बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा की बहन और एक्ट्रेस अमृता अरोड़ा इन दिनों अपने शानदार वेट लॉस ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चर्चा में हैं। लंबे समय से फिल्मों से दूर चल रहीं अमृता ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें उनका बदला हुआ लुक देखकर फैंस भी हैरान रह गए। 45 साल की उम्र में अभिनेत्री ने कुछ ही महीनों के भीतर करीब 14 किलो वजन कम किया है। उनकी इस फिटनेस जर्नी की तस्वीरें सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके ट्रांसफॉर्मेशन की खूब चर्चा हो रही है।
कुछ महीनों में घटाया 14 किलो वजन
अमृता अरोड़ा ने अपनी फिटनेस जर्नी के बारे में बात करते हुए बताया कि उन्होंने बीते कुछ महीनों में 14 किलो वजन कम किया है। अभिनेत्री के मुताबिक, यह बदलाव उनके लिए सिर्फ शारीरिक रूप से खुद को बेहतर बनाने का प्रयास नहीं था, बल्कि एक निजी चुनौती भी थी। उन्होंने खुद को इस लक्ष्य के लिए तैयार किया और लगातार मेहनत करके अपने लुक में बड़ा बदलाव किया। अमृता की नई तस्वीरों में उनके चेहरे और बॉडी में आया फर्क साफ नजर आ रहा है। अभिनेत्री ने बताया कि पिछले दो से तीन साल उनके लिए ऐसे रहे, जब वह खुद को अपने सबसे खराब दौर में महसूस कर रही थीं। इस दौरान उनकी फिटनेस और शारीरिक स्थिति वैसी नहीं थी, जैसी वह पहले रखती थीं। इसी बात ने उन्हें खुद पर काम करने और अपनी पुरानी फिटनेस हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इसे एक व्यक्तिगत चुनौती के तौर पर लिया और वजन कम करने का फैसला किया।
खुद को बेहतर बनाने के लिए लिया चैलेंज
अमृता ने अपनी इस जर्नी को लेकर कहा कि बीते दो से तीन सालों में वह खुद को अपना सबसे खराब वर्जन मानने लगी थीं। उन्हें महसूस हुआ कि अब खुद के लिए कुछ करने और अपनी सेहत पर ध्यान देने का समय आ गया है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने ट्रांसफॉर्मेशन की शुरुआत की। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वह अपने करियर के शुरुआती दिनों से ही काफी दुबली-पतली रही हैं। यहां तक कि दो बच्चों की मां बनने के बाद भी उनका फिगर काफी हद तक पहले जैसा ही था। अमृता के मुताबिक साल 2023 में उनकी फिटनेस में बदलाव आया और उनका वजन बढ़ गया। अभिनेत्री ने कहा कि अजीब बात यह है कि लोगों के बीच उनकी यही स्थिति सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गई। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, 'मैं अपने शुरुआती दिनों से ही बेहद दुबली-पतली रही हूं और पूरे करियर के दौरान भी ऐसा ही रहा, यहां तक कि दो बच्चों के बाद भी। यह सिर्फ 2023 की बात है, जब मैं अपनी फिटनेस से भटक गई थी और अजीब तरह से लोगों के मन में यही बात सबसे ज्यादा रह गई।'
फिल्मों से दूर हैं अमृता अरोड़ा
अमृता अरोड़ा पिछले कुछ सालों से फिल्मों में सक्रिय नहीं हैं। उन्हें आखिरी बार अपनी बहन मलाइका अरोड़ा के रियलिटी शो 'मूविंग इन विद मलाइका' में देखा गया था। हालांकि वह सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़ी रहती हैं। इस बार उनकी चर्चा किसी फिल्म या प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि उनके फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन की वजह से हो रही है। 14 किलो वजन कम करने के बाद उनका नया लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है। अमृता की यह जर्नी दिखाती है कि खुद को बदलने और फिटनेस पर दोबारा ध्यान देने के लिए किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: 'मन कहता है हां, लेकिन शरीर कहता है ठहरो', सब आजमाने के बाद भी अमिताभ बच्चन को रात-रात भर नहीं आ रही नींद, बयां किया उम्र का तकाजा
Latest Bollywood News