1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पाकिस्तान से आई हसीना कहलाई सुपरस्टार, दारा सिंह संग जमी जोड़ी, फिर प्यार की खातिर 30 साल के स्टारडम को मारी ठोकर

पाकिस्तान से आई हसीना कहलाई सुपरस्टार, दारा सिंह संग जमी जोड़ी, फिर प्यार की खातिर 30 साल के स्टारडम को मारी ठोकर

पाकिस्तान से कई हीरोइनें बॉलीवुड में आईं और छा गईं, कुछ भारत में ही बस गईं तो कई अपने देश वापस लौट गईं। आज एक ऐसी हसीना के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी जोड़ी दारा सिंह के साथ खूब जमी।

Nishi kohli- India TV Hindi
Image Source : IMPRINTS AND IMAGES OF INDIAN FILM MUSIC निशि कोहली।

फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसी प्रतिभाएं आईं, जिन्होंने अपार प्रसिद्धि और सफलता हासिल की, लेकिन निजी जीवन की जटिलताओं के चलते या तो उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली या फिर उन्हें कम काम मिलने लगा। ऐसी ही एक रिमार्केबल कहानी है अभिनेत्री निशि कोहली की, जिन्हें पंजाबी सिनेमा की पहली महिला सुपरस्टार माना जाता है। अपनी अपार लोकप्रियता के बावजूद, उन्होंने समय के साथ गुमनामी का जीवन स्वीकार किया। उन्होंने अचानक ही इंडस्ट्री से दूरी बना ली और फिल्मी दुनिया से पूरी तरह गायब हो गईं।

कैसे शुरू किया करियर

निशि कोहली का असली नाम कृष्णा कुमार शर्मा था। उनका जन्म 1935 में अविभाजित भारत के सियालकोट, पाकिस्तान में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार भारत आ गया, जिसके बाद निशि ने फिल्मों में अपना करियर बनाने का फैसला किया। उन्होंने सहायक भूमिकाओं से शुरुआत की और जल्द ही अपनी चुलबुली अदाओं से दर्शकों का दिल जीत लिया। करीब 30 साल के लंबे करियर में उन्होंने 60 से ज्यादा हिंदी फिल्मों में काम किया और पंजाबी सिनेमा में सक्रिय रहीं। हिंदी सिनेमा में उनकी कुछ यादगार फिल्में 'लुटेरा' (1965), 'फागुनी' (1958) और 'वल्लाह क्या बात है' (1962) रहीं।

पंजाबी इंडस्ट्री में बनाई पहचान

हालांकि, हिंदी फिल्मों की तुलना में उन्हें पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में कहीं अधिक सफलता मिली और काफी पॉपुलर हो गईं। पंजाबी सिनेमा में उनकी जोड़ी अभिनेता दारा सिंह के साथ सुपरहिट रही। इस हिट जोड़ी ने मिलकर कई सफल फिल्में दीं, जिनमें 'हरक्यूलिस', 'एक था अलीबाबा', 'दुल्ला भट्टी', और 'बादशाह' जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी सफलता और लोकप्रियता के चलते ही उन्हें पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की पहली महिला सुपरस्टार कहा जाने लगा।

निजी जिंदगी और बॉलीवुड से संन्यास

निशि कोहली की निजी जिंदगी भी सुर्खियों में रही। उनके करियर को एक नया मोड़ तब मिला जब उनकी मुलाकात प्रसिद्ध निर्देशक-निर्माता राजकुमार कोहली से एक फिल्म के सेट पर हुई। यह मुलाकात जल्द ही प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी कर ली। शादी के तुरंत बाद निशि ने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्होंने ग्लैमर की दुनिया छोड़कर अपने पारिवारिक जीवन पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया। वर्तमान में निशि अपने बेटे अरमान कोहली के साथ रहती हैं। उनके पति राजकुमार कोहली का निधन हो चुका है। निशि के दूसरे बेटे का नाम गोगी कोहली है। अरमान कोहली ने भी अभिनेता के रूप में अपना करियर आजमाया, लेकिन उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिल पाई। निशि कोहली अब काफी उम्रदराज हो चुकी हैं और उन्हें कभी-कभी अपने बेटे अरमान के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों या इवेंट्स में देखा जाता है।

ये भी पढ़ें: 8 साल छोटी गर्लफ्रेंड संग कट रहे हार्दिक पांड्या के दिन-रात, तस्वीरें देख पूछे फैंस- लिव इन में हो क्या?

जावेद अख्तर पर तंज कसने से बाज नहीं आ रहे लकी अली, भड़ास निकालने के बाद बोले- राक्षसों की भी फीलिंग्स होती हैं...

Latest Bollywood News