचस्प है। उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक अब उनके खूबसूरत घर में देखने को मिली है। बॉलीवुड कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान ने पीवी सिंधू के घर का दौरा किया और अपने खास अंदाज में उनके बंगले का टूर कराया। घर के बाहर खड़ी विंटेज कार से लेकर अंदर के विशाल हॉल, महाभारत से प्रेरित चेस बोर्ड, एस्थेटिक किचन और बड़े स्विमिंग पूल तक, इस घर का हर कोना क्लासिक लग्जरी और खूबसूरत इंटीरियर का एहसास कराता है। बेज, व्हाइट और पिस्ता जैसे हल्के रंगों के इस्तेमाल ने घर को एक सुकून भरा लुक दिया है। आइए देखते हैं पीवी सिंधू के इस आलीशान बंगले की खासियतें। बता दें, ये पीवी सिंधू का नया बंगला है, जो उन्होंने बेंगलुरु में बनाया है, जिसका इंटीरियर कुछ दिनों पहले ही बनकर तैयार हुआ है।
एंट्रेंस पर विंटेज कार, अंदर खूबसूरत फैमिली गैलरी
पीवी सिंधू के घर की पहली झलक ही काफी खास है। बंगले के एंट्रेंस पर एक विंटेज कार खड़ी दिखाई देती है, जो घर के क्लासिक अंदाज को और आकर्षक बनाती है। घर के बड़े वुडेन दरवाजे से अंदर दाखिल होते ही एक खूबसूरत गैलरी नजर आती है। यहां दीवारों पर परिवार की तस्वीरें लगाई गई हैं, जो घर के लग्जरी इंटीरियर के बीच निजी यादों को भी खास जगह देती हैं। पूरे घर में लकड़ी के इस्तेमाल और सादगी भरे डेकोर का अच्छा तालमेल देखने को मिलता है।
शीशे की दीवारों वाला बड़ा हॉल और पिस्ता कलर के सोफे
घर के अंदर पहुंचते ही एक विशाल हॉल नजर आता है, जहां ड्रॉइंग रूम और डाइनिंग एरिया को खूबसूरती से सजाया गया है। हॉल की दीवारों पर बड़े-बड़े शीशे लगे हैं, जिन पर लंबे पर्दे लगाए गए हैं। इससे कमरे को खुला और भव्य लुक मिलता है। घर की कलर थीम में बेज, व्हाइट और पिस्ता रंगों को प्रमुखता दी गई है। पिस्ता कलर के सोफे इस जगह की खूबसूरती बढ़ाते हैं। इसके अलावा, हॉल में कई वुडेन डेकोर पीस और क्लासिक लैंप भी रखे गए हैं। इन छोटी-छोटी चीजों के जरिए घर को मॉडर्न होने के साथ-साथ पारंपरिक और क्लासी टच दिया गया है।
महाभारत से इंस्पायर्ड चेस बोर्ड ने खींचा ध्यान
पीवी सिंधू के घर के इंटीरियर में एक खास चीज महाभारत से प्रेरित चेस बोर्ड है। यह घर के डेकोर को एक अलग पहचान देता है। आमतौर पर लग्जरी घरों में आर्ट पीस और शोपीस देखने को मिलते हैं, लेकिन इस तरह का चेस बोर्ड इंटीरियर में भारतीय संस्कृति और रचनात्मकता का मेल दिखाता है। घर में इस्तेमाल की गई लकड़ी की सजावटी चीजें, क्लासिक लैंप और हल्के रंगों का संयोजन भी इसी थीम को आगे बढ़ाता है।
बैकयार्ड में बड़ा स्विमिंग पूल, लकड़ी की फ्लोरिंग
पीवी सिंधू के बंगले का बैकयार्ड भी किसी लग्जरी रिजॉर्ट से कम नहीं लगता। यहां लकड़ी की फ्लोरिंग के साथ एक बड़ा स्विमिंग पूल बनाया गया है। घर के अंदर की सादगी और बाहर की खुली जगह मिलकर इसे आराम करने के लिए एक शानदार जगह बनाती हैं। पूरे घर में लिनेन के पर्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिनके रंग व्हाइट, ग्रे और बेज जैसे सॉफ्ट शेड्स में रखे गए हैं। इससे घर का माहौल हल्का, शांत और एस्थेटिक नजर आता है।
जैपनीज स्टाइल किचन, बेज प्रिंट से सजा इंटीरियर
घर का किचन भी अपने डिजाइन और ऑर्गेनाइजेशन के कारण ध्यान खींचता है। इसे बेज कलर की प्रिंटेड थीम में तैयार किया गया है। किचन का हर हिस्सा व्यवस्थित नजर आता है। फराह खान ने इसके बारे में बताते हुए इसे जैपनीज स्टाइल किचन बताया और टोसो चिकन का जिक्र किया। किचन के सामने रखा डाइनिंग टेबल भी घर की कलर थीम के अनुरूप है। बेज और ब्राउन रंगों वाला यह टेबल क्लासिक लुक देता है और पूरे डाइनिंग एरिया के साथ अच्छी तरह मेल खाता है।
ऊंची छत और दो मंजिला बंगले में लिफ्ट की सुविधा
पीवी सिंधू का यह घर दो मंजिला है और इसकी छत काफी ऊंची रखी गई है। ऊंची छत और बड़े हॉल के कारण घर के अंदर पर्याप्त खुलापन महसूस होता है। बंगले में लिफ्ट की सुविधा भी मौजूद है, जो इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाती है। कुल मिलाकर, पीवी सिंधू का घर क्लासिक लग्जरी, मिनिमल कलर पैलेट और व्यक्तिगत पसंद का खूबसूरत मेल है। विंटेज कार से लेकर स्विमिंग पूल और महाभारत से प्रेरित चेस बोर्ड तक, घर का हर हिस्सा अपनी अलग पहचान रखता है। फराह खान के इस हाउस टूर ने फैंस को बैडमिंटन स्टार की जिंदगी के एक ऐसे पहलू की झलक दिखाई है, जो खेल के मैदान से बिल्कुल अलग है।
ये भी पढ़ें: अक्षय कुमार के लाडले आरव संग छुट्टियां मना रहीं अनन्या पांडे, साथ में की बेकिंग, दिखाई झलक