बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों में अपनी जगह बनाने की कोशिश करने वाले अभिनेता हरमन बावेजा का लुक अब इतना बदल चुका है कि उन्हें पहली नजर में पहचानना भी बेहद मुश्किल हो जाता है। एक समय था जब उनकी शारीरिक बनावट और चेहरे के नैन-नक्श की तुलना सीधे ऋतिक रोशन से की जाती थी, लेकिन समय के साथ उनके रूप-रंग में आया यह बड़ा बदलाव सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा का विषय बनता रहता है। हरमन बावेजा ने प्रियंका चोपड़ा के साथ एक बहुचर्चित और बड़े बजट की साइंस-फिक्शन फिल्म 'लव स्टोरी 2050' से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी बज था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे असफलता का सामना करना पड़ा। इसके बाद वे 'विक्ट्री' और प्रियंका चोपड़ा के ही साथ 'व्हाट्स योर राशि?' जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिका में नजर आए, मगर ये प्रोजेक्ट्स भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रहे।
बदले लुक देख चौंके फैंस
साल 2014 में उन्होंने फिल्म 'ढिशकियाऊं' से अपनी वापसी का प्रयास किया, लेकिन इसका नतीजा भी कुछ खास नहीं रहा। इसके बाद हरमन धीरे-धीरे बड़े पर्दे और फिल्मी दुनिया से दूर होते चले गए। हालांकि बीच में उनके पिता और जाने-माने निर्माता हैरी बावेजा द्वारा उन्हें एक एक्शन थ्रिलर के जरिए दोबारा लॉन्च करने की खबरें आई थीं, लेकिन वह योजना अमल में नहीं आ सकी। इसके बाद वो हंसल मेहता की 'स्कूप' में दिखे। हाल ही में मुंबई में देखे गए हरमन बावेजा के बदले हुए अवतार ने सभी को हैरान कर दिया है, जहां उनका बढ़ा हुआ वजन और बदला हुआ लुक उनके पुराने स्क्रीन अपीयरेंस से बिल्कुल अलग नजर आता है।
यहां देखें वीडियो
सिर से लेकर पांव तक बदला लुक
सामने आई झलकियों में आप हरमन को एक नजर में पहचान भी नहीं पाएंगे। सामने आए वीडियो में हरमन बवेजा अपनी पत्नी साशा रामचंदानी के साथ नजर आ रहे हैं। जहां साशा ऑल व्हाइट लुक में दिख रही हैं, वहीं हरमन बवेजा कैजुअल और कंफी अवतार में नजर आ रहे हैं। हरमन ने पर्पल टी-शर्ट के साथ ब्राउन ट्रैक पैंट कैरी किए हैं। इसके साथ आंखों पर मोटा चश्मा भी लगाया है। ये तो बात उनके आउटफिट की हो गई, अब एक्टर के लुक पर आते हैं। सामने आई झलक में आप एक्टर का बढ़ा हुआ वजन साफ देख सकते हैं। सफेद दाढ़ी में वो बिल्कुल अलग दिख रहे हैं।
लोगों का रिएक्शन
एक दूसरे वीडियो में एक्टर को गाड़ी से निकलकर रेस्टोरेंट की ओर जाते देखा जा सकता है। एक्टर के लुक को देखने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रिया सामने आ रही है। फिल्मों से लंबे वक्त से गायब एक्टर को देखने के बाद कई फैंस पुरानी यादें ताजा कर रहे हैं तो वहीं कई हैरान हैं कि आखिर एक्टर को क्या हो गया कि उनका लुक इस कदर बदल गया। कई लोगों उनकी हेल्थ को लेकर भी सवाल कर रहे हैं। एक शख्स ने लिखा, 'आखिर हरमन को क्या हो गया है, लगता है अब एक्टर की तबीयत सही नहीं रहती।' एक और शख्स ने लिखा, 'क्या ये प्रियंका चोपड़ा की फिल्म का ही हीरो है।' एक अन्य शख्स ने लिखा, 'हरमन तो पहचान में ही नहीं आ रहे, ये अपनी फिटनेस का ख्याल क्यों नहीं करते।' एक अन्य शख्स ने लिखा, 'कभी लोग इन्हें दूसरा ऋतिक रोशन कहते थे और अब ये क्या हाल बना लिए हैं।'
हरमन बवेजा का करियर
बता दें, हरमन बवेजा अब एक्टिंग से दूर तो हैं, लेकिन ग्लैमर की दुनिया से दूर नहीं हुआ हैं। वो फिल्मे, वेब सीरीज और टीवी शो प्रोड्यूस करते हैं। 'सिस्टम', 'कप्तान', 'हक', 'मिसेज', 'फैकाल', 'भागवत चैप्टर वन' जैसे शोज और फिल्में प्रोड्यूस कीं। 'व्हाट्स योर राशी', 'इट्स माई लाइफ' और 'लव स्टोरी 2050' जैसी फिल्में करने के बाद वो आखिरी बार 'स्कूप' में नजर आए थे।
ये भी पढ़ें: 'सस्ती कॉपी' से 'हेंस प्रूव्ड' तक, फिर शुरू हुई कंगना रनौत और तापसी पन्नू की पुरानी कैटफाइट, बिना मिले 7 साल से जारी है जंग
Latest Bollywood News