A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'धुरंधर' की आंधी के बीच आई इस सुपरस्टार की फिल्म, कौड़ियों की हुई मोहताज, कमाई के मामले में हुआ डब्बा गोल

'धुरंधर' की आंधी के बीच आई इस सुपरस्टार की फिल्म, कौड़ियों की हुई मोहताज, कमाई के मामले में हुआ डब्बा गोल

'धुरंधर' की कमाई पर अब भी ब्रेक नहीं लग रहा है। फिल्म की कमाई तेजी से आगे बढ़ रही है और इसका कलेक्शन अब 1000 करोड़ के भी पार पहुंच चुका है। इसी फिल्म की आंधी के बीच ही एक सुपरस्टार की फिल्म भी सिनेमाघरों में रिलीज हुआ, जो असर छोड़ने में कामयाब नहीं हुई।

Dhurandhar, Vrusshabha- India TV Hindi
Image Source : STILL FROM FILMS TRAILER धुरंधर और वृषभा के सीन।

क्रिसमस पर रिलीज हुई मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की चर्चित फिल्म ‘वृषभा’ से इंडस्ट्री को बड़ी उम्मीदें थीं। माना जा रहा था कि यह फिल्म 2025 में बॉक्स ऑफिस पर मोहनलाल की धमाकेदार वापसी कराएगी, इस फिल्म की छप्परफाड़ कमाई से नए रिकॉर्ड बनेंगे, लेकिन हकीकत में कहानी बिल्कुल अलग निकली। रिलीज के बाद से ही फिल्म की कमाई सुस्त बनी हुई है और दर्शकों का रुझान इसे लेकर खास नजर नहीं आया। मोहनलाल के लिए ये फिल्म कुछ खास लेकर नहीं आई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की तेज रफ्तार कमाई के सामने ‘वृषभा’ टिक ही नहीं पाई। बॉक्स ऑफिस की इस जंग में मोहनलाल की फिल्म काफी पीछे छूटती नजर आ रही है।

कमजोर ओपनिंग से बिगड़ा गणित

25 दिसंबर को बड़े पर्दे पर उतरी यह फैंटेसी एक्शन ड्रामा शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। मोहनलाल जैसे बड़े स्टार की मौजूदगी के बावजूद फिल्म डबल डिजिट की ओपनिंग हासिल करने में असफल रही। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक रिलीज के तीन दिनों में फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 1.15 करोड़ रुपये ही कमा सकी। वीकेंड का फायदा भी फिल्म को नहीं मिला, जिससे इसके फ्लॉप होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कहा जा रहा है कि स्टार पावर भी इस बार काम नहीं आई है।

कड़ी टक्कर ने बढ़ाई मुश्किल

फिल्म की नाकामी के पीछे कड़ी प्रतिस्पर्धा को भी एक अहम कारण माना जा रहा है। एक तरफ रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है तो दूसरी ओर कार्तिक आर्यन की ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ भी ठीक-ठाक कमाई कर रही है। इन दोनों फिल्मों के बीच ‘वृषभा’ दर्शकों का ध्यान खींचने में नाकाम रही। ‘धुरंधर’ की दुनियाभर में कमाई 1031 करोड़ पहुंच गई है। वहीं कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म भी 23 करोड़ का आंकड़ा जैसे तैसे पार कर ही ली है।

वर्ल्डवाइड भी फीका रहा प्रदर्शन

भारत ही नहीं विदेशों में भी फिल्म को कोई खास समर्थन नहीं मिला। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अब तक ‘वृषभा’ सिर्फ 1.60 करोड़ रुपये का ही कारोबार कर पाई है। ये आंकड़े साफ तौर पर इशारा करते हैं कि फिल्म को न तो दर्शकों की सराहना मिली और न ही समीक्षकों से कोई खास तारीफ। कुल मिलाकर, मोहनलाल जैसे दिग्गज अभिनेता के बावजूद ‘वृषभा’ क्रिसमस रिलीज की रेस में पिछड़ गई और बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों का बोझ नहीं उठा सकी।

ये भी पढ़ें: 2026 में 8 नए डेब्यू से हिलेगा बॉलीवुड, स्टारकिड्स की होगी भरमार, आउटसाइडर्स भी जमाएंगे पैर

बांग्लादेश में हिंदू शख्स को जिंदा जलाने पर भड़के सितारे, जाह्नवी कपूर बोलीं- यही पाखंड हमें तबाह कर देगा

Latest Bollywood News