मनोज बाजपेयी एक सस्पेंस थ्रिलर के साथ दर्शकों के बीच वापसी कर रहे हैं। भारी विवाद के बाद मेकर्स ने मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म का टाइटल बदलने के बाद इसे ओटीटी पर रिलीज करने का फैसला किया है। अब विवादित टाइटल वाली मनोज बाजपेयी की फिल्म 'गजब रात' नाम से रिलीज होगी। यह कहानी एक रात और एक ऐसे फैसले के इर्द-गिर्द घूमती है जो सब कुछ बदल देता है। फिल्म के ओरिजिनल टाइटल 'घूसखोर पंडित' की सोशल मीडिया से लेकर राजनीति जगत तक में काफी आलोचना हुई थी, जिसके बाद अब इसका नाम बदलकर 'गजब रात' कर दिया गया है।
'गजब रात' का ट्रेलर रिलीज
मनोज बाजपेयी स्टारर 'गजब रात' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म एक ऐसे पुलिस वाले के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने निजी फायदे और सही काम करने के बीच उलझ जाता है। इस पुलिस अधिकारी की भूमिका फिल्म में मनोज बाजपेयी निभा रहे हैं। जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती है, उसके लिए गए फैसले ऐसी घटनाओं को जन्म देते हैं, जिनके नतीजे उसकी सोच से कहीं ज्यादा गंभीर होते हैं। 'गजब रात' की कहानी नैतिक दुविधा, बदलती वफादारी को दिखाती है। फिल्म का ट्रेलर सस्पेंस और डार्क टोन वाला है और कई कहानियों, कई किरदारों को दिखाने के लिए नेटफ्लिक्स ने इसे 'गजब रात' के तौर पर प्रोजेक्ट किया है।
'घूसखोर पंडित' विवाद क्या था?
नेटफ्लिक्स की आने वाली फिल्म 'गजब रात' का टाइटल पहले 'घूसखोर पंडित' तय किया गया था। मेकर्स ने फरवरी में फिल्म का ऐलान किया था, जो टाइटल के सामने आने के साथ ही विवादों में आ गई। धार्मिक और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोपों के चलते, लखनऊ के हज़रतगंज पुलिस स्टेशन में फिल्म के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। भोपाल में भी इस फिल्म का विरोध हुआ और इसे बैन करने की मांग उठी। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया, जिसके बाद फिल्म के निर्माताओं ने इसका नाम बदलने का फैसला किया।
रितेश शाह 'गजब रात' के साथ निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं
इस फिल्म के साथ रितेश शाह निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। अब तक रितेश शाह को एक लेखक के रूप में जाना जाता है, अब शाह इस सस्पेंस थ्रिलर के जरिए निर्देशक की भूमिका में आ गए हैं। नीरज पांडे के 'फ्राइडे फिल्म वर्क्स' द्वारा निर्मित, 'गजब रात' में मनोज बाजपेयी के साथ साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, कीकू शारदा और नुसरत भरूचा जैसे कलाकार नजर आएंगे और ये फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
ये भी पढ़ेंः 2 करोड़ रुपये जमा कराते ही राजपाल यादव को राहत, सुप्रीम कोर्ट ने विवाद सुलझाने के लिए निकाला रास्ता, अब जा सकेंगे विदेश
Latest Bollywood News