1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पत्नी के आगे पंकज त्रिपाठी ने जोड़े हाथ, 21वीं सालगिरह के जश्न में किया कुछ ऐसा, देखते रह गए लोग

पत्नी के आगे पंकज त्रिपाठी ने जोड़े हाथ, 21वीं सालगिरह के जश्न में किया कुछ ऐसा, देखते रह गए लोग

पंकज त्रिपाठी की शादी को 21 साल हो गए हैं। एक्टर ने अपने परिवार और पत्नी के साथ मिलकर इस खास दिन का सेलिब्रेशन किया। उनकी पत्नी ने अब इसकी झलक भी दिखाई है, जो जमकर वायरल हो रही है।

Pankaj tripathi- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM पत्नी के साथ पंकज त्रिपाठी।

मिर्जापुर अभिनेता पंकज त्रिपाठी सादगी भरी जिंदगी जीने के लिए जाने जाते हैं। एक्टर अपनी पत्नी को बेहद प्यार करते हैं। परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर एक्टर ने अपनी पत्नी से शादी की थी। आज तक भी परिवार ने उनकी पत्नी को पूरे मन से नहीं स्विकारा है। बीते दिन यानी शनिवार को एक्टर की शादी को 21 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर सालगिरह सेलिब्रेट की। इस दौरान उनके करीबी और परिवार वाले मौजूद रहे। पंकज त्रिपाठी की पत्नी मृदुला ने इस खास पल की झलकियां साझा की हैं। इनमें एक्टर कुछ ऐसा करते नजर आए कि उनसे नजरें हटा पाना आसान नहीं। उन्होंने ऐसे प्यार जाहिर किया कि सभी तालियां बजाने लगे। 

कैसा है वीडियो

सामने आए वीडियो में एक्टर क्रीम कुर्ते में नजर आ रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी ने योलो सूट कैरी किया है। वीडियो में मिर्जापुर अभिनेता को अपनी पत्नी की उंगली में अंगूठी पहनाते हुए देखा जा सकता है। ऐसा करने के बाद वह हाथ जोड़कर उनके सामने झुक जाते हैं। बाद में इस जोड़े को गले मिलते और साथ में अपनी सालगिरह का केक काटते हुए देखा जा सकता है, जबकि उनके मेहमान खुशी से तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। उनकी पत्नी मृदुला भी काफी उत्साहित और खुश नजर आती हैं। उनकी बेटी आशी त्रिपाठी भी उत्सव में शामिल होने के लिए मौजूद थीं।

यहां देखें वीडियो 

वीडियो को दिया गया प्यारा कैप्शन

इस वीडियो को एक्टर की पत्नी ने एक दोस्त के साथ मिलकर कोलैब पोस्ट में शेयर किया है। इसके कैप्शन में लिखा है, 'जमाने भर की नकारात्मक खबरे पढ़कर जब प्रेम कहानियों से विश्वास खत्म होने लगता है, तब इन दो लोगों पर नजर जाती है और फिर ये भरोसा हो उठता है कि प्रेम तो उम्मीद का दूसरा नाम है, जिसको पंकज त्रिपाठी और मृदुला त्रिपाठी ने धीरे-धीरे रोपा और सींचा है। आप लोगों की जुगल जोड़ी सदैव बनी रहे भइया-भाभी। इक्कीसवीं सालगिरह की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई।' इस वीडियो को देखने के बाद लोग पंकज त्रिपाठी की तारीफ कर रहे हैं।

इस फिल्म में आएंगे नजर

आखिरी बार मिर्जापुर अभिनेता पंकज त्रिपाठी 'स्त्री 2' में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके किरदार को पसंद किया गया। ये फिल्म एक बड़ी सक्सेज साबित हुई। फिलहाल अब एक्टर जल्द ही 'मेट्रो इन दिनों' में नजर आएंगे, जिसका निर्देशन अनुराग बसु कर रहे हैं।

 

Latest Bollywood News