1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. महीनों के सस्पेंस के बाद 'जन नायकन' का धमाकेदार प्रोमो रिलीज, विजय के एक्शन अवतार ने मचाया गदर

महीनों के सस्पेंस के बाद 'जन नायकन' का धमाकेदार प्रोमो रिलीज, विजय के एक्शन अवतार ने मचाया गदर

'जन नायकन' की रिलीज से बस चंद दिन पहले थलापति विजय की फिल्म का नया प्रोमो रिलीज हो गया है। एक्टर एक्शन अवतार में नजर आएंगे। लंबे इंतजार के बाद फिल्म रिलीज हो रही है।

jana naygan- India TV Hindi
Image Source : KVN PRODUCTIONS/YOUTUBE विजय।

विजय की आगामी फिल्म 'जन नायकन' के निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म का पहला नया प्रोमो जारी किया है। इस प्रोमो के साथ दर्शकों को लंबे समय के अनिश्चित दौर के बाद आखिरकार फिल्म से जुड़ी नई झलक देखने को मिली है। इससे पहले इस साल जनवरी में पोंगल रिलीज के वक्त फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया था, जिसके बाद से फिल्म को लेकर कोई नया वीडियो कंटेंट सामने नहीं आया था।

हाई-ऑक्टेन एक्शन और पुलिस यूनिफॉर्म में विजय

ताजा प्रोमो में विजय का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है। वे बंदूकों से गोलियां बरसाते और खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। प्रोमो का सबसे बड़ा आकर्षण इसका आखिरी शॉट है, जहां विजय पुलिस की वर्दी में दिखाई देते हैं। इस दृश्य ने उन पुरानी अटकलों पर मुहर लगा दी है कि फिल्म में उनका किरदार एक कानून प्रवर्तन अधिकारी का है।

विवादों और लीक के साए में बीता वक्त

'जन नायकन' के लिए पिछला कुछ समय काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। जनवरी में ट्रेलर आने के बाद फिल्म सेंसर बोर्ड के प्रमाणन से जुड़े विवादों में फंस गई थी। इसी दौरान फिल्म का एक एचडी वर्जन इंटरनेट पर ऑनलाइन लीक भी हो गया, जिससे यह प्रोजेक्ट लगभग छह महीनों के लिए अधर में लटक गया था। इस मुश्किल दौर में निर्माताओं ने कोई नया फुटेज जारी नहीं किया और केवल पोस्टर्स, रिलीज डेट और गानों के जरिए ही फैंस से जुड़ाव बनाए रखा।

आधुनिक युद्ध और सामाजिक मुद्दों की कहानी

निर्देशक एच विनोद के अनुसार, 'जन नायकन' कोई पारंपरिक कमर्शियल एक्शन फिल्म नहीं है, बल्कि यह आधुनिक दौर के युद्ध और भारतीय लोकतंत्र के सामने खड़ी चुनौतियों पर आधारित है। लीक की घटना पर चिंता जताते हुए विनोद ने दर्शकों से अपील की है कि वे इसे सिनेमाघरों में ही देखें। उन्होंने कहा कि भले ही कई लोगों ने पाइरेटेड वर्जन देख लिया हो, लेकिन यह फिल्म केवल मनोरंजन या विजय की राजनीतिक पार्टी 'टीवीके' की तारीफ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कई संवेदनशील राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को उठाती है जिन पर चर्चा होनी चाहिए।

विजय के करियर का ऐतिहासिक मोड़

यह फिल्म विजय के सिनेमाई करियर के लिहाज से बेहद खास मानी जा रही है। पूर्णकालिक राजनीति में कदम रखने से पहले यह उनकी आखिरी फिल्म होगी। जैसा कि निर्देशक एच विनोद ने कहा, 'यह विजय की आखिरी फिल्म नहीं है, बल्कि सीएम विजय की पहली फिल्म है।' अब जब 23 जुलाई को फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है तो इस नए प्रोमो ने फैंस के उत्साह को दोगुना कर दिया है।

ये भी पढ़ें: 'बोल बच्चन' के बाद भी 10 साल तक नहीं मिला एक भी ऑफर, अर्चना पूरन सिंह ने बयां किया बॉलीवुड का कड़वा सच

Latest Bollywood News