इंडस्ट्री अभी दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के शोक से बाहर भी नहीं आ सका था कि मनोरंजन जगत के एक और कलाकार ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। भारतीय रॉक गिटारिस्ट महेश तिनैकर का 63 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। रॉक बैंड 'रॉक मशीन' (जिसे बाद में 'इंडस क्रीड' के नाम से जाना गया) के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे महेश तिनैकर के निधन की खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। बॉलीवुड अभिनेता, सिंगर और फिल्ममेक फरहान अख्तर और म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी सहित कई मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया पर रॉक लीजेंड के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
महेश तिनैकर का निधन
खबरों के अनुसार, संगीतकार महेश तिनैकर का 15 अक्टूबर को हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। गिटारिस्ट और म्यूजिक टीचर महेश तिनैकर ने 1984 में 'रॉक मशीन' नाम का रॉक बैंड बनाया था, जिसे आगे चलकर 'इंडस क्रीड' नाम से जाना गया। इस बैंड में गायक उदय बेनेगल, कीबोर्ड वादक ज़ुबिन बालापोरिया, बासिस्ट मार्क सेलविन, गिटारिस्ट जयेश गांधी और ड्रमर मार्क मेनेजेस शामिल थे।
महेश तिनैकर के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर
महेश तिनैकर के निधन की खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशंसक और मशहूर हस्तियां सोशल मीडिया के जरिए दिग्गज गिटारिस्ट को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और भारतीय रॉक म्यूजिक में उनके योगदान को याद कर रहे हैं। फरहान अख्तर और विशाल ददलानी ने संगीतकार को श्रद्धांजलि दी है। फरहान अख्तर ने इंस्टाग्राम पर महेश तिनैकर की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'रेस्ट इन पीस भाई। महेश तिनैकर।'
Image Source : Instagram/@faroutakhtarफरहान अख्तर ने महेश तिनैकर को दी श्रद्धांजलि।
विशाल ददलानी ने भी दी श्रद्धांजलि
इंस्टाग्राम पर, म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने दिवंगत गिटारिस्ट की एक तस्वीर साझा की और एक भावुक नोट लिखा। श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने लिखा, 'आज भारत ने एक सच्चे दिग्गज को खो दिया है। रॉक मशीन के बाद से हर रॉक-एंड-रोलर, महेश तिनैकर का आभारी है। उन्होंने हमारे लिए एक ऐसा रास्ता रोशन किया, जिसकी हमने कल्पना भी नहीं की थी! वे एक प्रेरणादायक और अग्रणी संगीतकार थे, और हमेशा सही पक्ष में खड़े रहने वाले इंसान थे। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इंडस क्रीड के साथ मंच साझा करने और सबके सामने उन्हें धन्यवाद देने का मौका मिला। मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरी छाती पर कोई जोरदार प्रहार हुआ हो। मैं सोच भी नहीं सकता कि इस समय उदय बेनेगल, मार्क सेल्विन, ज़ुबिन बालापोरिया, जयेश गांधी, और निश्चित रूप से शांतनु हुडलीकर और फरहाद वाडिया कैसा महसूस कर रहे होंगे। उन सभी के प्रति, महेश के परिवार के प्रति और संगीत के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं!'
इन कलाकारों ने भी दी श्रद्धांजलि
उदय बेनेगल, मार्क सेलविन, ज़ुबिन बालापोरिया, शांतनु हुडलीकर और फरहाद वाडिया समेत कई संगीतकारों ने रॉक गिटारिस्ट महेश तिनैकर को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। महेश बैंड के सबसे लोकप्रिय भारतीय रॉक गानों से जुड़े थे, जिनमें 'प्रिटी चाइल्ड', 'ट्रैप्ड', 'टॉप ऑफ द रॉक' और 'फायरफ्लाइज' शामिल हैं।
ये भी पढ़ेंः 'अंधभक्त कहो या दलाल, मुझे फर्क नहीं पड़ता', PM मोदी को गाली देने वालों पर भड़के अनुपम खेर, बोले- मैं चुप नहीं रहूंगा
Latest Bollywood News