1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर सिंगीथम श्रीनिवास राव का निधन, 94 की उम्र में अपनी आखिरी फिल्म का किया था निर्देशन

नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर सिंगीथम श्रीनिवास राव का निधन, 94 की उम्र में अपनी आखिरी फिल्म का किया था निर्देशन

'पुष्पक विमान' और 'आदित्य 369' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर अनुभवी फिल्म निर्माता सिंगीथम श्रीनिवास राव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका 94 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरी शोक में डूब गई है।

Singeetham Srinivasa Rao- India TV Hindi
Image Source : ANI सिंगीथम श्रीनिवास राव का निधन।

दिग्गज फिल्ममेकर, स्क्रीनराइटर और कंपोजर सिंगीथम श्रीनिवास राव अब इस दुनिया में नहीं रहे। सिंगीथम श्रीनिवास राव का शनिवार, 3 अक्टूबर, 2026 को 94 साल की उम्र में निधन हो गया। 'पुष्पक विमान' और 'आदित्य 369' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर सिंगीथम ने अपने छह दशक से ज्यादा लंबे फ़िल्मी करियर के दौरान तेलुगु, तमिल, कन्नड़, हिंदी और अन्य भाषाओं में फिल्में बनाईं और देशभर में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। ऐसे में उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। मनोरंजन जगत के कई चर्चित कलाकारों ने उन्हें सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी है।

सिंगीथम श्रीनिवास राव का चेन्नई में निधन

अपनी एक्सपेरिमेंटल फिल्मों के लिए मशहूर सिंगीथम ने तेलुगु सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई और 94 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपनी आखिरी फिल्म 'सिंग गीथ्म' का निर्देशन किया। बताया जा रहा है कि उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण चेन्नई के कावेरी अस्पताल में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली। सिंगीथम ने अपने लंबे फ़िल्मी करियर में दर्शकों को कई तरह की फिल्में दीं और भारतीय फिल्म इतिहास में एक खास जगह बनाई।

जूनियर NTR ने दी श्रद्धांजलि

जूनियर NTR ने X पर पोस्ट करके श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, 'सिंगितम श्रीनिवास राव जी नहीं रहे, यह खबर बेहद दुखद है। ‘आर्टिकल 369’, ‘पुष्पक विमान’, ‘मयूरी’ जैसी फिल्मों से उन्होंने समय से बहुत आगे की सोच और नई पीढ़ी को भी नई लगने वाली फिल्मों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। उनके निधन पर उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।'

कमल हासन ने सिंगीथम श्रीनिवास राव को दी श्रद्धांजलि

कमल हासन ने भी एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सिंगीथम श्रीनिवास राव को श्रद्धांजलि दी। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा- 'आज सुबह उन्हें अंतिम विदाई दी गई। वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हमेशा जीवित रहेंगी। उस दुख को भूलने के प्रयास में उनसे जुड़े मित्रों के साथ मैं भी शामिल था। मौत जरूरी नहीं कि एक त्रासदी हो। यह गौरवपूर्ण भी हो सकता है। सिंगीतम श्रीनिवास राव इसके एक महान उदाहरण हैं। जब से मैं उन्हें जानता हूं, मैंने हमेशा उनकी प्रशंसा की है। अब मेरी इच्छा है कि मैं भी उसी तरह जीवन जिऊं, जैसे उन्होंने जिया।'

एसएस राजामौली का पोस्ट

एसएस राजामौली ने सिंगीथम श्रीनिवास राव को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- 'बहुत साल पहले जब हमारे पास जरूरी साधन या बजट नहीं थे, तब भी उन्होंने अपने आस-पास मौजूद लोगों से बड़े सपने देखने की हिम्मत की। उन्होंने बिना किसी डायलॉग के एक फिल्म बनाई, जिसके जरिए वह हमें टाइम ट्रैवल पर ले गए, और कॉमेडी से फैंटेसी और फिर गहरे मानवीय ड्रामा की ओर ऐसे बढ़े जैसे कि इन जॉनर के बीच कोई अंतर ही न हो। उन्होंने हम जैसी पूरी पीढ़ी को सिखाया है कि सिनेमा की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने हमें बताया कि सिनेमा में असल सीमा सिर्फ कल्पना की होती है। तेलुगु सिनेमा में कुछ अलग करने की कोशिश करने वाले हर फ़िल्ममेकर पर उनका कोई न कोई एहसान है, चाहे उन्हें इसका पता हो या न हो। मुझ पर तो जरूर है। सिंगीथम श्रीनिवास राव गारू के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति।'

सिंगीथम श्रीनिवास राव एक लेखक, प्रोड्यूसर और म्यूजिक डायरेक्टर भी थे

सिंगीथम सिर्फ एक फिल्ममेकर ही नहीं थे, वह एक चर्चित लेखक, प्रोड्यूसर और म्यूजिक कंपोजर भी थे। उनका जन्म 21 सितंबर, 1931 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर में तेलुगु के साथ तमिल, कन्नड़, हिंदी और दूसरी भाषाओं में फिल्मों का निर्देशन किया। अपने 6 दशकों के करियर में उन्होंने 'पुष्पक विमान', 'आदित्य 369' और 'भैरव द्वीपम' जैसी फिल्में बनाईं। कमल हासन और बालकृष्ण जैसे एक्टर्स के साथ उनके काम को भी काफी सराहा गया।

94 साल की उम्र में 'सिंग गीथ्म' के साथ डायरेक्शन में वापसी की

94 साल की उम्र में भी सिंगीथम सिनेमा में काम करते रहे। उनकी आखिरी डायरेक्टोरियल फिल्म, 'सिंग गीथ्म' थी, जो 2026 में रिलीज हुई। वैजयंती मूवीज और स्वप्ना सिनेमा के बैनर तले नाग अश्विन द्वारा प्रोड्यूस की गई 'सिंग गीथ्म' को एक म्यूजिकल फैंटेसी के तौर पर बनाया गया था।  ये फिल्म उनके डायरेक्शन में बनी 61वीं फिल्म थी। बता दें, सिंगीथम को दो राष्ट्रीय पुरस्कार, पांच नंदी पुरस्कार और तीन कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका था।

ये भी पढ़ेंः 'दृश्यम 3' का तूफान, 2 ही दिन में 100 करोड़ क्लब में शामिल हुई अजय देवगन की फिल्म, वर्लडवाइड कलेक्शन 177 Cr. के पार

Latest Bollywood News