मेगास्टार ममूटी कुछ महीने पहले तब सुर्खियों में आए थे जब उनके कैंसर से पीड़ित होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, अभिनेता की टीम ने इन दावों को खारिज कर दिया था। लेकिन, वह अपनी सेहत और रिकवरी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कुछ महीनों से सिनेमा जगत से दूर थे। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर ममूटी लंबे समय से बीमार थे और अब उन्होंने खुद अपनी हेल्थ अपडेट फैंस को दी है, जिसके बाद से सभी खुश नजर आ रहे हैं।
ममूटी पूरी तरह हुए ठीक
अब, एक्टर के पर्सनल सेक्रेटरी जॉर्ज सेबेस्टियन के माध्यम से ममूटी ने उन सभी लोगों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है जो इस चुनौतीपूर्ण दौर में उनके साथ खड़े रहे। यह जानकारी शेयर करते हुए जॉर्ज ने एक्टर की एक तस्वीर भी पोस्ट की है, जिसके कैप्शन में लिखा, 'कृतज्ञता से भरकर मैं आपके सामने हाथ जोड़कर खड़ा हूं। हालांकि, मेरे पास अपने प्यार को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं फिर भी मैं उन सभी का धन्यवाद करता हूं जो मेरे साथ खड़े रहे।'
पोस्ट यहां देखें:
हालांकि, अभिनेता और उनकी टीम ने अभी तक बीमारी का सही कारण किसी को नहीं बताया है, लेकिन उनके ठीक होने की खबर जानकर उनके फैंस राहत की सांस ले रहे हैं और बेहद खुश हैं कि ममूटी मलयालम सिनेमा में वापसी कर रहे हैं। जैसे ही उनके ठीक होने और वापसी की खबर सामने आई तो कई हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। मोहनलाल ने ममूटी को किस करते हुए एक तस्वीर शेयर की। इस बीच, पृथ्वीराज सुकुमारन और मंजू वारियर ने भी अभिनेता के ठीक होने पर और कमबैक को लेकर शुभकामनाएं दीं।
Image Source : Instagram/@therealprithvi, @Mohanlal ममूटी के ठीक होने पर स्टार्स का रिएक्शन
ममूटी का वर्कफ्रंट
ममूटी आखिरी बार नवोदित दीनो डेनिस द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'बजूका' में नजर आए थे। यह एक्शन थ्रिलर एक पुलिसवाले और एक व्यवसायी की कहानी है जो कई ऑनलाइन गेम्स की मदद से एक सीरियल किलर को पकड़ने के लिए टीम बनाते हैं। इसमें गौतम वासुदेव मेनन ने सह-मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में दिव्या पिल्लई, सिद्धार्थ भारतन, ईश्वर्या मेनन और बीनू पप्पू जैसे कलाकार भी थे। अब जल्द ही ममूटी फिल्म 'कलमकवल' में मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। इस क्राइम एक्शन थ्रिलर फिल्म का निर्देशन नवोदित निर्देशक जितिन के. जोस ने किया है, जिन्होंने जिष्णु श्रीकुमार के साथ मिलकर इसकी पटकथा लिखी है।
कलमकवल में ममूटी निभाएंगे ये किरदार
मेगास्टार को एक सीरियल किलर साइनाइड मोहन की भूमिका निभाते हुए देखा जा सकता है, जबकि विनायकन सह-मुख्य भूमिका में होंगे। इनके अलावा, फिल्म में मीरा जैस्मीन, गिबिन गोपीनाथ, गायत्री अरुण और राजिशा विजयन भी दिखाई देंगे। उम्मीद की जा सकती है कि ममूटी जल्द ही 'पैट्रियट' (एमएमएमएन) की शूटिंग में फिर से शामिल हो सकते हैं। महेश नारायणन निर्देशित इस फिल्म में मोहनलाल का कैमियो रोल हैं, जबकि कुंचाको बोबन, फहद फासिल, नयनतारा और अन्य कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
Latest Bollywood News