Rajpal Yadav Bail Hearing Update: जेल में ही कटेंगी राजपाल यादव की चार और रातें, नहीं मिली कोई राहत, अगली सुनवाई पर टिकी उम्मीदें
Rajpal Yadav Bail Hearing Live Update: राजपाल यादव का दर्द उजागर होने के बाद उन्हें लगातार बॉलीवुड से साथ मिल रहा है। आज कोर्ट में केस की सुनवाई हुई। कोर्ट ने राजपाल यादव का पक्ष सुन लिया है। एक्टर को कोई राहत नहीं मिली है, अब अगली सुनवाई पर दूसरा पक्ष अपनी बात रखेगा।

Rajpal Yadav Bail Hearing Live Update: राजपाल यादव अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। सालों से वह हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं, लेकिन इस बार वह अपनी किसी फिल्म या किरदार को लेकर नहीं, बल्कि एक कानूनी मामले की वजह से सुर्खियों में हैं। खबर है कि अभिनेता तिहाड़ जेल में हैं। दरअसल यह मामला चेक बाउंस और कर्ज न चुकाने से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक राजपाल यादव पर एक वित्तीय लेन-देन का विवाद चल रहा था, जिसमें वह तय समय पर कर्ज की रकम अदा नहीं कर पाए। इस कारण मामला अदालत तक पहुंच गया। कोर्ट ने उन्हें कई अवसर दिए ताकि वह बकाया राशि चुका सकें, लेकिन बार-बार मोहलत मिलने के बावजूद भुगतान नहीं हो सका।
अदालत ने इसे गंभीरता से लेते हुए उन्हें डिफॉल्टर की श्रेणी में माना और छह महीने की सजा सुनाई। फैसले के बाद राजपाल यादव ने कोर्ट से कुछ और समय की मांग की, ताकि वह राशि की व्यवस्था कर सकें। हालांकि उनकी यह याचिका खारिज कर दी गई। अदालत का मानना था कि पहले ही पर्याप्त अवसर दिए जा चुके हैं और अब और देरी उचित नहीं होगी। इसके बाद अभिनेता ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जेल जाने से पहले एक पोर्टल को उन्होंने बताया कि जेल जाने के बजाय वह बकाया रकम क्यों नहीं चुका देते। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उनके पास भुगतान करने के लिए पैसे नहीं हैं और न ही इस समय उनकी मदद करने वाला कोई है।
यह मामला कैसे शुरू हुआ और इसकी पृष्ठभूमि क्या रही, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है। राजपाल यादव जैसे लोकप्रिय अभिनेता का इस तरह कानूनी संकट में फंसना इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों के लिए चौंकाने वाला है। फिलहाल आज इस मामले पर कोर्ट में सुनवाई शुरू हो चुकी है और उम्मीद की जा रही है कि उन्हें बेल मिल जाएगी। उनका परिवार बेसब्री से उनके बाहर आने का इंतजार कर रहा है। दरअसल परिवार में एक फंक्सन का आयोजन होना है, इसलिए घरवाले चाहते हैं वो जल्द से जल्द बाहर आएं। इसके अलावा एक्टर के भाई ने दावा किया है कि उन्हें कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है।
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्टर को फटकार लगाई है। इतना ही नहीं एक्टर ने भी अपना पक्ष रखा, उन्होंने बताया कि वो 3 करोड़ रुपये पहले ही दे चुके हैं। उन्होंने जमानत का कारण भी दिया, साथ पैसे चुकाने का वादा किया। सुनवाई फिलहाल खत्म हो गई है और कोर्ट ने साफ कर दिया है कि इस मामले में अभी राजपाल को कोई राहत नहीं मिलने वाली। उन्हें अभी जेल में ही अपनी रातें गुजारनी होंगी। कोर्ट शिकायतकर्ता का पक्ष सुनेगा और फिर फैसला सुनाएगा। अगली सुनवाई चार दिन बाद यानी सोमवार को होनी है।
Live updates : Rajpal Yadav Case Live Update: राजपाल यादव के लिए खड़ा हुआ टॉप सिंगर, बॉलीवुड से मिल रहा सपोर्ट, आज हो सकती है रिहाई
-
February 12, 2026 3:08 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
जानें कब होगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने केस सोमवार तक टाल दिया है। अब इस मामले पर सोमवार को सुनवाई होगी। आज कोर्ट ने एक पक्ष यानी राजपाल यादव के पक्ष को सुना। कोर्ट का कहना है कि दूसरी तरफ से बेल एप्लीकेशन पर जवाब फाइल किया जाए। कोर्ट ने शिकायतकर्ता को निर्देश दिया कि वे जवाब फाइल करें। दूसरे पक्ष के जवाब के बाद कोर्ट फैसला सुनाएगी। जज ने कहा- 'जब मैं फाइल देख रहा था तो बहुत सी ऐसी बातें थीं जिनके बारे में हमें पता भी नहीं था। उन्होंने पहले ऑर्डर को सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज किया है और सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कोई राहत नहीं दी। खैर, हम सोमवार को यह करेंगे।'
-
February 12, 2026 2:57 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
अनूप जलोटा भी करेंगे मदद
हाल ही में एक वीडियो बयान में अनूप जलोटा ने बताया कि कई फिल्म इंडस्ट्री के लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं, और वह भी अपने दोस्त के लिए 5 लाख रुपये दान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे अपने दोस्त राजपाल यादव की मुश्किलों के बारे में जानकारी मिली। वह फिलहाल जेल में हैं। जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और हमें अपने दोस्तों का साथ देना चाहिए। मुझे पता है कि कई लोग मदद के लिए आगे आए हैं। मैं भी उन्हें 5 लाख रुपये भेज रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि इससे उन्हें राहत मिलेगी।'
-
February 12, 2026 1:11 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
ब्रेक के बाद जारी रहेगी सुनवाई
अर्जी का विरोध करते हुए मुरली प्रोजेक्ट्स के वकील ने दलील दी कि बचाव पक्ष यह नहीं कह सकता कि पिछली कार्यवाही के दौरान उन्हें गुमराह किया गया था। उन्होंने बताया कि उस समय भी वरिष्ठ अधिवक्ता भास्कर उपाध्याय ही यादव की ओर से पेश हुए थे। अदालत ने अभिनेता के वकील को स्पष्ट निर्देशों के साथ दोबारा पेश होने को कहा और संकेत दिया कि यदि शेष रकम जमा कर दी जाती है तो मामले पर विचार किया जा सकता है। मामले की अगली सुनवाई दोपहर 2:30 बजे जारी रहेगी।
-
February 12, 2026 1:10 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
फैमिली में शादी के लिए मांग रहे जमानत
जज ने आगे टिप्पणी की, 'मुझे व्यक्तिगत तौर पर आपसे सहानुभूति हो सकती है, लेकिन कानून अपने तरीके से चलता है।' इस पर यादव के वकील ने कहा कि शेष राशि अदालत में सिक्योरिटी के रूप में जमा कराई जा सकती है। उन्होंने परिवार में शादी का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत की भी मांग की।
-
February 12, 2026 1:10 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
क्यों हुई देरी, बताएं राजपाल: HC
कोर्ट ने कहा, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि आपकी दलील क्या है। ट्रायल जज ने साफ कहा था कि सजा में दखल देने का कोई आधार नहीं है। उसके बाद आपने कहा कि आप समझौते की कोशिश करेंगे, मीडिएशन में गए और भुगतान का भरोसा दिया। सालों तक भुगतान नहीं किया। अब आप फिर से मामला खोलना चाहते हैं।' अदालत ने अभिनेता से देरी का स्पष्ट कारण बताने को कहा।
-
February 12, 2026 1:10 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
कितना बकाया
दिल्ली हाई कोर्ट यादव की इस दलील से सहमत नजर नहीं आया कि मामले में अब केवल 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी शेष है। अदालत ने भुगतान में हुई लंबी देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि रिवीजन कार्यवाही और मीडिएशन की कोशिशों के दौरान दिए गए आश्वासनों के बावजूद, यादव ने बकाया चुकाए बिना करीब 25-30 बार सुनवाई टलवाई।
-
February 12, 2026 1:09 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
पहले ही जमा कराए 3 करोड़
यादव के वकील ने दलील दी कि अभिनेता ने पहले ही विवाद सुलझाने की इच्छा जताई थी और अदालत को दिए गए अपने “वचन का सम्मान” करते हुए सरेंडर किया था। उन्होंने बताया कि फिल्म प्रोजेक्ट में लगाए गए 5 करोड़ रुपये में से 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही अदा की जा चुकी है, जबकि शेष 2.10 करोड़ रुपये भी जमा करा दिए जाएंगे।
बचाव पक्ष ने अदालत को यह भी अवगत कराया कि यादव को फिल्म इंडस्ट्री के सदस्यों और आम लोगों से आर्थिक सहायता मिल रही है।
-
February 12, 2026 1:00 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
क्यों मिली सजा, हाई कोर्ट ने लगाई फटकार
दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को अभिनेता राजपाल यादव की उस याचिका पर कड़ी टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने फिल्म फाइनेंसिंग से जुड़े चेक बाउंस मामले में भुगतान की बात स्वीकार की थी और अपना अपराध कबूल किया था। अदालत ने कहा कि यादव ने पहले अपनी देनदारी मानी थी और रकम चुकाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन कई वर्षों तक उन्होंने भुगतान नहीं किया। कोर्ट ने सवाल उठाते हुए कहा, 'आपको सजा इसलिए सुनाई गई क्योंकि आपने अपराध स्वीकार किया और भुगतान करने की बात मानी। अब सजा मिल जाने के बाद आप उसे निलंबित करने की मांग कर रहे हैं?'
-
February 12, 2026 12:53 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
शुरू हुई सुनवाई
राजपाल यादव के केस पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है। अब से कुछ ही देर में फैसला आ जाएगा और ये तय हो जाएगा कि एक्टर को बेल मिल पाएगी या नहीं।
-
February 12, 2026 12:38 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
कहां है राजपाल की पत्नी?
राजपाल यादव से जुड़े चेक बाउंस मामले की आज दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है। उन पर 9 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है, जिसे लेकर कानूनी कार्यवाही जारी है। इसी बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि उनकी पत्नी राधा इस समय कहां हैं- दिल्ली में या मुंबई में? रिपोर्ट्स में मिली जानकारी के मुताबिक राधा फिलहाल दिल्ली में ही मौजूद हैं।
-
February 12, 2026 12:10 PM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
FWICE ने की अपील
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने सभी प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, आर्टिस्ट, टेक्नीशियन, एसोसिएशन और शुभचिंतकों से अपील की है कि वे श्री राजपाल यादव को उनकी देनदारियों को सुलझाने और उनकी आजeदी, सम्मान और मन की शांति वापस पाने में मदद करने के लिए अपना नैतिक और फाइनेंशियल सपोर्ट दें।
-
February 12, 2026 11:14 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
राजपाल यादव के भाई का नया दावा
श्रीपाल यादव ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, 'अगर वास्तव में किसी ने मदद की है, तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि पैसा कहां दिया गया। जो लोग राजपाल का अकाउंट संभालते हैं, उन्होंने भी किसी आर्थिक सहायता मिलने की पुष्टि नहीं की है। अगर किसी ने सच में मदद की है, तो परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली? परिवार हमेशा मदद करने वालों का आभारी रहेगा, लेकिन अभी सिर्फ सोशल मीडिया पर बयानबाजी दिखाई दे रही है और अगर ऐसा ही है तो यह गलत है।'
-
February 12, 2026 11:04 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
राजपाल की कानूनी स्थिति पर भाई का नजरिया
श्रीपाल ने यह भी स्पष्ट किया कि राजपाल यादव ने अपनी एक फिल्म में निवेश किया था और उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वे साबित करेंगे कि उन्होंने कोई लोन नहीं लिया। श्रीपाल यादव के अनुसार, 'राजपाल ने कुछ इन्वेस्टमेंट से जुड़े कागजों पर साइन किए थे। फिल्म के फ्लॉप होने के बाद उन दस्तावेजों के आधार पर उनसे निवेश की मांग की गई।' वर्तमान समय में श्रीपाल यादव की बेटी की शादी की तैयारियां चल रही हैं और परिवार उम्मीद कर रहा है कि इस खास मौके पर राजपाल यादव उनके साथ होंगे। परिवार के अनुसार उनके आने से इस अवसर पर खुशी और उत्साह और बढ़ जाएगा।
-
February 12, 2026 10:55 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
राजपाल के भाई का पक्ष
NDTV से बातचीत में राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने मामले पर अपना नजरिया साझा किया। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि जो जानकारी मीडिया में आ रही है, वह पूरी तरह सही है। वह मेरा छोटा भाई है; हम एक ही घर में बड़े हुए और हमेशा साथ रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि वह कभी किसी से मदद मांगने जैसा कदम उठाएंगे। अगर वह किसी मुश्किल में भी होते, तो वह खुद ही इसका सामना करते।' जेल जाने से पहले उनके साथ हुई आखिरी बातचीत के बारे में श्रीपाल यादव ने बताया कि राजपाल ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि वह जल्दी ही घर लौट आएंगे। उन्होंने कहा, 'उन्होंने मुझे फोन किया और कहा, ‘किसी भी बात की चिंता मत करो। मुझे सिर्फ एक दिन के लिए कोर्ट जाना है और कुछ कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं।’
-
February 12, 2026 10:39 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
राजपाल के परिवार में होने वाला है जश्न
मैनेजर ने परिवार की मानसिक स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस समय परिवार को मजबूत बने रहने की जरूरत है। 'मेंटली, परिवार को स्ट्रॉन्ग रहना होगा। राजपाल भाई खुद बहुत मजबूत इंसान हैं और यही मजबूती उनके परिवार में भी दिखाई देती है,' गोल्डी ने कहा। उन्होंने यह भी बताया कि घर में इस समय कई पारिवारिक कार्यक्रम और सेलिब्रेशन तय हैं। फरवरी के आखिर में कुछ फैमिली फंक्शन भी हैं और सभी की यही इच्छा है कि राजपाल यादव तब तक रिहा होकर घर लौट आएं। गोल्डी ने आगे जानकारी दी कि राजपाल यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई अगले दिन होनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अदालत से उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा, 'कल बेल हियरिंग है और हमें उम्मीद है कि राजपाल भाई को जमानत मिल जाएगी और वह रिहा हो जाएंगे।'
-
February 12, 2026 10:22 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
बिजनेसमैन ने भी किया एक्टर को सपोर्ट
राजपाल यादव के लिए अब फिल्म इंडस्ट्री के समर्थन के बाद ब्यूटी सर्विसेज कंपनी ‘येस मैडम’ के सीईओ मयंक आर्य ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। मयंक आर्य ने सोनू सूद के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि वे सोनू की बात से पूरी तरह सहमत हैं और राजपाल यादव को सहयोग देने के लिए कदम उठा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि राजपाल यादव अब येस मैडम की एक एड फिल्म का हिस्सा बनेंगे। साथ ही मयंक आर्य ने अपनी टीम को इस प्रोजेक्ट पर तुरंत काम शुरू करने के निर्देश भी दे दिए हैं। इससे यह साफ हो गया है कि अभिनेता के समर्थन में उद्योग और ब्रांड्स भी आगे आ रहे हैं।
-
February 12, 2026 10:11 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
कब शुरू होगी सुनवाई, जानें टाइम
अभिनेता राजपाल यादव इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन पर करीब नौ करोड़ रुपये का बकाया कर्ज है, जिसे चुकाने के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। आर्थिक विवाद से जुड़े इस केस में उन्हें छह महीने की सजा सुनाई जा चुकी है, जिसके बाद उन्होंने सरेंडर किया था। आज यानी 12 फरवरी को उनके मामले की सुनवाई दिल्ली हाई कोर्ट में होनी है। जानकारी के मुताबिक कोर्ट में दोपहर करीब एक बजे केस पर सुनवाई निर्धारित है। इस सुनवाई को लेकर उनके परिवार और प्रशंसकों की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं।
फैंस को उम्मीद है कि आज की सुनवाई में उन्हें राहत मिल सकती है। सोशल मीडिया पर भी उनके समर्थक लगातार उनके पक्ष में प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और जल्द रिहाई की कामना कर रहे हैं। अब देखना होगा कि हाई कोर्ट इस मामले में क्या रुख अपनाता है और आगे की कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में बढ़ती है।
-
February 12, 2026 10:00 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
नवाज को किया गया था ट्रोल
नवाजुद्दीन को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। जब लोगों को पता चला की राजपाल को आर्थिक तंगी के चलते जेल जाना पड़ा तो लोग उनके पुराने जिग्री दोस्त को ट्रोल करने लगे। लोगों ने सोच लिया कि वो उन्हें सपोर्ट नहीं कर रहे। बाद में सूत्रों के हवाले से खबर सामने आई कि नवाज, राजपाल के लिए पहाड़ की तरह खड़े हैं और वो इन बातों को सार्वजनिक नहीं करना चाहते। उनका मानना है कि कुछ संबंध पर्सनल होते हैं।
विस्तार से जानने के लिए पढ़ें ये खबर
-
February 12, 2026 9:52 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
नवाजुद्दीन भी खड़े हैं साथ
बता दें, बीते दिन खबर सामने आई कि एक्टर को उनके करीबी दोस्त नवाजुद्दीन सिद्दीकी से भी सपोर्ट मिला है। एक्टर पहले भी उनकी मदद करते हैं। कुछ दिनों पहले भी उन्होंने 10 लाख रुपये दिए थे। दोनों के बीच पुराना और गहरा रिश्ता है। फिल्मों में आने के लिए दोनों ने लंबी स्ट्रगल की थी और ये स्ट्रगल के दिन साथ गुजरे थे। शुरुआती दिनों में राजपाल ने नवाज की काफी मदद की थी और वो इसे कभी नहीं भूले और आज एक्टर के साथ खड़े हैं।
-
February 12, 2026 9:44 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
राजपाल की पत्नी ने बॉलीवुड को कहा थैक्यू
PTI से बात करते हुए राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने कहा, 'हर कोई उनके साथ खड़ा रहा है। इंडस्ट्री ने उन्हें सपोर्ट किया है। मदद के लिए आगे आने वाले सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद।' बता दें, राधा यादव उस फिल्म की प्रोड्यूसर थीं जिसे बनाने के लिए राजपाल यादव ने 5 करोड़ का लोन लिया था। फिल्म का नाम अता पता लापता है।
-
February 12, 2026 9:42 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
मीका सिंह ने बढ़ाया मदद का हाथ
सिंगर मीका सिंह ने भी वीडियो जारी करके 11 लाख रुपये की मदद करने का ऐलान किया है। अपने इस पोस्ट के कैप्शन में मीका सिंह ने लिखा, 'अपनी पोस्ट के बाद मैं सच में बहुत खुश और गर्व महसूस कर रहा हूँ। सबको एक साथ आते देखना बहुत अच्छा लग रहा है, यही हमारी इंडस्ट्री की एकता है। लेकिन मेरी एक छोटी सी रिक्वेस्ट है कि प्लीज सिर्फ अनाउंसमेंट पोस्ट न करें। आइए पक्का करें कि हम सच में कंट्रीब्यूट करें और इसे पूरा करें। बहुत से लोग पूछ रहे हैं कि पैसे कहां भेजें। आइए इसे ठीक से और ट्रांसपेरेंट तरीके से ऑर्गनाइज करें ताकि सब कुछ सीधे सही जगह पर जाए। सपोर्ट सिर्फ बातों के बारे में नहीं है, यह एक्शन के बारे में है। आइए हम सब एक साथ खड़े हों और इसे सही तरीके से करें।'
-
February 12, 2026 9:37 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
सलमान खान, अजय देवगन का मिला साथ
राजपाल यादव के जेल जाने की खबर के बीच उनके मैनेजर गोल्डी का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री से कई बड़े नाम अभिनेता की मदद के लिए आगे आए हैं। गोल्डी ने कहा कि इस मुश्किल समय में राजपाल यादव को इंडस्ट्री का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया, 'बहुत से लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे एक्टर्स ने अपना सपोर्ट दिया है। अभी मेरी डेविड धवन से भी बात हुई है, उन्होंने भी मदद की बात कही है। रतन जैन और वरुण धवन समेत कई लोग इस बार उनके साथ खड़े हैं। राजपाल इस सपोर्ट की बहुत सराहना कर रहे हैं।'
हालांकि जब उनसे यह पूछा गया कि क्या राजपाल यादव ने सरेंडर करने से पहले इन लोगों से मदद मांगी थी, तो उन्होंने इस पर सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। गोल्डी ने सिर्फ इतना कहा कि जब अभिनेता की स्थिति गंभीर हुई, तब इंडस्ट्री मजबूती से उनके साथ खड़ी नजर आई। उन्होंने आगे कहा कि मदद का आश्वासन तो मिल गया है, लेकिन आर्थिक लेन-देन जैसी प्रक्रियाएं तुरंत पूरी नहीं हो पातीं। उन्होंने स्पष्ट किया, 'सबने कमिटमेंट किए हैं, लेकिन ऐसे ट्रांजैक्शन रातों-रात नहीं होते। इसमें समय लगता है।'
-
February 12, 2026 9:35 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
राजपाल यादव को मिला बॉलीवुड का सपोर्ट
जैसे ही ये बयान वायर हुआ, बॉलीवुड से उन्हें लोगों का सपोर्ट मिलने लगा। सबसे पहले सोनू सूद आगे आए और मदद का हाथ बढ़ाया, उन्होंने बाकी साथियों से भी आगे आकर मदद करने की अपील की, जिसके बाद गुरु रंधावा, केआरके, गुरमीत चौधरी जैसे सितारे सामने आए और एक्टर खुलेआम सोशल मीडिया पर सपोर्ट करते दिखे। कई बड़े और दिग्गज नाम भी अब इस लिस्ट में जुड़ गए हैं। एक्टर के मैनेजर ने भी मिल रहे समर्थन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
-
February 12, 2026 9:31 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
जेल जाने से पहले राजपाल ने कही थी ये बात, अब हुई वायरल
अभिनेता राजपाल यादव का इमोशनल बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से ठीक पहले दिया गया उनका यह बयान न सिर्फ उनके फैंस बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को भावुक कर गया। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक राजपाल यादव ने खराब आर्थिक स्थिति को लेकर खुलकर दर्द बयां किया था। जब उनसे उनकी कानूनी परेशानियों के बारे में सवाल किया गय तो उन्होंने बेहद बेबसी भरे लहजे में कहा, 'सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा।' उनका यह बयान उस मानसिक और आर्थिक दबाव को दर्शाता है, जिससे वह लंबे समय से गुजर रहे थे। राजपाल यादव के इस इमोशनल बयान ने उनके संघर्ष और अकेलेपन की कहानी को उजागर कर दिया। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने अपने करीबी दोस्तों या इंडस्ट्री में मौजूद परिचितों, जैसे मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन से मदद क्यों नहीं मांगी तो उनका जवाब और भी ज्यादा चौंकाने वाला था। उन्होंने कहा, 'सर, यहां हम सब अकेले हैं। कोई दोस्त नहीं होता। मुझे इस मुश्किल का सामना खुद ही करना होगा।'
-
February 12, 2026 9:28 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
क्यों सुनाई गई सजा?
अक्टूबर 2025 तक राजपाल यादव ने दो डिमांड ड्राफ्ट के जरिए करीब ₹75 लाख की राशि जमा की। इसके बावजूद अधिकांश रकम अब भी बकाया थी। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ, चाहे वह सेलिब्रिटी ही क्यों न हो, हमेशा नरमी नहीं बरती जा सकती। 4 फरवरी 2026 को राजपाल यादव ने फंड जुटाने के लिए एक हफ्ते की अतिरिक्त मोहलत मांगी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया। जज ने यह भी उल्लेख किया कि अभिनेता पहले लगभग 20 बार अपने वादों और कमिटमेंट को पूरा करने में असफल रहे हैं। अगले दिन 5 फरवरी 2026 को उनके वकील ने अदालत में ₹25 लाख का नया चेक और एक संशोधित भुगतान योजना पेश की। हालांकि कोर्ट ने इसे पर्याप्त नहीं माना और सरेंडर ऑर्डर वापस लेने से इनकार कर दिया। 5 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे राजपाल यादव ने अपनी छह महीने की सजा काटने के लिए तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
-
February 12, 2026 9:26 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
6 महीने की जेल की सजा
समय बीतने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति और भी बिगड़ती चली गई। जून 2024 में कोर्ट ने उनकी सजा को अस्थायी रूप से निलंबित करते हुए उन्हें बकाया राशि चुकाने के लिए ठोस और ईमानदार प्रयास करने का निर्देश दिया। इस दौरान ब्याज और अन्य देनदारियों को जोड़कर कुल बकाया राशि बढ़कर करीब ₹9 करोड़ तक पहुंच गई। हालांकि अदालत ने उन्हें भुगतान के लिए पर्याप्त समय दिया, लेकिन तय समयसीमा में पूरी राशि जमा नहीं हो सकी। इससे अदालत का रुख सख्त होता गया। बता दें, इस मामले में वो पहले भी दो बार चंद दिनों के लिए जेल जा चुके हैं।
-
February 12, 2026 9:25 AM (IST) Posted by Jaya Dwivedie
क्या है पूरा मामला
राजपाल यादव की कानूनी परेशानियों की जड़ें साल 2010 तक जाती हैं। उस समय उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ (2012) के निर्माण के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से लगभग ₹5 करोड़ का लोन लिया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी, जिसके कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। फिल्म की असफलता का सीधा असर कर्ज चुकाने की उनकी क्षमता पर पड़ा और यहीं से विवाद की शुरुआत हुई। लोन की राशि तय समय पर वापस न कर पाने के कारण मामला कानूनी रूप लेता चला गया।
शिकायतकर्ता को दिए गए सात चेक बाउंस हो गए, जिसके बाद केस अदालत में पहुंचा। अप्रैल 2018 में एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा यादव को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने उन्हें छह महीने की साधारण जेल की सजा सुनाई। इस फैसले को 2019 की शुरुआत में सेशन कोर्ट ने भी बरकरार रखा, जिससे अभिनेता की मुश्किलें और बढ़ गईं। इसके बाद राजपाल यादव ने दिल्ली हाई कोर्ट में रिवीजन पिटीशन दायर की, लेकिन उन्हें सीमित राहत ही मिल सकी।