1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'पंचायत' के प्रधान जी का ऑस्कर और मनोज वाजपेयी पर बड़ा खुलासा, बोले- '8 ऑस्कर नामिनेशन से खुश नहीं होना, इसे 16 करना है'

'पंचायत' के प्रधान जी का ऑस्कर और मनोज वाजपेयी पर बड़ा खुलासा, बोले- '8 ऑस्कर नामिनेशन से खुश नहीं होना, इसे 16 करना है'

'पंचायत' के प्रधान जी यानी रघुवीर यादव ने आर्यमन गौतम के शो 'Nothing Serious' में ऑस्कर रिकॉर्ड और मनोज वाजपेयी के NSD रिजेक्शन के दिनों पर हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। साथ ही 'पंचायत' के अगले सीजन और प्रह्लाद चा के चुनाव लड़ने के सस्पेंस पर से भी पर्दा उठाया है। पूरी इनसाइड स्टोरी यहाँ पढ़ें।

Raghubir yadav- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV रघुवीर यादव

अक्षय कुमार स्टारर अपकमिंग फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की स्टार कास्ट और मुश्ताक खान के बयानों की गूंज के बीच, अब बॉलीवुड के एक और सबसे मंझे हुए और जमीन से जुड़े कलाकार ने बड़े खुलासे किए हैं। इंडिया टीवी के खास डिजिटल टॉक शो 'नथिंग सीरियस' (Nothing Serious) के पांचवें एपिसोड में होस्ट और प्रोड्यूसर आर्यमन गौतम के सामने 'पंचायत' वेब सीरीज के हरदिल अजीज 'प्रधान जी' यानी दिग्गज अभिनेता रघुवीर यादव और अभिनेता शरद सिंह मेहमान बनकर पहुंचे। इस दौरान शो में हंसी-मजाक के साथ-साथ सिनेमा, संघर्ष और ऑस्कर को लेकर ऐसी गंभीर बातें हुईं, जिसने फैंस का दिल जीत लिया है।

8 की 16 करना है

शो के होस्ट आर्यमन गौतम ने जब रघुवीर यादव के बेमिसाल करियर और ऑस्कर से जुड़े उनके शानदार रिकॉर्ड का जिक्र छेड़ा, तो प्रधान जी ने बेहद हैरान करने वाली और गहरी बात कह दी। दरअसल, रघुवीर यादव भारत के इकलौते ऐसे अभिनेता हैं जिनकी 'सलाम बॉम्बे', 'लगान' और 'न्यूटन' जैसी कुल 8 फिल्में ऑस्कर के ऑफिशियल सबमिशन में जा चुकी हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बात करते हुए रघुवीर यादव ने कहा, "यह ऐसा लगता है कि आपके ऊपर एक बड़ी जिम्मेदारी रख दी गई है कि भैया जो भी करना है, सोच-समझ कर करो। इसलिए बहुत खुश होने वाली बात नहीं है कि 8 फिल्में ऑस्कर की तरफ चली गईं। हमें 8 की 16 करना है! अगर आप इसी में खुश होकर बैठ गए, तो समझो वहीं डूब गए।"

मनोज बाजपेयी के रिजेक्शन के वक्त दिया साथ 

आर्यमन गौतम ने जब रघुवीर यादव से उनके पुराने दिनों और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के दौर के बारे में पूछा, तो बातचीत का रुख दिग्गज अभिनेता मनोज वाजपेयी की तरफ मुड़ गया। दोनों ही कलाकारों ने फिल्म 'बैंडिट क्वीन' में साथ काम किया था। मनोज वाजपेयी के संघर्ष के दिनों को याद करते हुए रघुवीर यादव ने एक बेहद भावुक किस्सा साझा किया। रघुवीर यादव ने बताया, "मैं मनोज वाजपेयी को आज से नहीं, बल्कि बहुत पहले से जानता हूँ जब NSD (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) में उनका लगातार तीन साल तक एडमिशन नहीं हुआ था। एडमिशन न होने की वजह से वह काफी हताश, निराश और परेशान होकर बैठे थे। तब मैंने उनसे कहा था कि चलो मेरे साथ काम करो।" उन्होंने आगे बताया कि बैरी जॉन के निर्देशन में बने नाटक 'बगदाद का गुलाम' (1987) में उन्होंने मनोज वाजपेयी को अपने साथ काम पर लगाया, और दिलचस्प बात यह है कि उस नाटक में शाहरुख खान भी शामिल थे। रघुवीर जी ने मनोज की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद मेहनती कलाकार हैं और हमेशा खुद में सुधार करते रहते हैं, इसी का नतीजा है कि वह आज इस मुकाम पर हैं।

प्रहलाद चा बनेंगे विधायक?

'नथिंग सीरियस' शो की इस खास पाठशाला में जब फैंस के दिलों के सवाल सामने आए, तो 'पंचायत' वेब सीरीज के अपकमिंग सीजन और किरदारों को लेकर भी बड़ी चर्चा हुई। फैंस यह जानने के लिए बेहद उत्सुक दिखे कि सीरीज में दर्शकों के चहेते किरदार 'प्रह्लाद चा' (फैजल मलिक) क्या वाकई अगले सीजन में विधायक का चुनाव लड़ने वाले हैं? इस पर मजेदार अंदाज में सस्पेंस बरकरार रखते हुए प्रधान जी यानी रघुवीर यादव ने कहा, "यह बात मैं अभी क्यों बताऊँ? अगर अभी बता दिया तो प्रह्लाद चा फैल जाएंगे। अगर कहूँगा कि जीत जाओगे तब भी फैल जाएंगे और कहूगा कि हार जाओगे तब भी फैल जाएंगे।" अगले सीजन की रिलीज को लेकर उन्होंने साफ किया कि अभी आधी शूटिंग हुई है और आधी बाकी है, जिसके बाद एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन में थोड़ा वक्त लगेगा, इसलिए फैंस को थोड़ा और इंतजार करना होगा। शो के अंत में आर्यमन ने प्रधान जी को शो की सिग्नेचर स्टाइल में एक 'लौकी' भी गिफ्ट की, जिसे देखकर सेट पर ठहाके गूंज उठे।

Latest Bollywood News