A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. राधिका सरथकुमार की मां गीता राधा का निधन, 86 की उम्र में ली आखिरी सांस, परिवार में पसरा मातम

राधिका सरथकुमार की मां गीता राधा का निधन, 86 की उम्र में ली आखिरी सांस, परिवार में पसरा मातम

राधिका सरथकुमार की मां गीता राधा अब इस दुनिया में नहीं रहीं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी मां के निधन की जानकारी दी और शोक व्यक्त किया।

radikaa sarathkumar- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@RADIKAASARATHKUMAR नहीं रहीं राधिका सरथकुमार की मां गीता राधा।

तमिल अभिनेत्री राधिका सरथकुमार की मां और दिग्गज अभिनेता एम आर राधा की तीसरी पत्नी गीता राधा अब इस दुनिया में नहीं रहीं। गीता राधा ने 86 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। गीता राधा लंबे समय से बढ़ती उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर खुद राधिका सरथकुमार ने साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी मां के निधन की पुष्टि की और उन्हें आखिरी विदाई दी। उनके निधन ने राधिका, उनके परिवार और तमिल फिल्म उद्योग के प्रशंसकों को गहराई से प्रभावित किया है।

गीता राधा का अंतिम संस्कार

गीता राधा का पार्थिव देह उनके चेन्नई के पॉयस गार्डन स्थित घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है, जहां उनके आखिरी दर्शन के लिए रिश्तेदारों, दोस्तों, फिल्म जगत और राजनीतिक हस्तियों का तांता लगा है। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे चेन्नई के बेसेंट नगर श्मशान घाट में किया जाएगा।

फिल्म जगत से नाता

गीता राधा, एम आर राधा की तीसरी पत्नी थीं, जो अपने जमाने के मशहूर अभिनेता थे। एम आर राधा की तीन पत्नियों से 12 संतानें थीं। उनके बच्चों में राधिका सरथकुमार और निरोशा प्रमुख नाम हैं जो साउथ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियां हैं। गीता राधा एक ऐसे परिवार से नाता रखती थीं, जिसने दक्षिण भारतीय सिनेमा को कई स्टार दिए हैं। ऐसे में गीता राधा को अंतिम विदाई देने दक्षिण भारतीय सिनेमा की कई हस्तियां पहुंचीं और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मां के निधन से सदमे में राधिका सरथकुमार

राधिका सरथकुमार ने कुछ दिनों पहले ही अपनी मां के साथ अपना जन्मदिन मनाया था और एक ही महीने में उनके निधन ने उन्हें बड़ा आघात पहुंचाया है। राधिका ने अपनी मां के साथ अपनी कुछ तस्वीरों का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने मां के साथ बिताए खुशनुमा पलों की झलक दिखाई है। इस वीडियो से साफ होता है कि वह अपनी मां के कितने करीब थीं। उन्होंने पोस्ट के साथ फोल्डेड हैंड वाले इमोजी बनाते हुए अपनी मां को अंतिम विदाई दी है।

ये भी पढ़ेंः

 

Latest Bollywood News