फिल्म फंडिंग में गड़बड़ी की जांच के बीच दिग्गज फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी को लंदन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें अस्पताल में क्यों भर्ती कराया गया, इसका सही कारण नहीं बताया गया है। ANI की रिपोर्ट के अनुसार, जब उनकी सेहत के बारे में पूछा गया तो भगनानी ने प्राइवेसी की गुजारिश की और कहा कि वह अकेले" रहना चाहते हैं। उनकी सेहत के बारे में और जानकारी का अभी इंतजार है। यह मामला तब सामने आया, जब टैक्स अधिकारियों ने मुंबई में 12 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। ये जगहें मशहूर प्रोड्यूसर, उनकी बहू रकुल प्रीत सिंह और प्रोडक्शन कंपनी 'पैनोरमा स्टूडियोज' से जुड़ी थीं। यह कार्रवाई फिल्म प्रोजेक्ट्स से जुड़े विदेशी वित्तीय लेन-देन के सिलसिले में की गई थी।
इनकम टैक्स ऑफिसर्स की जांच जारी
मुंबई इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का यह तलाशी अभियान वित्तीय गड़बड़ियों की वजह से चलाया गया। आरोप है कि फिल्म प्रोडक्शन के कामों के लिए पैसा विदेश भेजा गया था। जानकारी के अनुसार टैक्स अधिकारियों ने फिल्म से जुड़े लोगों और उनके प्रोडक्शन बैनर से जुड़ी कई जगहों पर तलाशी ली। हालांकि, जिन लेन-देन पर सवाल उठाए गए हैं। उनकी खास जानकारी और इसमें शामिल कुल रकम का खुलासा अभी नहीं किया गया है। इसके पहले प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने नेटफ्लिक्स पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनक दावा है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उनके साथ धोखाधड़ी और साजिश की।
वाशु भगनानी ने ये हिट फिल्में की प्रोड्यूस
हिंदी सिनेमा के जाने-माने नाम वाशु भगनानी ने 1995 में अपना प्रोडक्शन बैनर 'पूजा एंटरटेनमेंट' शुरू किया था। उसी साल उन्होंने गोविंदा स्टारर हिट कॉमेडी फिल्म 'कुली नंबर 1' के साथ प्रोड्यूसर के तौर पर अपनी शुरुआत की। इसके बाद के वाशु भगनानी ने कई बॉक्स ऑफिस हिट फिल्में बनाईं, जिनमें 'हीरो नंबर 1', 'बीवी नंबर 1', 'प्यार किया तो डरना क्या' और रोमांटिक क्लासिक फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' शामिल हैं। वे अपने बेटे और प्रोड्यूसर जैकी भगनानी के साथ मिलकर इस प्रोडक्शन हाउस को चलाते हैं। उन्होंने साथ में कई बड़ी फिल्में बनाई हैं। इनमें 'सरबजीत', 'बेल बॉटम' और 2024 की एक्शन फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' शामिल हैं, जिसमें अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ ने काम किया है।
वाशु भगनानी और अली अब्बास जफर की कानूनी लड़ाई
अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ स्टारर 'बड़े मियां छोटे मियां' 10 अप्रैल 2024 को रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस फ्लॉप साबित हुई है। इसकी असफलता से मेकर्स नाराज थे। इस बीच प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के बीच अनबन की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। उनके बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया, जहां डायरेक्टर अली अब्बास ने पेमेंट न करने का आरोप लगाया। वहीं एनआरआई प्रोड्यूसर वाशु और जैकी भगनानी ने भी अली अब्बास जफर पर पैसों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करा दी।
(Input - ANI)
ये भी पढ़ें - बॉलीवुड पर इनकम टैक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई, रकुल प्रीत सिंह और वाशु भगनानी के ठिकानों पर छापेमारी
Latest Bollywood News