राम और रावण के बीच होने वाला युद्ध केवल दो शक्तियों का संघर्ष नहीं, बल्कि धर्म और अधर्म के बीच निर्णायक टकराव की कहानी भी है। इस महागाथा में रावण की शक्ति, उसका अहंकार और उसके परिवार की भूमिका युद्ध को और भी दिलचस्प बनाती है। रावण के पुत्र मेघनाद, जिन्हें इंद्रजीत के नाम से भी जाना जाता है, रामायण के ऐसे ही अहम पात्र हैं, जिनकी वीरता, युद्ध कौशल और मायावी शक्तियां उन्हें लंका का सबसे शक्तिशाली योद्धा बनाती हैं। अब नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में इस महत्वपूर्ण किरदार को राघव जुयाल निभाते नजर आ रहे हैं। फिल्म की रिलीज के साथ ही उनके इस अवतार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिल्म को लेकर शानदार रिव्यू सामने आ रहे हैं।
मेघनाद के किरदार में राघव जुयाल का दमदार अंदाज
फिल्म 'रामायण' में राघव जुयाल का मेघनाद के रूप में नजर आना कहानी के उन पहलुओं की ओर ध्यान खींचता है, जो राम और रावण के संघर्ष को और व्यापक बनाते हैं। मेघनाद सिर्फ लंका के राजा का बेटा नहीं, बल्कि ऐसा योद्धा है, जिसकी युद्ध क्षमता से बड़े-बड़े प्रतिद्वंद्वी भी सावधान रहते हैं। उसके किरदार में वीरता, आक्रामकता, पिता के प्रति निष्ठा और अपने सामर्थ्य का अभिमान जैसे कई पहलू देखने को मिलते हैं। इसी भूमिका के साथ इस किरदार का परिचय कोई और नहीं बल्कि जटायू कराते हैं और अपने प्राण त्यागते हुए राम तो सचेत करते हुए कहते हैं कि वो रावण जितना बलवान है।
राघव की पहली झलक में उनका रौद्र अंदाज किरदार की गंभीरता और युद्ध के लिए तैयार एक योद्धा की छवि को सामने लाता है। मेघनाद को आप काले कपड़ों में एक महायज्ञ करते देखेंगे। राघव बिना कुछ बोले सिर्फ अपने एक्शन से ही पहले पार्ट में लाइमलाइट चुरा लेते हैं।
एक झलक में क्यों चर्चा में आए राघव?
राघव जुयाल को दर्शकों ने अब तक अलग-अलग तरह के किरदारों और अपनी खास स्क्रीन प्रेजेंस के लिए पहचाना है। ऐसे में मेघनाद जैसे गंभीर, आक्रामक और पौराणिक किरदार में उनका नजर आना उनके अभिनय सफर का एक दिलचस्प पड़ाव है। इस भूमिका में उनका लुक और रौद्र भाव उन्हें उनके पहले के कई चर्चित अवतारों से अलग पहचान देते हैं। 'रामायण' जैसी बड़े स्तर की फिल्म में हर पात्र की अपनी अहमियत है। रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में हैं, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं, जबकि यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इन प्रमुख पात्रों के बीच मेघनाद की मौजूदगी कहानी में युद्ध के तनाव और लंका की सैन्य शक्ति को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, लेकिन ये सब रामायण के दूसरे पार्ट में देखने को मिलेगा, जब राम लंकपति से युद्ध करने पहुंचेंगे।
डांस से एक्टिंग तक, राघव जुयाल की अलग पहचान
राघव जुयाल का यहां तक पहुंचने का सफर भी कम दिलचस्प नहीं है। उत्तराखंड के देहरादून में जन्मे राघव ने मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान डांस के जरिए बनाई। उन्हें खास तौर पर स्लो-मोशन डांस स्टाइल और मंच पर अपने अनोखे अंदाज के लिए लोकप्रियता मिली। डांस रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' से उन्हें देशभर में पहचान मिली और धीरे-धीरे उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी जगह मजबूत की।
इसके बाद राघव ने फिल्मों और अभिनय की ओर कदम बढ़ाए। उन्होंने 'एबीसीडी 2', 'स्ट्रीट डांसर 3डी' और 'किसी का भाई किसी की जान' जैसी फिल्मों में काम किया। वहीं, 'किल' में उनके अभिनय ने उनके भीतर मौजूद एक अलग तरह के कलाकार को सामने रखा। इस फिल्म में उनके गंभीर और खतरनाक अंदाज ने दर्शकों को उनके अभिनय की एक नई रेंज से परिचित कराया। इसके बाद एक्टर 'ग्यारा ग्यारा' और 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में भी दमदार अंदाज में नजर आए। अब अब 'रामायण' में मेघनाद का किरदार राघव के लिए एक और बड़ी चुनौती है। दूसरे पार्ट में उनका दिलचस्प अंदाज देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें: 'हे प्रभु, मेरी आंखों की रोशनी लौटा दो', 'हनुमान अंश' गायक सुनील लोधी का इलाज शुरू, पोस्ट देख भर आएंगी आंखें
Latest Bollywood News