1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ऐश्वर्या-प्रियंका से कम नहीं ये मिस वर्ल्ड, बॉलीवुड में छीन ली गईं फिल्में, झेली पति की मार, अब जीती है ऐसी लाइफ

ऐश्वर्या-प्रियंका से कम नहीं ये मिस वर्ल्ड, बॉलीवुड में छीन ली गईं फिल्में, झेली पति की मार, अब जीती है ऐसी लाइफ

चमचमाती बॉलीवुड की ये दुनिया छोड़ एक्ट्रेस वो कर रही है जिसकी आपको उम्मीद भी नहीं होगी। ऐश्वर्या राय और प्रियंका चोपड़ा की तरह मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर भी ये हसीना बॉलीवुड में सफलता हासिल नहीं कर सकी।

Aishwarya rai yukta mookhay priyanka chopra- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM ऐश्वर्या राय, युक्ता मुखी और प्रियंका चोपड़ा।

बॉलीवुड में एंट्री आसान नहीं होती, ये बहद चुनौतीपूर्ण होती है। खास तौर पर उन एक्टर्स के लिए जिनकी चाहत काफी बड़ी होती है। हर साल कई नए कलाकार लाइमलाइट में आते हैं और उनमें से कुछ ही खुद को स्थापित करने और अपने करियर को बनाए रखने में कामयाब होते हैं। कुछ अभिनेता ऐसे भी हैं, जो सफल शुरुआत के बावजूद कई वजहों के चलते अपना स्टारडम खो देते हैं और बाद में बड़े पर्दे से गायब हो जाते हैं। उनकी ग्लैमरस लाइफ पूरी तरह बदल जाती है। आज ऐसी ही एक वास्तविक कहानी के बारे में बात करेंगे। बॉलीवुड में एक ऐसी हसीना की एंट्री हुई जो किसी भी क्षेत्र में ऐश्वर्या राय और प्रियंका चोपड़ा से कम नहीं थी। मिस वर्ल्ड खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली इस हसीना के हाथ सफलता आकर फिसल गई, ये कौन हैं, अब ये क्या कर रही हैं, चलिए आपको बताते हैं। 

इस फिल्म से किया डेब्यू

सफलता की सीढ़ियां चढ़ने के बाद भी बड़े पर्दे से गायब हो जाने वाली ये कहानी किसी और की नहीं बल्कि एक्ट्रेस और मॉडल युक्ता मुखी की है। साल 1999 में युक्ता ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता। तीन साल बाद उन्हें बॉलीवुड में काम करने का मौका मिला। उन्होंने आफताब शिवदासानी के साथ 'प्यासा' फिल्म से डेब्यू किया। अपनी पहली ही फिल्म से उन्हें शोहरत मिली। उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली, लेकिन इसके बाद का सफर आसान नहीं रहा। उनकी कुछ फिल्में जैसे 'कब क्यों कहां' और 'हम तीन' बन ही नहीं पाईं और बीच में ही बंद हो गईं। वहीं उनके हाथ लगी 'मार्केट' और 'इंसाफ' से उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। ऐसे में उनका करियर कुछ खास और यादगार नहीं बन सका।

नहीं चल सका करियर

युक्ता ने कुछ क्षेत्रीय फिल्में भी कीं, लेकिन वहां भी उन्हें सफलता नहीं मिली। नौ साल के अंतराल के बाद पूर्व ब्यूटी क्वीन 2019 में रिलीज हुई 'गुड न्यूज' में अक्षय कुमार और करीना कपूर के साथ नजर आईं। उनकी छोटी भूमिका के बावजूद, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की। लोगों ने उन्हें पहचाना भी। वैसे अब सालों से युक्ता दोबारा गायब हो गई हैं। प्रोफेशनल जिंदगी के अलावा युक्ता ने अपनी निजी जिंदगी में भी काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं और कहते हैं न कि निजी जिंदगी का प्रभाव प्रोफेशनल लाइफ पर पड़ता ही है, एक्ट्रेस के साथ भी ठीक ऐसा ही हुआ। साल 2008 में उन्होंने न्यूयॉर्क के एक बिजनेसमैन और फाइनेंशियल कंसल्टेंट प्रिंस तुली से शादी की। यह शादी 2 नवंबर को पारंपरिक सिख रीति-रिवाज से हुई। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों को एक बेटा हुआ, लेकिन दुर्भाग्य से उनकी शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाई और साल 2013 में एक्ट्रेस ने अपने पति से रिश्ता तोड़ दिया।

Image Source : Instagramबेटे और पूर्व पति के साथ युक्ता मुखी।

पति पर लगाए गंभीर आरोप

अभिनेत्री ने अपने पति के खिलाफ प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए और एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने अपने पति पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। युक्ता ने अपने ससुराल वालों पर घरेलू हिंसा का भी आरोप लगाया है। रिपोर्ट में अंबोली पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है, 'अपनी शिकायत में युक्ता मुखी ने आरोप लगाया है कि उनके पति प्रिंस तुली अक्सर उनके साथ मारपीट करते थे और उन्हें परेशान करते थे। उनकी शिकायत के बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 498 ए (क्रूरता और उत्पीड़न) और धारा 377 (अप्राकृतिक यौन संबंध) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।' 

अब करती हैं ये काम

अपने इस रिश्ते से परेशान होकर एक्ट्रेस ने साल 2014 में तलाक के लिए अर्जी दी और अपने पति से अलग हो गईं। युक्ता अब अपने बेटे के साथ भारत में रह रही हैं। वह अब एक सिंगल मदर हैं। उन्होंने अभिनय छोड़ दिया और अब एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम कर रही हैं। युक्ता एचआईवी/एड्स, ब्रेस्ट कैंसर और थैलेसीमिया के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाती हैं।

Latest Bollywood News