Mirzapur: The Film Release: बड़े पर्दे पर दिखेगा कालीन भैया का भौकाल, मुन्ना-गुड्डू की संग छाएगी सचिव जी की दबंगई, रिलीज के लिए तैयार खूनी खेल
Mirzapur: The Film Release: ओटीटी की दुनिया को भौकाल का स्वाद चखाने के बाद अब त्रिपाठी परिवार बड़े पर्दे पर वापसी करने वाला है। इस बार सीरीज का अगला सीजन नहीं बल्कि फिल्म आने वाली है।

'मिर्जापुर' एक ऐसी वेब सीरीज जिसने ओटीटी की दुनिया में आते ही तहलका मचा दिया और देखते ही देखते एक कल्ट फेनोमेनन बन गई। गालियां, सत्ता की भूख, खून-खराबा और दमदार किरदारों के साथ इस शो ने वो कारनामा कर दिखाया, जो बहुत कम सीरीज कर पाती हैं। दर्शकों से मिले जबरदस्त प्यार और ओटीटी पर इसकी रिकॉर्डतोड़ लोकप्रियता को देखते हुए अब मेकर्स ने इसे बड़े पर्दे पर लाने का फैसला कर लिया है। जल्द ही ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ सिनेमाघरों में भौकाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
खत्म हुई ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ की शूटिंग
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ का इंतजार फैंस काफी लंबे समय से कर रहे थे। वेब सीरीज के तीन सफल सीजन के बाद अब दर्शक यह जानने के लिए बेताब हैं कि ओटीटी से सिनेमाघरों तक पहुंचते हुए इस कहानी में क्या नया देखने को मिलेगा। इसी बीच फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हाल ही में मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर यह कन्फर्म कर दिया है कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। मेकर्स के मुताबिक फिल्म का आखिरी शेड्यूल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और अब प्रोजेक्ट पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में पहुंच चुका है। यह अपडेट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है।
मोस्ट अवेटेड फिल्मों की लिस्ट में शामिल
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ को लेकर बज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह ऑरमैक्स सिनेमैटिक्स की मोस्ट अवेटेड हिंदी फिल्मों की लिस्ट में भी शामिल हो चुकी है। इसका साफ मतलब है कि दर्शक इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इसे बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कहानी को लेकर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की कहानी को लेकर कोई बड़ा खुलासा नहीं किया है। हालांकि, इंडस्ट्री रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म या तो सीरीज़ का प्रीक्वल हो सकती है या फिर उसी टाइमलाइन का एक अहम और बड़ा हिस्सा दिखा सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म का स्केल वेब सीरीज से कई गुना ज्यादा भव्य होगा। सत्ता की लड़ाई, खून-खराबा और मिर्जापुर की गद्दी के लिए एक नया और और भी खूनी खेल दर्शकों को देखने को मिल सकता है। बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की दुनिया को और ज्यादा रॉ, इंटेंस और सिनेमैटिक तरीके से पेश किए जाने की पूरी तैयारी है।
दमदार स्टारकास्ट, नए चेहरे भी शामिल
फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की जान माने जाने वाले किरदार एक बार फिर लौट रहे हैं। पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा इस बार कुछ नए चेहरों की भी एंट्री होने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जीतेंद्र कुमार (जीतू भैया) और रवि किशन जैसे पॉपुलर स्टार्स भी फिल्म का हिस्सा होंगे, जो कहानी में नए ट्विस्ट और तड़का लगाने वाले हैं।
थिएटर्स के बाद OTT पर होगी रिलीज
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ पहले सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी और उसके बाद ही यह Amazon Prime Video पर स्ट्रीम होगी। मेकर्स का प्लान साफ है, पहले थिएटर में भौकाल और फिर ओटीटी पर दोबारा धमाका। यह फिल्म साल 2026 में रिलीज की जाएगी। फिल्म को मिर्जापुर के ओरिजिनल क्रिएटर पुनीत कृष्ण ने लिखा है, जबकि इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। गौरतलब है कि ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन 2018 में आया था, दूसरा 2020 में और तीसरा सीजन 2024 में रिलीज हुआ था। तीनों सीजन को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। अब जब ‘मिर्जापुर’ बड़े पर्दे पर आ रही है तो साफ है कि फैंस की निगाहें इसी पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड की फेवरेट 'मां' थी बड़े पर्दे की पहली सुपरहीरो, उड़-उड़कर किया एक्शन, सुपरमैन बनकर मचाई थी खलबली
मुंबई की सड़कों पर बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं सोनम कपूर, अजब-गजब फैशन देख हिला फैंस का दिमाग